मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क में 23 अप्रैल को नर चीते उदय की मौत हुई थी (African cheetah Uday dies in Kuno National Park). सोमवार, 24 अप्रैल को भोपाल वन विहार की टीम ने कूनो पहुंचकर उसका पोस्टमार्टम किया. पीएम रिपोर्ट में चीते की मौत की वजह कार्डियक अरेस्ट यानी हार्ट अटैक बताई गई है.
चीते उदय की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई, क्या पता लगा?
अफ्रीकी चीते उदय की अचानक मौत हो गई थी


हिन्दुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक मध्य प्रदेश के प्रधान मुख्य वन संरक्षक (पीसीसीएफ) जेएस चौहान ने बताया,
“शुरूआती पोस्टमार्टम (पीएम) रिपोर्ट में मौत का कारण कार्डियोपल्मोनरी विफलता (कार्डियक अरेस्ट) बताया गया है. चीता के स्वास्थ्य बिगड़ने से जुड़ी अन्य वजहों को जानने के लिए विस्तृत पीएम रिपोर्ट और ब्लड टेस्ट रिपोर्ट का इंतजार है."
इससे पहले जेएस चौहान ने बताया था कि 18 फरवरी को दक्षिण अफ्रीका से कूनो आया चीता उदय 22 अप्रैल तक बिल्कुल ठीक लग रहा था. 23 अप्रैल की सुबह वन विभाग की टीम ने देखा कि उदय की तबीयत खराब लग रही है. उसे ट्रैंकुलाइज कर मेडिकल सेंटर लाया गया. फिर शाम करीब 4 बजे इलाज के दौरान ही उदय की मौत हो गई.
वीडियो में दिखा चीता!चीते की मौत के बाद एक वीडियो भी सामने आया है. दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो कूनो नेशनल पार्क के बाड़े का है. इस वीडियो में चीता गर्दन झुकाकर चल रहा है. कुछ कदम चलने के बाद वह जमीन पर गिर जाता है. वीडियो किसी CCTV कैमरे का लग रहा है. इस वीडियो को लेकर पीसीसीएफ जेएस चौहान का कहना है कि इस तरह का वीडियो उनकी तरफ से न तो बनाया गया है, और न ही जारी किया गया है.
इससे पहले मादा चीता साशा की मौत हुई थी. साशा भारत लाए जाने से पहले ही किडनी की बीमारी से पीड़ित थी. 23 जनवरी को शासा में थकान और कमजोरी के लक्षण दिखे, जिसके बाद उसे इलाज के लिए क्वारंटीन बाड़े में भेज दिया गया. 26 मार्च को साशा की मौत हो गई.
18 फरवरी को दक्षिण अफ्रीका से 12 चीते लाए गए थे. पिछले साल 17 सितंबर में नामीबिया से आठ चीते भारत आए थे.
वीडियो: पीएम मोदी ने नामीबिया से आए जिस चीता को कूनो में छोड़ा उसकी मौत कैसे हो गई?


















