“आज उसने मेरा दम घोंट कर मारने की कोशिश की. उसने मुझे डराया और ब्लैकमेल किया कि वह मुझे मार डालेगा, मुझे टुकड़े-टुकड़े करके फेंक देगा. 6 महीने से वो मुझे पीट रहा है.”
ये शिकायत श्रद्धा वालकर (Shraddha Walkar) की थी. आफताब के खिलाफ 2 साल की शिकायत. श्रद्धा वालकर ने आफताब अमीन पूनावाला (Aaftab Amin Poonawala) के खिलाफ महाराष्ट्र के तुळींज पुलिस स्टेशन में शिकायत की थी. आज से 2 साल पहले 23 नवंबर, 2020 को. आजतक के दिव्येश सिंह की रिपोर्ट के मुताबिक श्रद्धा ने शिकायत में लिखा था कि उसे आफताब से जान का खतरा है. जैसा कि श्रद्धा ने अपनी शिकायत में लिखा था, मई 2022 में पूरे हत्याकांड को वैसे ही अंजाम दिया गया.
‘वो मुझे मार डालेगा, मुझे टुकड़े-टुकड़े करके फेंक देगा’
श्रद्धा ने अपनी शिकायत में लिखा था,
"आफताब अमीन पूनावाला मेरे साथ गाली गलौज करता है और मुझे मारा करता है. आज उसने मेरा दम घोंट कर मारने की कोशिश की. उसने मुझे डराया और ब्लैकमेल किया कि वो मुझे मार डालेगा, मुझे टुकड़े-टुकड़े करके फेंक देगा. 6 महीने हो गए हैं, वो मुझे पीट रहा है लेकिन मुझमें पुलिस के पास जाने की हिम्मत नहीं थी क्योंकि वो मुझे जान से मारने की धमकी देता था. उसके माता-पिता जानते हैं कि वह मुझे पीटता है और उसने मुझे जान से मारने की कोशिश की. वो जानते हैं कि हम साथ रह रहे हैं और वे हफ्ते के आखिर में आते हैं. मैं आज तक उसके साथ रही क्योंकि हम जल्द ही शादी करने वाले थे. अब मैं उसके साथ नहीं रहना चाहती.
श्रद्धा वालकर ने 2 साल पहले पुलिस से आफताब अमीन पूनावाला की शिकायत की थी.
श्रद्धा ने आगे लिखा था कि अगर उसे कुछ भी होता है, तो इसका जिम्मेदार आफताब होगा. श्रद्धा की शिकायत के मुताबिक आफताब ने उसे धमकी दी थी कि अगर वो उसे कहीं भी देखेगा, तो नुकसान पहुंचाएगा. वो उसे जान से मारने की धमकी दिया करता था.
श्रद्धा वालकर मर्डर केस, मई 2022 में आफताब ने की हत्या
मुंबई की श्रद्धा वालकर आफताब के साथ दिल्ली के महरौली में एक फ्लैट में लिव इन में रह रही थी. आरोप है कि आफताब ने 18 मई को श्रद्धा की गला दबाकर हत्या कर दी थी. आफताब ने इसके बाद श्रद्धा के शव के 35 टुकड़े किए. उसने टुकड़ों को रखने के लिए एक फ्रिज भी खरीदा था. आफताब ने श्रद्धा के शव के टुकड़ों को फ्रिज में रखा था. वह रोज रात में शव के टुकड़े को महरौली के जंगल में फेंकने जाता था. उसने ऐसा करीब 20 दिन तक किया.
वीडियो- दी लल्लनटॉप शो: श्रद्धा मर्डर केस में आरोपी आफताब ने कोर्ट में क्या बताया?