The Lallantop

स्कूल में 'मन की बात' कार्यक्रम चला, हेडमास्टर बोलीं- मंजूरी नहीं ली, सस्पेंड हो गईं

इस कार्यक्रम में इलाके के BJP विधायक पहुंचे थे. हेडमास्टर की उनसे बहस हुई.

Advertisement
post-main-image
मन की बात कार्यक्रम के दौरान विधायक पीयूष रंजन (फोटो- फेसबुक/आज तक)

प्रयागराज (Prayagraj) के एक स्कूल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) का ‘मन की बात’ कार्यक्रम चल रहा था. इसके बारे में स्कूल की हेडमास्टर को कोई जानकारी नहीं थी. हेडमास्टर को जब पता चला, तो उन्होंने इसका विरोध किया. जिसके बाद उन्हें सस्पेंड कर दिया गया.

Advertisement

मामला प्रयागराज के अरैल स्थित एक उच्च प्राथमिक स्कूल का है. आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक, स्कूल में 25 दिसंबर के दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मन की बात कार्यक्रम चल रहा था. ये कार्यक्रम भारत के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन के मौके पर आयोजित किया गया था.

कार्यक्रम में पहुंचे विधायक

स्कूल में हो रहे कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर स्थानीय विधायक पीयूष रंजन निषाद को बुलाया गया था. कार्यक्रम के दौरान स्कूल की हेडमास्टर कल्पना त्यागी वहां पहुंच गईं. कल्पना ने आरोप लगाया कि उनकी अनुमति के बिना ये कार्यक्रम कैसे हो रहा है. रिपोर्ट के मुताबिक, कल्पना ने कहा कि उनकी अनुमति के बिना स्कूल के परिसर का प्रयोग किया जा रहा था.

Advertisement

इसके बाद विधायक पीयूष रंजन ने उन्हें समझाया कि आज रविवार का दिन है इसलिए कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. विधायक ने ये भी कहा कि कार्यक्रम पंचायत भवन में हो रहा है, इसलिए अनुमति लेने की जरूरत नहीं थी. इस पर हेडमास्टर कल्पना नाराज हो गईं और कार्यक्रम बंद करने पर अड़ गईं. इस बात पर काफी देर हंगामा हुआ. इसके बाद किसी ने इस बात की सूचना पुलिस को दे दी. इसके बाद बहस और बढ़ गई.  

रिपोर्ट के मुताबिक, कार्यक्रम के आयोजकों का कहना था कि कार्यक्रम स्कूल में नहीं हो रहा था. बल्कि विद्यालय परिसर में बने पंचायत भवन में हो रहा था.

मामले की जानकारी जिला अधिकारी को मिली, तो उन्होंने फोन कर बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) को इसकी सूचना दी. BSA मौके पर पहुंचे और मामले के बारे में पता किया. रिपोर्ट के मुताबिक, BSA प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि प्रशासन के काम में दखल देने की सूचना जिलाधिकारी ने दी थी. उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में हेडमास्टर की गलती पाई गई है. इस वजह से कल्पना त्यागी को सस्पेंड कर दिया गया है. उन्होंने ये भी कहा कि कल्पना त्यागी के काम और व्यवहार की जांच की जा रही है.

Advertisement

वीडियो: रेस्टोरेंट में फर्जी कॉल आती है और फिर लड़कियों का रेप होता है

Advertisement