उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में एक 16 साल के लड़के पर अपने परिवार की हत्या का आरोप है. पुलिस के मुताबिक लड़के ने कबूल किया है कि उसने अपने माता-पिता और बड़े भाई की गला रेत कर हत्या की. लड़के का कहना है कि उसे गांव की एक लड़की से प्यार था और उसके घरवाले इसका विरोध कर रहे थे, इसलिए उसने अपने परिवार की हत्या कर दी.
16 साल के लड़के ने मां-बाप, भाई की खुरपी से हत्या की, गाजीपुर ट्रिपल मर्डर केस की कहानी पता चली
Ghazipur Triple Murder: घटना गाजीपुर के थाना नंदगंज क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कुसुम्हीकलां गांव की है. पुलिस के मुताबिक नाबालिग ने खुद कबूल किया है कि उसने अपने परिवार की खुरपी से हत्या की.


घटना गाजीपुर के थाना नंदगंज क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कुसुम्हीकलां गांव की है. यहां 7-8 जुलाई की रात को मुंशी बिंद (45 साल), उनकी पत्नी देवंती बिंद (40 साल) और उनके बेटे रामाशीष बिंद (20 साल) की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी. परिवार में केवल छोटा बेटा 16 साल का आशीष बिंद बचा था. आशीष ने इस ट्रिपल मर्डर का आरोप उस लड़की के पिता पर लगाया था, जिससे वो कथित तौर पर प्यार करता है, लेकिन पुलिस को आशीष पर शक था क्योंकि वो बार-बार अपना बयान बदल रहा था.
ये भी पढ़ें- बेटी की लव मैरिज से नाराज थे पिता, पहले पति के सामने से अगवा किया, फिर हत्या कर शव जला दिया
गाजीपुर के SP (सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस) ओमवीर सिंह ने बताया,
“8 तारीख की सुबह लगभग 2 बजे पुलिस को इस मामले की सूचना मिली थी. बताया गया था कि थाना नंदगंज क्षेत्र के कुसुम्हीकलां गांव में तीन लोगों की गला रेतकर हत्या कर दी गई है. इस सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची. घटनास्थल पर तीन लोगों की डेडबॉडी थी, उसमें एक दंपती थे, मुंशी बिंद, उनकी पत्नी और उनका लगभग 20-22 साल का लड़का. उनके भाई द्वारा एक तहरीर दी गई, जिसमें उनके द्वारा गांव के ही एक व्यक्ति राधे बिंद पर हत्या का आरोप लगाया गया था.”
SP ने बताया कि जब मृतकों की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आई और मामले में कड़ी से कड़ी मिलाई गई, तो पाया गया कि जिस व्यक्ति पर आरोप लगाया गया है, उसकी इस मामले में कहीं कोई भूमिका नहीं है. वहीं पुलिस को परिवार के छोटे बेटे आशीष के प्रेम-प्रसंग का पता चला.
तीनों मृतकों के अंतिम संस्कार के बाद जब पुलिस ने आशीष से कड़ाई से पूछताछ की, तब उसने अपना अपराध कबूल कर लिया. आशीष ने पुलिस को बताया कि उसके माता-पिता और भाई उसके प्यार का विरोध कर रहे थे और इस वजह से उसने सभी की खुरपी से हत्या कर दी.
वीडियो: सीतापुर मर्डर केस में कैसे पकड़ा गया 6 हत्याओं का आरोपी?



















