JNU कैम्पस में 5 जनवरी की शाम हिंसा हुई. नकाबपोश गुंडों ने छात्रों और टीचर्स पर हमला किया. इस हमले के विरोध में स्टूडेंट्स प्रोटेस्ट कर रहे हैं. इन स्टूडेंट्स के सपोर्ट में कई सेलेब्स आगे आए हैं. 7 जनवरी की शाम दीपिका पादुकोण JNU पहुंचीं. उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर तैरने लगीं और वह ट्विटर पर ट्रेंड होने लगीं. लोग उनकी फिल्म 'छपाक' को बायकॉट करने की अपील करने लगे. #DeepikaPadukone, #ISupportDeepika और #BoycottChhapaak. ये ट्रेंड्स ट्विटर के टॉप पर रहे.
'छपाक' के टिकट कैंसिल करने वालों का बहुत बड़ा फर्ज़ीवाड़ा सामने आया है
#BoycottChhapaak के पीछे बहुत बड़ा झोल है.


बीजेपी के प्रवक्ता तजिंदर पाल सिंह बग्गा ने ट्वीट किया कि दीपिका 'टुकड़े-टुकड़े गैंग' और 'अफज़ल गैंग' का सपोर्ट कर रही हैं. इसलिए अगर आप उनकी फिल्म का बहिष्कार करने वाले हैं तो रीट्वीट करें.
इसके बाद बग्गा ने एक और ट्वीट किया और अजय देवगन की फिल्म 'तान्हाजी' देखने की अपील की.
अब आते हैं मुद्दे पर. 'छपाक' और 'तान्हाजी' रिलीज़ हो रही हैं 10 जनवरी को. बहुत से लोगों ने पहले से ही इनकी टिकट बुक कर ली थीं. अब दीपिका के JNU जाने के बाद बायकॉट छपाक तो ट्रेंड कर ही रहा था. एक भाई साब ने इस ट्रेंड को इतना सीरियसली ले लिया कि 'छपाक' की बुक की हुई टिकट कैंसिल कर दी. इसके बाद सोशल मीडिया पर इसका स्क्रीनशॉट भी डाल दिया.
अब फिल्म के बहिष्कार को तो कई लोग सपोर्ट कर रहे हैं. लेकिन सबके पास इतना जिगरा थोड़ी होता है कि बुक की हुई टिकट कैंसिल कर दें. क्योंकि पूरे पैसे तो वापस मिलते नहीं है. लेकिन सोशल मीडिया पर क्रांति भी दिखानी है. तो ऐसे लोगों ने जो एक स्क्रीनशॉट पोस्ट हुआ उसे डाउनलोड किया और फिर उसे ही पोस्ट करते हुए लिखा, 'हमने छपाक की टिकट कैंसिल कर दी है.'
जो टिकट कैंसिल हुई है वो गुजरात के वड़ोदरा के सिनेमार्क की है. उस एक टिकट पर तीन सीट बुक हुई थीं. गोल्ड- A8, A9 और A10. स्क्रीन-1 पर शाम 6 बजकर 50 मिनट में इसका शो था. 10 जनवरी को. कैंसिल कराने वाले को रिफंड में 420 रुपए मिले हैं.
एक महाशय हैं शेखर चहल नाम के. ट्विटर पर काफी एक्टिव रहते हैं. बीजेपी से जुड़े हुए हैं. ट्विटर प्रोफाइल फोटो में वो पीएम मोदी के साथ खड़े दिख रहे हैं. उन्होंने भी इसी टिकट का स्क्रीनशॉट डालकर बताया कि वो 'छपाक' देखने नहीं जा रहे हैं, वो 'तान्हाजी' देखने जा रहे हैं.

कैंसिल किए हुए टिकट का स्क्रीनशॉट.
जयंत शर्मा जय नाम के व्यक्ति ने भी ट्विटर पर वही कैंसिल टिकट का स्क्रीनशॉट पोस्ट करके लिखा, 'मैंने भी अपनी छपाक की बुकिंग कैंसिल कर दी है.'

कैंसिल किए हुए टिकट का स्क्रीनशॉट.
ऐसा नहीं है कि इन सभी लोगों के झूठे दावे पर किसी की नजर नहीं पड़ी. कुछ यूज़र्स ऐसे भी हैं, जिन्होंने इनके झूठ को पकड़कर ट्विटर पर डाला.
अब सबने एक ही टिकट कैंसिल टिकट करके दावा तो कर दिया कि उन्होंने बुकिंग रद्द कर दी, लेकिन असल में ये टिकट किसने बुक किया था, ये साफ नहीं हो सका है. अजीब बात ये है कि लोग धड़ल्ले से एक ही स्क्रीनशॉट के दम पर दावा कर रहे हैं. इतना बड़ा झोल. लगता है कि ये सारे ही लोग वडोदरा में रहते हैं और सब साथ में ही जा रहे थे. ये भी हो सकता है कि इंटरवल के पहले कोई और सिनेमाहॉल में जा रहा होगा, तो इंटरवल के बाद कोई और. हमारी समझ से तो परे है.
वीडियो देखें: दीपिका पादुकोण छपाक रिलीज़ से पहले JNU जाकर आइशी घोष से क्यों मिलीं?




















