The Lallantop

VIDEO: गोरखपुर में मंदिर के बाहर दरोगा ने महिलाओं को पीटा, CM योगी को पूजा करने आना था

वीडियो में एक पुलिस वाला एक महिला को धकेलते और पीटते नज़र आ रहा है.

Advertisement
post-main-image
वायरल वीडियो का स्क्रीनशॉट (क्रेडिट: ट्विटर)

सोशल मीडिया पर शनिवार, 18 फरवरी को एक वीडियो सामने आया. वीडियो में एक पुलिस वाला किसी महिला को धकेलते और पीटते नज़र आ रहा है. बताया जा रहा है कि वीडियो यूपी के गोरखपुर (Gorakhpur) का है. जानकारी के मुताबिक महाशिवरात्रि पर दुकान लगाने वाली महिलाओं को हटाया जा रहा था. आरोप है कि इस दौरान एक दरोगा महिलाओं को पीटने लगा.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
मुक्तेश्वरनाथ मंदिर के बाहर की घटना

आजतक के गजेंद्र त्रिपाठी की रिपोर्ट के मुताबिक वीडियो राजघाट थाना क्षेत्र के मुक्तेश्वरनाथ मंदिर का बताया जा रहा है. महाशिवरात्रि पर मुक्तेश्वरनाथ मंदिर के बाहर महिलाओं की पिटाई का मामला 18 फरवरी की भोर का बताया जा रहा है. वीडियो में महिला को पीटते आरोपी पुलिस वाले का नाम कुंवर गौरव सिंह है, जो ट्रांसपोर्ट नगर चौकी इंचार्ज हैं.

सामने आए वीडियो में मंदिर के बाहर पूजा की सामग्री बेचने के लिए कई दुकानदार अपनी दुकान लगाए बैठे दिख रहे हैं. उनमें से कुछ महिलाएं भी हैं. इस बीच कुछ पुलिस वाले दुकानदारों को हटाते हैं. पुलिस और महिलाओं के बीच बहस होती सुनाई देती है. कोई महिला पुलिस टीम को कुछ कहते सुनाई देती है. इसके बाद दरोगा एक महिला को जबरदस्ती खींचते और मारपीट करते दिखाई दे रहा है. वीडियो में चीखने की आवाज़ें भी आ रही हैं.

Advertisement

समाजवादी पार्टी की मीडिया सेल ने वीडियो शेयर करते हुए योगी सरकार पर निशाना साधा,

आज सुबह गोरखपुर के मुक्तेश्वर नाथ मंदिर में दुकान लगाने वाली महिलाओं को भाजपा शासित योगी सरकार के बेलगाम पुलिसवाले कुंवर गौरव सिंह ने थप्पड़ों से पीटा और भद्दी-भद्दी जातिसूचक गालियां दीं.

ये योगी सरकार के नारी सम्मान, नारी अस्मिता, नारी सुरक्षा के दावों का गोरखपुर मॉडल है.

मामले में पुलिस क्या बोली?

वहीं गोरखपुर पुलिस की ओर से ट्विटर पर जानकारी दी गई है कि गोरखपुर सिटी SP द्वारा इस मामले की जांच की जा रही है. जांच के बाद जरूरी एक्शन लिया जाएगा.

Advertisement

गोरखपुर SP सिटी कृष्ण कुमार ने लल्लनटॉप को फोन पर बताया कि पूरे मामले की जांच अभी चल रही है. उन्होंने कहा कि वीडियो का एक हिस्सा काटकर वायरल किया जा रहा है. SP सिटी के मुताबिक मुक्तेश्वरनाथ मंदिर पर सीएम योगी के कार्यक्रम के लिए सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बाहर लगने वाली दुकानों को हटवा रही थी. लेकिन इस दौरान कुछ महिलाएं दुकानें नहीं हटा रही थीं. उन्होंने कहा, हालांकि, इस दौरान पुलिस को अपना आपा नहीं खोना चाहिए था. इसकी जांच की जाएगी.

बता दें कि महाशिवरात्रि पर्व के लिए यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ शुक्रवार, 17 फरवरी की शाम गोरखपुर पहुंच गए थे. 18 फरवरी को गोरखनाथ मंदिर में रुद्राभिषेक के बाद सीएम का कई शिव मंदिरों में दर्शन का कार्यक्रम तय किया गया. सीएम के दर्शन कार्यक्रम में राजघाट का मुक्तेश्वरनाथ मंदिर भी शामिल किया गया था.

वीडियो: बिहार: दरोगा के पास ट्रैन टिकट नहीं, टीटी ने सीट छोड़ने को कहा तो, दरोगा ने सबके सामने पीटा!

Advertisement