The Lallantop

पुतिन की बुराई करता था, भारत में होटल से गिरकर मर गया!

इसी होटल में दो दिन पहले उनके साथी की भी मौत हुई थी.

Advertisement
post-main-image
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और पावेल एंतोव (फोटो- रॉयटर्स/ट्विटर)

रूस के सबसे अमीर नेताओं में एक और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के आलोचक पावेल एंतोव (Pavel Antov) की भारत में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पावेल एंतोव ओडिशा के रायगढ़ के एक होटल में मृत पाए गए. एंतोव कुछ साथियों के साथ छुट्टी मनाने भारत आए थे. रायगढ़ होटल में वो अपना 65वां जन्मदिन मना रहे थे. ओडिशा पुलिस ने बताया है कि एंतोव की मौत होटल के तीसरे फ्लोर से गिरने के कारण हुई. बड़ी बात ये है कि दो दिन पहले इसी होटल में एंतोव की पार्टी के ही एक और सदस्य व्लादिमीर बुडानोव की संदिग्ध रूप से मौत हुई थी.

Advertisement
दोनों के शव को दफना दिया

समाचार एजेंसी ANI की रिपोर्ट के मुताबिक, रायगढ़ के एसपी विवेकानंद शर्मा एंतोव की मौत की जांच कर रहे हैं. 25 दिसंबर को एंतोव होटल में मृत पाए गए थे. एसपी ने बताया कि परिवार की अनुमति से अधिकारियों ने उनके शव को दफना दिया. रिपोर्ट के अनुसार 21 दिसंबर को एंतोव और व्लादिमीर समेत 4 टूरिस्ट इस होटल में चेक-इन किए थे. सभी कंधमाल जिले के दरिंगबाड़ी में घूमने के बाद यहां पहुंचे थे.

एसपी विवेकानंद ने बताया कि 22 दिसंबर की सुबह व्लादिमीर बुडानोव की मौत हुई थी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि उनकी मौत हार्ट अटैक के कारण हुई थी. अधिकारियों ने उनके शव को भी दफना दिया था. एसपी की माने तो अपने दोस्त के निधन के बाद पावेल एंतोव डिप्रेशन में थे. होटल में एंतोव और व्लादिमीर के साथ ठहरे दो लोगों को जांच पूरी होने तक रुकने को कहा गया है.

Advertisement
रूसी दूतावास ने क्या कहा?

रूसी दूतावास ने इन दोनों संदिग्ध मौत पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है. हालांकि NDTV से बातचीत में दूतावास के अधिकारी ने कहा कि ओडिशा पुलिस को इन मौतों के पीछे कोई आपराधिक लिंक नहीं मिला है. दूतावास ने बताया, 

"ओडिशा में हुई घटना के बारे में हमें पता है, जहां हमारे दो नागरिकों की मौत हुई है. पावेल एंतोव व्लादिमीर ओब्लास्ट लेजिस्लेटिव असेंबली के सदस्य थे. हम उनके परिवार और स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में हैं."

पावेल एंतोव ने यूक्रेन में रूस के 'विशेष सैन्य अभियान' की आलोचना की थी. यूक्रेन पर रूसी हमले और राजधानी कीव पर एयरस्ट्राइक को एंतोव ने 'आतंकी कृत्य' बताया था. हालांकि बाद में उन्होंने अपना बयान वापस लेते हुए माफी मांग ली थी.

Advertisement

वीडियो: रूस-यूक्रेन युद्ध: पुतिन ने ऐसा क्या कहा कि दुनिया शांति की उम्मीद करने लगी?

Advertisement