हम यहां जिस फिल्म के बारे में बात कर रहे हैं, उसका नाम है 'कभी खुशी कभी ग़म'. शॉर्ट में K3G. 1998 में रिलीज़ हुई उनकी डेब्यू फिल्म 'कुछ कुछ होता है' के बाद करण ये फिल्म बना रहे थे. इसे बनाते समय करण क्या सोच रहे थे, इस बारे में वो बता रहे हैं-
''मुझे लग रहा था मैं 'मुग़ल-ए-आज़म' के बाद और 'लगान'-'दिल चाहता है' से पहले हिंदी सिनेमा की सबसे बड़ी फिल्म बना रहा हूं. 'कभी खुशी कभी गम' मेरे गाल पर पड़ा सबसे बड़ा तमाचा है. उसके बाद मुझे एक मजबूत रिएलिटी चेक मिला. मैंने 'कुछ कुछ होता है' जैसी ही एक और फिल्म बना दी थी, जो 'कभी खुशी कभी ग़म' थी. मैंने 'कभी-कभी' (यश चोपड़ा, 1976) से कहानी उठाई और उसमें 'हम आपके हैं कौन' वाले पारिवारिक मूल्य (फैमिली वैल्यूज़) डाल दिए. इन सबको मिलाकर मैंने एक फिल्म बना दी.''

'कभी खुशी कभी ग़म' का पोस्टर.
करण जो कह रहे हैं, वो ठीक है. उसे उन्होंने वाकई बड़े मन से बनाई होगी. लेकिन अब अपनी गलती मानना भी कम बड़ी बात नहीं है. उन्होंने 'कुछ कुछ होता है' के बारे में भी ये कहा था कि वो फिल्म देखकर उन्हें लगता है कि क्या बचकाना सिनेमा है. करण जौहर सेल्फ क्रिटिसिज़्म में काफी विश्वास रखते हैं. बस फिल्म बनाते समय भूल जाते हैं. खैर, 'कभी खुशी कभी ग़म' को बनाना इतना भी आसान नहीं था. फिल्म में अमिताभ बच्चन, जया बच्चन, शाहरुख खान, काजोल, ऋतिक रौशन और करीना कपूर ने लीड रोल्स किए थे. लेकिन सबसे ज़्यादा मुश्किल ये फिल्म काजोल और अजय देवगन के लिए साबित हुई थी.

फिल्म 'कभी खुशी कभी ग़म' के एक सीन में शाहरुख खान के साथ काजोल. 'कुछ कुछ होता है' की तरह इसमें भी इन दोनों का नाम राहुल और अंजली ही था.
हाल ही में एक पॉपुलर सोशल मीडिया पेज 'ह्यूमंस ऑफ बॉम्बे' को दिए एक इंटरव्यू में काजोल ने बताया कि जिस दिन फिल्म ने सबसे ज़्यादा कमाई की थी, उस दिन वो अस्पताल में थीं. फिल्म की शूटिंग के दौरान काजोल प्रेग्नेंट थीं लेकिन उनका मिसकैरेज हो गया. काजोल बताती हैं कि वो उनके लिए बहुत दुख और दर्द का समय था. वो दोबारा प्रेग्नेंट हुईं और फिर से मिसकैरेज हो गया. हालांकि फिर उनकी लाइफ में युग और न्यासा आए और उनका परिवार पूरा हो गया.

फिल्म 'कभी खुशी कभी ग़म' के सेट पर शाहरुख खान और ऋतिक रौशन के साथ करण जौहर. ये बतौर डायरेक्टर करण की दूसरी फिल्म थी.
जाते-जाते एक इंट्रेस्टिंग ट्रिविया ये भी जान लीजिए कि इस फिल्म में अमिताभ और जया के साथ अभिषेक ने भी एक छोटा सा कैरेक्टर प्ले किया था. फिल्म के एक सीन में वो करीना कपूर के साथ दिखने वाले थे. लेकिन फिल्म के फाइनल कट में अभिषेक के ही कहने पर उनका पोर्शन फिल्म से अलग कर दिया गया. हालांकि वो कट यूट्यूब पर अवेलेबल है, जिसे आप नीचे देख सकते हैं:
(स्पॉयलर- अभिषेक बच्चन आपको वीडियो के ठीक 2.01 सेकंड पर दिखाई देंगे)
वीडियो देखें: फिल्म 'कहो न प्यार है' शाहरुख खान ने छोड़ी, ऋतिक रोशन ने की और सलमान खान ने बॉडी बनवाई





















