The Lallantop

इंडिया तीन सबसे बड़े विकेट चटकाने वाले शाहीन आफरीदी ने मैच के बाद क्या कहा?

शाहीन ने 6 रन के स्कोर पर भारत के दोनों ओपनर्स को पवेलियन में भेज दिया था.

Advertisement
post-main-image
विराट कोहली को आउट करने के बाद साथियों के साथ जश्न मनाते शाहीन अफरीदी (फोटो- AP)
24 अक्टूबर 2021. वर्ल्ड कप में भारत-पाकिस्तान का मैच था.  मैच का परिणाम ये रहा कि पाकिस्तान ने भारत को दस विकेट से पीट दिया.  टॉस जीतकर पाकिस्तान के कप्तान बाबर आज़म ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया. पाकिस्तान के गेंदबाजों ने अपने कप्तान के फैसले को सही साबित करते हुए भारतीय बल्लेबाजी क्रम की बखिया उधेड़ दी. जिन दो बल्लेबाजों से टीम को सबसे ज्यादा उम्मीदें थीं, उन्हें युवा गेंदबाज शाहीन अफरीदी ने अपने पहले ही स्पेल में चलता कर दिया.  6 रन के स्कोर पर भारत के दोनों ओपनर्स रोहित शर्मा और केएल राहुल पवेलियन में बैठे थे. फिर इसके बाद क्या था. जैसे-तैसे गिरते-पड़ते टीम इंडिया ने स्कोर 151 तक पहुंचाया. लेकिन ये नाकाफी साबित हुआ. 18 ओवर में एक गेंद शेष रहते पाकिस्तान ने ये लक्ष्य हासिल कर लिया. बिना एक भी विकेट गंवाएं. पहले ही ओवर में दिया तगड़ा झटका शाहीन अफरीदी के पहले स्पेल ने ही मैच की दिशा तय कर दी थी. विराट कोहली, रोहित शर्मा और केएल राहुल. भारतीय बैटिंग लाइनअप की रीढ़. इन तीनों बल्लेबाजों को शाहीन अफरीदी ने चलता किया. हालांकि कोहली ने एक छोर से संघर्ष करते हुए 57 रन जरूर बनाए. लेकिन दोनों ओपनर्स कुछ भी खास न कर सके. या यूं कहें कि शाहीन अफरीदी ने उन्हें ऐसा करने का मौका ही नहीं दिया. अपने शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुने जाने के बाद शाहीन अफरीदी ने इसे शानदार शुरुआत बताया. उन्होंने कहा,
ये हमारे उन सभी क्रिकेट प्रेमियों के लिए है, जो यहां तक आए. ये पूरे पाकिस्तान के लिए है. ये एक ऐतिहासिक पल है. हम भारत से वर्ल्ड कप में कभी नहीं जीते थे. लेकिन आज सभी लड़कों ने अच्छा खेल दिखाया और उम्मीद है कि हम वर्ल्ड कप में आगे भी अच्छा खेलेंगे. यह एक शानदार शुरुआत है. 
अफरीदी ने कहा कि ये टीम का प्लान था कि गेंदबाजी की शुरुआत मैं ही करूंगा. उन्होंने कहा,
वे (बाबर आज़म) मुझे हर बार नई बॉल देते हैं. यह टीम प्लान था कि मैं पहला ओवर करूंगा. मुझे पहली सफलता दिलानी थी, जिसकी टीम को जरूरत थी. मेरी ताकत नई बॉल से यॉर्कर डालने की है. यही प्लान था और मुझे सफलता मिली.
शाहीन अफरीदी ने कहा कि उन्होंने कोहली के लिए भी प्लान बनाया था. लेकिन उनका ये प्लान नई गेंद के साथ सफल नहीं हुआ. हालांकि पुरानी गेंद से उन्हें जरूर सफलता मिल गई. अफरीदी ने 18वें ओवर में कोहली को 57 के स्कोर पर आउट किया. उन्होंने कहा,
हमने कोहली के लिए भी प्लान बनाया था. इसमें कोई शक नहीं कि वे (कोहली) नंबर 1 खिलाड़ी हैं. मैं जिस तरीके से बाबर को नेट पर बॉल डालता हूं, उसी तरीके से कोहली को भी डाली. लेकिन जब मैं तीसरे ओवर के लिए वापस आया, तो न स्विंग मिल रही थी न सीम.
शाहीन अफरीदी ने टीम के दोनों बैटर्स की तारीफ की और उन्हें जीत का क्रेडिट दिया. ESPN क्रिकइन्फो वेबसाइट के मुताबिक उन्होंने कहा,
बाबर और रिजवान ने जिस तरीके से बल्लेबाजी की है वह तारीफ योग्य है. मैं गेंद को स्विंग कराने की कोशिश कर रहा था. मैंने इसके लिए कल अभ्यास किया था और आज मैं ऐसा कर पाने में सफल रहा. पिच पर पहले गेंद को थोड़ा स्विंग मिल रहा था और बल्लेबाजी कर पाना मुश्किल था. हालांकि हमारे दोनों ओपनर्स ने बढ़िया पारी खेली. 
भारत और पाकिस्तान दोनों का टी-20 वर्ल्ड कप 2021 में पहला मुकाबला था. अब पाकिस्तान का अगला मुकाबला न्यूजीलैंड से है. 26 अक्टूबर को. दिन मंगलवार. 31 अक्टूबर, रविवार के दिन भारत का अगला मुकाबला भी न्यूजीलैंड से ही है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement