हरियाणा में 1 अक्टूबर को विधानसभा चुनाव होने हैं. चुनाव आयोग राज्य में वोटिंग के लिए ग्राउंड पर तैयारियों में जुटा है. इसी क्रम में वहां के वोटर्स की संख्या के बारे में एक दिलचस्प जानकारी सामने आई है. पता चला है कि हरियाणा में 9,554 मतदाता 100 साल से अधिक उम्र के हैं. यह संख्या पड़ोसी पंजाब और हिमाचल प्रदेश की तुलना में काफी अधिक है. इस संख्या को देखकर चुनाव आयोग के अधिकारी भी हैरान हैं.
हरियाणा में 100 साल से ज्यादा उम्र के वोटर्स की संख्या देख चुनाव आयोग भी हैरान
यह संख्या पड़ोसी पंजाब और हिमाचल प्रदेश की तुलना में काफी अधिक है. डेटा पर संदेह जताते हुए एक अधिकारी ने कहा है कि चुनाव आयोग 100 साल से अधिक उम्र के आंकड़ों की फिर से जांच करेगा.


हरियाणा के मुख्य चुनाव अधिकारी पंकज अग्रवाल ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि राज्य में 9,554 मतदाता 100 साल से अधिक उम्र के हैं. अग्रवाल ने कहा,
"जब हमारे कर्मचारियों ने पड़ोसी राज्यों से पूछताछ की, तो उन्हें पता चला कि पंजाब में 100 साल से अधिक आयु के 4,116 मतदाता और हिमाचल प्रदेश में 100 साल से अधिक आयु के 1,216 मतदाता हैं."
अग्रवाल ने हरियाणा के डेटा पर संदेह भी जताया है. उन्होंने कहा है,
"हम 100 साल से अधिक उम्र के आंकड़ों की जांच फिर से करेंगे. क्योंकि यह संख्या हमें असामान्य रूप से ज़्यादा लग रही है. मैं इन आंकड़ों से सहमत नहीं हूं. इसलिए, हम बूथ स्तर के अधिकारी (BLOs) की सहायता से फिर से जांच करेंगे."
यह भी पढ़ें: हरियाणा से किरण चौधरी, राजस्थान से रवनीत बिट्टू, BJP ने राज्यसभा उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की
हरियाणा में चुनाव अधिकारी भी इन आंकड़ों से हैरान है. एक अधिकारी ने इंडियन एक्सप्रेस से कहा कि कुछ दशक पहले तक, अनुमानित उम्र के आधार पर लोग वोटर्स के तौर पर रजिस्टर होते थे. लोगों के डॉक्यूमेंट्स के आधार पर रजिस्ट्रेशन हाल में शुरू हुआ है. शायद इस कारण से 100 साल से अधिक उम्र के आंकड़ों में अस्पष्टता हो सकती है.
हालांकि, एक अन्य अधिकारी ने बताया कि हरियाणा में ग्रामीण क्षेत्र ज़्यादा है. वहां लोगों की डाइट और हेल्थ अच्छी होती है.
रिपोर्ट के मुताबिक, हरियाणा में हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव में यह संख्या और भी ज़्यादा थी. उस समय 10,759 मतदाता 100 से 109 आयु वर्ग के थे. और 41 मतदाता 120 साल से अधिक आयु वर्ग के थे. जिनमें से आठ गुरुग्राम के थे. उस समय हरियाणा में 1.98 करोड़ मतदाता चुनाव में वोट दे सकते थे.
वीडियो: हरियाणा, जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव की एक-एक अपडेट यहां जान लीजिए




















