नवाब मलिक और NCB अधिकारी समीर वानखेडे के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौरा जारी है (फ़ोटो सोर्स: आजतक)
मुंबई क्रूज ड्रग केस को लेकर बार-बार NCB जोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े पर जुबानी हमले कर रहे नवाब मलिक के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई है. इंडिया टुडे/आजतक की खबर के मुताबिक, मुंबई की एक महिला ने मलाड के एक लोकल थाने और मुंबई पुलिस के संयुक्त पुलिस आयुक्त विश्वास नागरे पाटिल के पास शिकायत दर्ज करवाई है. इसमें मांग की गई है कि नवाब मलिक के खिलाफ FIR दर्ज की जाए. महिला का नाम सामने नहीं आया है. जिस वकील के जरिये उन्होंने शिकायत की है, उसका नाम धृतिमान जोशी बताया गया है. पुलिस आयुक्त विश्वास पाटिल ने उनकी शिकायत जांच अधिकारी को भेज दी है.
क्यों की शिकायत?
आजतक संवाददाता विद्या की खबर के मुताबिक शिकायत में महिला ने कहा है,
"हाल में महाराष्ट्र सरकार के मंत्री नवाब मलिक ने NCB के ज़ोनल हेड समीर वानखेड़े पर कई आरोप लगाए हैं. समीर वानखेड़े ने कुछ रेड की थी, जिसके बाद नवाब मलिक ने अपने बयानों में समीर वानखेड़े को गिरफ्तार करने की मांग की. उन्होंने जांच अधिकारी के परिवार पर भी कई तरह के आरोप लगाए हैं. इससे केस की जांच पर असर पड़ रहा है. यही नहीं वानखेड़े और उनकी टीम के लोगों ने कई बार ये भी कहा है कि उनके फोन को टेप किया जा रहा है."
महिला का कहना है कि नवाब मलिक ने समीर वानखेड़े के खिलाफ कई बार सार्वजनिक बयान देकर इस मामले की जांच में अड़चन डालने का काम किया है. लाइव लॉ की रिपोर्ट के मुताबिक ये शिकायत ईमेल के जरिये पुलिस को भेजी गई है. इसमें आरोप लगाया गया है कि एनसीबी और इसके जोनल डायरेक्टर के खिलाफ बयानबाजी कर नवाब मलिक न सिर्फ एजेंसी पर दबाव बना रहे हैं, बल्कि केस की सुनवाई कर रहे जजों को भी प्रभावित करने की कोशिश कर रहे है. शिकायत में महिला के हवाले से लिखा है,
"इस तरह का रवैया युवाओं और राज्य को गलत दिशा में जाने के लिए प्रोत्साहित करता है. सरकार के मंत्री ही सरकारी अधिकारी को परेशान कर रहे हैं और ड्रग माफिया और नशा करने वालों का बचाव कर उन्हें बढ़ावा दे रहे हैं. इससे समाज में गलत संदेश जा रहा है. मंत्री ने सरकारी अधिकारी के खिलाफ आपराधिक बल और राज्य की पुलिस का इस्तेमाल कर उन्हें उनकी ड्यूटी करने से रोका है."
वहीं महिला के वकील धृतिमान जोशी ने बताया,
"मेरी क्लाइंट इस देश की एक जिम्मेदार नागरिक होने के साथ एक मां भी हैं. हाल ही में NCB द्वारा जिस ड्रग केस का पर्दाफाश किया गया है, एक मां होने के नाते वो इससे काफी चिंतित हैं. जिस तरह से महाराष्ट्र के मंत्री खुले तौर पर ड्रग्स का धंधा करने वालों का खुला समर्थन कर रहे हैं और जांच को प्रभावित कर रहे हैं उससे मेरी क्लाइंट हैरान हैं."
समीर वानखेड़े को मुस्लिम बताया था
नवाब मलिक के खिलाफ ये शिकायत उनके उस दावे के बाद की गई है, जिसमें उन्होंने समीर वानखेड़े को मुस्लिम बताया था, साथ ही उन पर धोखे से IRS की नौकरी हासिल करने का आरोप लगाया था. सोमवार 25 अक्टूबर को समीर वानखेड़े का बर्थ सर्टिफिकेट जारी करते हुए नवाब मलिक ने एक ट्वीट में कहा था,
"समीर के बर्थ सर्टिफिकेट में उनके पिता का नाम दाऊद वानखेडे लिखा है, लेकिन सरकारी रिकार्ड में समीर के पिता का नाम ज्ञानदेव वानखेड़े लिखा है. यहीं से समीर का फर्जीवाडा शुरू होता है."
इसके बाद समीर वानखेड़े ने बयान जारी कर साफ किया कि वे और उनके पिता हिंदू हैं और मां मुस्लिम थीं. समीर ने कहा कि उन्हें अपनी विरासत पर गर्व है और उनसे जुड़े निजी दस्तावेज सार्वजनिक किए जाने से वे आहत हैं. वहीं उनकी पत्नी क्रांति रेडकर ने भी साफ किया कि समीर और उन्होंने कभी धर्मपरिवर्तन नहीं किया और दोनों ने 2017 में हिंदू विवाह किया था. इससे पहले 2016 में समीर वानखेड़े ने अपनी पहली पत्नी से तलाक ले लिया था.