The Lallantop

दिनदहाड़े लड़की को गोली मारी, शाम को पुलिस ने आरोपी को पकड़ा, फिर गोली चल गई!

यूपी में एक और 'एनकाउंटर' हो गया...

Advertisement
post-main-image
पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ लिया है. (फोटो: आजतक)

उत्तर प्रदेश के जालौन में दिन-दहाड़े एक लड़की की गोली मार कर हत्या कर दी गई. लड़की एग्जाम देकर लौट रही थी, तभी रास्ते में बाइक से दो लोग आए और उसके सिर में गोली मार दी. पीड़िता ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. खबर से तहलका मचा तो शाम को एक और खबर आई. पता चला कि पुलिस ने 17 अप्रैल की रात ही मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. उसने इस दौरान पुलिस पर हमला भी किया. जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी. दूसरे आरोपी की तलाश जारी है. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
एग्जाम देकर लौट रही थी, हत्या हो गई!

आजतक के अलीम सिद्दीकी की रिपोर्ट के मुताबिक घटना जालौन के एटा कस्बे में सुबह साढ़े 11 बजे की है. एटा थाने के ऐंधा गांव की रहने वाली रोशनी राम लखन पटेल महाविद्यालय में बीए की परीक्षा देने आई हुई थी. रोशनी BA सेकेंड ईयर में पढ़ती थी. एग्जाम देने के बाद वो अपने घर वापस जाने के लिए कोटरा तिराहे की ओर जा रही थी. तभी नकाब पहने दो बाइक सवारों ने उसे गोली मार दी. रोशनी के सिर पर गोली मारी गई, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई. 

रिपोर्ट के मुताबिक आसपास मौजूद लोगों ने हमलावरों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वो भाग निकले. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. रोशनी के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया. मौके पर से पुलिस को 315 बोर का एक तमंचा भी मिला था. जालौन के पुलिस अधीक्षक (SP) ईराज राजा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया था,

Advertisement

“ये 20 साल की युवती हैं, जिनका नाम रोशनी है. ये थाना एट क्षेत्र की रहने वाली हैं. वो आज एट कस्बे में आई हुई थीं. जब वो अपने घर वापस जा रही थीं. उस दौरान दो हमलावरों ने फायरिंग की. फायरिंग में रोशनी को दो गोली लगी और अधिक खून बह जाने से रोशनी की मौत हो गई. अब तक घर वालों से जो जानकारी मिली है, उसके मुताबिक ये हमला (लड़की के) जानने वालों ने कराया है. हमारी चार टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में दबिश दे रही हैं.”

आरोपी बोला- 'शादी की बात चल रही थी'

घटना के मुख्य आरोपी का नाम राज अहिरवार बताया गया है. लड़की के परिवार ने राज और उसके एक साथी के खिलाफ केस दर्ज कराया है. पुलिस ने मुख्य आरोपी से हुई पूछताछ के आधार पर बताया कि वो लगभग एक साल से लड़की को जानता था. दोनों सोशल मीडिया के जरिए एक-दूसरे के संपर्क में आए थे. आरोपी के मुताबिक उनकी शादी की बात चल रही थी, लेकिन बाद में दोनों के बीच मनमुटाव हो गया था. इसके बाद लगभग 2 महीने से लड़की उससे बात नहीं कर रही थी. आरोपी ने बताया कि उसने कई बार बात करने की कोशिश की, जब लड़की ने बात नहीं की तो उसने अपने ममेरे भाई रोहित के साथ मिलकर उसे मारने की योजना बनाई.

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कपड़े और बाइक की नंबर प्लेट बरामदगी के लिए रात साढ़े 8 बजे लाया गया था. इस दौरान उसने SHO की पिस्टल छीन कर पुलिस पार्टी पर फायर कर दिया. जवाबी फायरिंग में आरोपी राज गोली लगने से घायल हो गया और पुलिस ने उसे फिर पकड़ लिया. वहीं इस मामले में पुलिस को दूसरे आरोपी रोहित की भी तलाश है. रोहित को पकड़ने के लिए पुलिस टीमें अलग-अलग जगहों पर दबिश दे रही हैं.

Advertisement

वीडियो: अतीक अहमद की प्रयागराज में गोली मारकर हत्या, पुलिस ने किसको गिरफ़्तार किया है?

Advertisement