अमेरिकी महिला पत्रकार शैली किटलसन (Shelly Kittleson) को इराक की राजधानी बगदाद से कथित तौर पर किडनैप कर लिया गया. मंगलवार, 31 मार्च को कुछ अज्ञात लोग उन्हें जबरदस्ती कार में बिठाकर ले गए. इनमें से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य की धरपकड़ जारी है. शैली किटलसन एक इंडिपेंडेंट जर्नलिस्ट हैं. उन्होंने इराक, अफगानिस्तान और पूरे वेस्ट एशिया समेत दुनिया के कुछ सबसे खतरनाक इलाकों से कई सालों तक रिपोर्टिंग की है.
शैली किटलसन कौन हैं? ISIS के गढ़ में घुसकर की रिपोर्टिंग, अब इराक में हुईं किडनैप
Shelly Kittleson को एक दमदार रिपोर्टर के तौर पर जाना जाता है, जो सीधे मैदान में उतरकर खबर निकालती हैं. इस बार वे इराक पहुंची थीं, US-Israel और Iran के बीच चल रहे युद्ध की ग्राउंड रियलिटी चेक करने और जमीन पर उसका असर दिखाने.


इराक के गृह मंत्रालय ने भी कंफर्म किया कि एक विदेशी पत्रकार को अज्ञात लोगों ने किडनैप कर लिया है. घटना का एक कथित वीडियो सामने आया है. इराकी न्यूज एजेंसी (INA) को मिले गृह मंत्रालय के एक बयान में कहा गया,
"आज शाम (मंगलवार, 31 मार्च), एक विदेशी पत्रकार को अनजान लोगों ने किडनैप कर लिया... पीछा करने और ट्रैकिंग ऑपरेशन करने पर किडनैपर्स की एक गाड़ी पकड़ी गई, जो भागने की कोशिश में पलट गई. सिक्योरिटी फोर्स एक संदिग्ध को गिरफ्तार करने और किडनैपिंग में इस्तेमाल की गई एक गाड़ी को जब्त करने में कामयाब रहे."
मंत्रालय ने पुष्टि की कि इस जुर्म में शामिल बाकी लोगों को ट्रैक करने, किडनैप हुई पत्रकार की रिहाई पक्की करने और आरोपियों के खिलाफ कानून के मुताबिक सभी जरूरी कानूनी कदम उठाने की कोशिशें जारी हैं. एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. माना जा रहा है कि इसमें शैली किटलसन के अपहरण की घटना कैद है. सऊदी अरब के चैनल अल अरबिया ने इस वीडियो को शेयर किया है.
वीडियो फुटेज में दिखता है कि एक महिला अल-सादून स्ट्रीट पर बगदाद होटल के पास सड़क किनारे खड़ी है, तभी एक कार आकर रुकती है. वीडियो में कई लोग उस महिला की ओर बढ़ते हुए और उसे जबरदस्ती कार में बिठाकर, तेजी से उस जगह से दूर जाते हुए दिखाई देते हैं.
अमेरिकी विदेश विभाग में ग्लोबल पब्लिक अफेयर्स के असिस्टेंट सेक्रेटरी डायलन जॉनसन ने X पर लिखा,
"अमेरिकी विदेश विभाग को इराक के बगदाद में एक अमेरिकी पत्रकार के किडनैप होने की खबर मिली है. विदेश विभाग ने पहले ही इन्हें (शैली किटलसन) उनके खिलाफ खतरों के बारे में चेतावनी देने की जिम्मेदारी निभाई है और हम FBI (फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन) के साथ कोऑर्डिनेट करते रहेंगे, ताकि उनकी जल्द से जल्द रिहाई पक्की हो सके."

उन्होंने आगे लिखा,
"ईरान से जुड़े मिलिशिया ग्रुप कताइब हिजबुल्लाह से जुड़े एक व्यक्ति को इराकी अधिकारियों ने कस्टडी में ले लिया है, जिस पर किडनैपिंग में शामिल होने का शक है. इराक अभी भी लेवल 4 ट्रैवल एडवाइजरी पर है और अमेरिकियों को सलाह दी जाती है कि वे किसी भी वजह से इराक न जाएं और अभी इराक छोड़ दें. विदेश विभाग सभी अमेरिकियों, जिनमें प्रेस के सदस्य भी शामिल हैं, को सभी ट्रैवल एडवाइजरी का पालन करने की कड़ी सलाह देता है."
पत्रकारों की भलाई के लिए काम करने वाले ग्रुप 'कमेटी टू प्रोटेक्ट जर्नलिस्ट्स' (CPJ) ने शैली किटलसन के अपहरण पर चिंता जताई है. CPJ ने एक बयान जारी करते हुए इराक सरकार से किटलसन की सुरक्षित रिहाई और मुजरिमों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. CPJ की मिडिल ईस्ट की रीजनल डायरेक्टर सारा कुदाह ने कहा,
"CPJ इराकी अधिकारियों से अपील करता है कि वे शैली किटलसन का पता लगाने, उनकी तुरंत और सुरक्षित रिहाई सुनिश्चित करने और इसके लिए जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराने के लिए अपनी पूरी ताकत का इस्तेमाल करें."

शैली किटलसन को एक दमदार रिपोर्टर के तौर पर जाना जाता है, जो सीधे मैदान में उतरकर खबर निकालती हैं. इस बार वे इराक पहुंची थीं, अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध की ग्राउंड रियलिटी चेक करने और जमीन पर उसका असर दिखाने.
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, इनका काम कई बड़े-बड़े इंटरनेशनल प्लेटफॉर्म्स पर छप चुका है, जैसे Al मॉनिटर, फॉरेन पॉलिसी, BBC, पॉलिटिको और न्यू लाइंस मैगजीन. शैली किटलसन फ्रंटलाइन पर जाकर रिपोर्टिंग करती हैं. इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक एंड सीरिया (ISIS) के खिलाफ लड़ाई के दौरान भी इन्होंने वहीं से रिपोर्टिंग की थी.
किटलसन ने इराक में ईरान समर्थित मिलिशिया ग्रुप्स पर भी गहरी पड़ताल की है. लेकिन, इराक में जर्नलिस्ट्स के लिए ये खतरा नया नहीं है. मार्च 2023 में भी एक मामला हुआ था. रूसी और इजरायली रिसर्चर एलिजाबेथ त्सुरकोव को बगदाद के एक कैफे से किडनैप कर लिया गया था. कताइब हिजबुल्लाह मिलिशिया ग्रुप ने उन्हें करीब 903 दिन तक बंधक बनाए रखने के बाद छोड़ा.
वीडियो: ईरान की धमकी, गूगल, ऐपल, टेस्ला, माइक्रोसॉफ्ट को बनाएगा निशाना




















