The Lallantop

किसानों के प्रदर्शन के बीच ये भी जान लीजिए कि उनकी कमाई कितनी है

राहुल गांधी ने एक ग्राफ शेयर किया है.

Advertisement
post-main-image
फोटो - thelallantop
कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के आंदोलन का आज 16वां दिन है. किसानों की मांगों को लेकर कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और रेल मंत्री पीयूष गोयल ने 10 दिसंबर को प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी. पीएम मोदी ने इसका वीडियो शेयर कर इसे सुनने की अपील की. वहीं किसान नेता शिवकुमार कक्का से जब पूछा गया कि हल कब निकलेगा तो उन्होंने कहा,
"भगवान जाने कब ऐसा होगा. सर्दी और कोरोना के चलते हमें काफी दिक्कतें आ रही है, लेकिन मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखेंगे.
इस बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक ट्वीट किया. इसमें ग्राफ के माध्यम से दिखाया गया है कि किस राज्य के किसानों की आय कितनी है, देश के किसानों की औसत आय कितनी है. राहुल ने लिखा,
किसान चाहता है कि उसकी आय पंजाब के किसान जितनी हो जाए. मोदी सरकार चाहती है कि देश के सब किसानों की आय बिहार के किसान जितनी हो जाए.
मोदी सरकार ने 2022 तक किसानों की आय दोगुना करने का लक्ष्य रखा है. राहुल गांधी ने जो ग्राफ शेयर किया है उसके मुताबिक, भारतीय किसान की औसत सालाना कमाई  77,124 रुपये है. यह एक महीने में महज 6,427 रुपये बनता है. यह हाल तब है जब किसान का औसत मासिक खर्च करीब 6,227 रुपये है.

पंजाब के किसानों की कमाई ज्यादा

औसत कमाई के मामले में पंजाब के किसान आगे हैं. वहीं बिहार के किसान सबसे पीछे हैं. पंजाब के किसानों की सालाना इनकम 2,16,708 रुपये है. हालांकि, ये किसी अच्छी कॉर्पोरेट कंपनी में काम करने वाले किसी फ्रेशर की आमदनी से भी कम है. पंजाब के बाद सबसे ज्यादा औसत कमाई हरियाणा के किसानों की है. सालाना 1,73,208 रुपये. वहीं, सालाना औसत कमाई के मामले में 42 हज़ार 684 रुपये के साथ बिहार सबसे पीछे है.

गुजरात के किसानों की इनकम कितनी है?

किसानों की कमाई के मामले में तीसरा स्थान जम्मू-कश्मीर का है, जहां किसानों की सालाना औसत कमाई 1,52,196 रुपये है. केरल किसानों की इनकम के मामले में चौथे नंबर पर है. किसानों की औसत सालाना कमाई 1,42,668 रुपये है. केरल के बाद स्थान कर्नाटक का नंबर है, जहां के किसानों की सालाना औसत कमाई 1,05,984 रुपये है. वहीं, गुजरात इस मामले में छठे नंबर पर है. वहां किसासनों की औसत सालाना कमाई 95,112 रुपये है.

राहुल गांधी ने जो ग्राफ शेयर किया है वह  (www.businesstoday.in और सिचुएशन असेसमेंट सर्वे ऑफ एग्रीकल्चर हाउसहोल्ड जनवरी-दिसंबर 2013 के इनपुट पर आधारित) है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement