The Lallantop

'MBBS छोड़ो, डिप्लोमा से 3 साल में डॉक्टर बनाओ', ममता क्या प्लान लाईं जो बंगाल में बवाल मचा?

डॉक्टर्स की कमी से जूझ रहे बंगाल के लिए ममता बनर्जी नया प्लान लाई हैं

Advertisement
post-main-image
ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल में डॉक्टर्स की कमी को पूरा करने के लिए कई प्रस्ताव पेश किए हैं | फ़ाइल फोटो: आजतक/PTI

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मेडिकल में डिप्लोमा कोर्स शुरू करने का प्रस्ताव दिया है (Mamata Banerjee Proposes Medical Diploma Course). इस प्रस्ताव का मकसद राज्य के अस्पतालों में डॉक्टर्स की कमी को पूरा करना है. ममता बनर्जी ने गुरुवार, 11 मई को अधिकारियों के सामने इस मेडिकल डिप्लोमा कोर्स का प्रस्ताव रखा.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

इंडिया टुडे से जुड़े ऋत्विक मंडल की एक रिपोर्ट के मुताबिक ममता बनर्जी ने गुरूवार को सचिवों और राज्य के उद्योगपतियों के साथ एक मीटिंग की. इस दौरान बनर्जी ने कहा कि MBBS कोर्स में कम से कम पांच साल लगते हैं. वो कोर्स जारी रहना चाहिए. लेकिन, आबादी बढ़ रही है, अस्पतालों में बेड की संख्या बढ़ रही है और डॉक्टर्स कम हैं. इसलिए एक ऐसा कोर्स भी शुरू करना चाहिए, जिससे जल्द डॉक्टर्स मिल सकें.

सीएम बनर्जी के मुताबिक अगर डिप्लोमा कोर्स शुरू होगा तो इससे राज्य को पांच साल के बजाय तीन साल में ही डॉक्टर मिल सकते हैं. और इन लोगों को कम से कम प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में तैनात किया जा सकता है.

Advertisement

बंगाल सरकार में स्वास्थ्य मंत्रालय का काम भी संभाल रहीं मुख्यमंत्री ने इसके बाद राज्य के स्वास्थ्य सचिव एनएस निगम से कहा,

'आप पता लगाएं कि क्या हम डॉक्टर्स के लिए डिप्लोमा कोर्स शुरू कर सकते हैं, जैसे हम इंजीनियरों के लिए करते हैं. इससे लड़के और लड़कियों को मेडिकल कोर्स में दाखिला लेने का भी अवसर मिलेगा.'

ममता बनर्जी ने स्वास्थ्य सचिव को इस प्रस्ताव पर विचार करने के लिए चार सदस्यीय एक कमेटी बनाने आदेश दिया. 

Advertisement
मेडिकल इंस्टीट्यूट का उद्योगपति कनेक्शन 

सचिवों के साथ मीटिंग के दौरान सीएम ममता बनर्जी ने ये भी कहा कि बंगाल में और ज्यादा मेडिकल इंस्टीट्यूट बनाने की जरूरत है.

उन्होंने कहा,

'स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव को ये भी देखना चाहिए कि क्या हम प्राइवेट अस्पतालों की मदद से बंगाल में और ज्यादा नर्सिंग इंस्टीट्यूट बना सकते हैं. आप को तुरंत डॉक्टर्स और नर्सों की एक टीम बनानी चाहिए, जो ज्यादा नर्सिंग इंस्टीट्यूट बनाने के प्रस्ताव पर अपनी विस्तृत राय सरकार को दे.'

मीटिंग में ममता बनर्जी ने उद्योगपतियों से नए नर्सिंग संस्थान बनाने में मदद करने की भी अपील की. मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वासन दिया कि जरूरत पड़ने पर सरकार की तरफ उन्हें हर तरह की जरूरी मदद दी जाएगी.

प्रस्ताव का विरोध शुरू

मुख्यमंत्री के स्वास्थ्य विभाग से जुड़े इन प्रस्तावों का विरोध शुरू हो गया है. इस मामले पर पश्चिम बंगाल डॉक्टर्स फोरम के सचिव डॉ कौशिक सरकार का बयान आया है. उन्होंने कहा है कि अगर बंगाल सरकार इस तरह का निर्णय लेती है तो इससे पूरी दुनिया में अपनाई गई व्यवस्था बिगड़ जाएगी. कौशिक के मुताबिक तीन साल के डिप्लोमा कोर्स का प्रस्ताव पूरी तरह से वैज्ञानिक दृष्टिकोण वाला नहीं है. राज्य सरकार को इस प्रस्ताव पर पुनर्विचार करना चाहिए.

उन्होंने आगे कहा कि कई डॉक्टर हर साल पश्चिम बंगाल में सरकारी और निजी कॉलेजों से ग्रेजुएट होते हैं. अगर सरकार बेहतर रिक्रूटमेंट प्रोसेस अपनाए तो डॉक्टर्स की कमी को दूर करने में मदद मिलेगी.

वीडियो: दी केरला स्टोरी बैन और ममता बनर्जी पर शत्रुघन सिन्हा ने क्या कहा?

Advertisement