The Lallantop

तेजस्वी ने क्रिश्चियन लड़की से शादी की, मामा साधु यादव 'हिन्दू-यादव' करने लगे

साधु यादव को तेजप्रताप ने कायदे से सुनाया है.

Advertisement
post-main-image
तेजस्वी यादव की शादी में मौजूद तेज प्रताप यादव और उनके मामा साधु यादव (दाएं)- फोटो तेज प्रताप के ट्विटर हैंडल से.
बिहार में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने 9 दिसंबर को दिल्ली में अपनी दोस्त रेचेल से शादी कर ली. शादी के बाद रेचेल अब राजेश्वरी यादव हो गई हैं. इस शादी से तेजस्वी यादव के मामा साधु यादव बहुत नाराज हैं. शादी के बाद से वो लगातार बयानबाजी कर रहे हैं. तेजस्वी की पत्नी को लेकर भी उन्होंने कई तरह की बातें कही हैं. बताया जा रहा है कि शादी में नहीं बुलाए जाने से साधु यादव बहुत नाराज हैं. उनका एक वीडियो भी वायरल है, जिसमें वो कहते हैं,
बिहार में शादी क्यों नहीं की. इसलिए ऐसे लोगों से सतर्क रहने की जरूरत है. बिहार के यदुवंशी भाइयों और हिन्दू भाइयों से अपील है, इसका बहिष्कार करो.
इतना ही नहीं साधु यादव ने बिहार आरजेडी के अध्यक्ष जगदानंद को भी भला-बुरा कहा. साधु यादव ने कहा कि उन्हें किसने हमारे जमात में बोलने का अधिकार दिया है. डंडा मारकर ठीक कर दिया जाएगा. साधु यादव ने कहा कि जगदानंद को पार्टी कार्यालय से बाहर किया जाएगा. हमने खून-पसीने से पार्टी को सींचा है, जो गलत काम करेगा उसका बहिष्कार किया जाएगा. और क्या कहा साधु यादव ने? वहीं साधु यादव ने इस बारे में 'बिहार तक' से बात की. साधु यादव से पूछा गया कि आपको शादी में बुलाया नहीं गया, इसलिए नाराज हैं? इस पर साधु यादव ने कहा-
बुलाने और नहीं बुलाने का कोई सवाल नहीं है. सवाल ये है कि आपको यादव से प्रेम था. आपको यादव का वोट चाहिए. आप बोलते हैं कि बिहार में 21 प्रतिशत यादव हैं, जनगणना होनी चाहिए, तो जब जाति ही तोड़नी थी तो फिर जनगणना का क्या सवाल है? आप बिहार में नहीं रहते हैं. बिहार में विपक्ष के नेता हैं, बिहार की जनता का आप पर भरोसा था, उम्मीद थी. लेकिन आपने सबकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया. बहनों की शादी यादव में की और खुद क्रिश्चियन से शादी कर रहे हैं. हमारा जो यदुवंशी भाई हैं. हिन्दू समाज इसको कबूल नहीं करता है.
साधु यादव ने आगे कहा,
वोट चाहिए यादव का और शादी करेंगे क्रिश्चयन से. गरीब यादव की लड़की का उद्धार नहीं करेंगे. क्रिश्चियन का करेंगे. हाईफाई का करेंगे. आप जाइए हाईफाई से वोट लीजिए. जाकर क्रिश्चयन से वोट मांगिए. चंडीगढ़ में जाइए. केरल में जाइए, बिहार में कहां है कुछ.
यह पूछने पर कि रेचेल तो पुरानी मित्र थीं. साधु यादव ने कहा,
कोई पुरानी मित्र नहीं है. ये गलत फहमी है. जब जदयू और भाजपा के लोग तस्वीर वायरल कर सवाल उठा रहे थे तो आपने क्या बयान दिया था. आपने कहा था कि क्रिकेट खेलने गए थे तो बहुत लोग सेल्फी लेने आया था उसमें ये भी है. फिर इतना दिन क्यों छिपाकर रखे बिहार की जनता से.
साधु यादव ने कहा कि वोट के लिए यादव और शादी ब्याह के लिए दूसरे समुदाय की लड़की. हमारा समुदाय, हमारा समाज, हमारा जमात, हिन्दू समाज इसे बर्दाश्त नहीं करेगा. साधु यादव ने इस बात पर सवाल उठाए कि शादी चुपके से हुई. उन्होंने कहा,
शादी चुपके-चुपके हुआ है. जब आपको करना ही था तो ढोल बजाते, नगाड़ा बजाते, बाजा बजाते, सबको बुलाते. पार्टी के लोगों को बुलाते आपने किसी को नहीं बुलाया. शादी के समय तक छिपाते रहे. किसी को नाम नहीं बताया. क्यों. कमजोरी थी. कुछ गलतियां थी तब तो छिपा रहे थे.
उन्होंने कहा कि हम तेजस्वी को आशीर्वाद नहीं देंगे. वहीं तेजस्वी यादव के बड़े भाई तेज प्रताप यादव ने बिना किसी का नाम लिए चेतावनी दी है. तेज प्रताप ने भोजपुरी में ट्वीट किया है, रुकऽअ हम आऽवतानी बिहार तऽ गर्दा उड़ाऽव तानी तोहार..! बुढ़-बुजुर्ग बाड़ऽअ, तनिक औक़ात में रहल सिखऽ। पाजामा से बाहर आऽवल के कौनो ज़रूरत नईखे..! मतलब रुकिए हम बिहार आ रहे हैं तो आपका गर्दा उड़ा देंगे! थोड़ा औकात में रहना सीखिए. पाजामा से बाहर आने की जरूरत नहीं है. वहीं फेसबुक पर लिखे एक पोस्ट में तेज प्रताप यादव ने मामा साधु यादव को हत्यारा तक बता दिया. लिखा कि साधु यादव का पुतला दहन छात्र जनशक्ति परिषद द्वारा किया गया. हमारी मां-बहनों की इज्जत को सरेआम बेइज्जत करने वाले उस “कंस” को मेरा खुला निमंत्रण है कि मैदान में आके दो-दो हाथ कर ले. वहीं दूसरी ओर शादी के बाद तेजस्वी यादव ने पार्टी के कई सीनियर नेताओं को संदेश भेजा है कि वह पटना आकर जल्द उनका आशीवार्द लेंगे.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement