The Lallantop

ऑनलाइन गेमिंग के चक्कर में 2 साल तक होटल में बंद रहा, अब कमरा देख होटल वाले रो रहे

शख्स के चेकआउट करने के बाद जब कमरे की सफाई के लिए कर्मचारी गए, तो उनके होश उड़ गए.

Advertisement
post-main-image
चीन के होटल में 2 साल तक रहा शख्स. (फोटो-सोशल मीडिया)

चीन में एक शख्स ने होटल के सामान्य नियमों की बखिया उधेड़ कर रख दी. शख्स ने होटल में 2 साल के लिए कमरा बुक किया हुआ था. दो साल बाद जब उसने चेक आउट किया तो कमरे के नजारे ने होटल के कर्मचारियों को अवाक कर दिया. होटल का वो कमरा कूड़े के अंबार में बदल चुका था. जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. होटल में काम करने वाले कर्मचारियों ने बताया कि शख्स गेम खेलने का आदी था और इस दौरान शायद ही कभी अपने कमरे से बाहर निकला होगा.

Advertisement

द सन की रिपोर्ट के मुताबिक, मामला चीन के चांगचुन का बताया जा रहा है. जहां यह होटल ईस्पोर्ट्स खेलने वाले खिलाड़ियों के लिए हाई परफॉर्मेंस गेमिंग कंप्यूटर, हाई-स्पीड इंटरनेट और गेमिंग चेयर्स वाले प्राइवेट रूम किराए पर देता है. जहां यह शख्स पिछले 2 साल से रह रहा था. वो खाने-पीने की चीजें भी उसी कमरे में ऑर्डर करता था. शख्स के चेकआउट करने के बाद जब कमरे की सफाई के लिए कर्मचारी गए, तो कमरे में उन्हें कूड़े का ढेर मिला. जिसमें इस्तेमाल किया हुआ टॉयलेट पेपर, खाने के पैकेट और अन्य कई तरह के कचरे शामिल थे.

Advertisement

इसके अलावा गेम खेलने के लिए मेज और दो गेमिंग चेयर्स थी, जो पूरी तरह से कचरे के नीचे दबी हुई मिलीं. कमरे का लगभग हर कोना कचरे से ढका हुआ था. इसके अलावा कुछ जगहों पर तो कम से कम तीन फीट ऊंचे कूड़े के ढेर मिले थे. होटल के कर्मचारियों ने बताया कि उस कमरे की अच्छे से सफाई करने में पूरे तीन दिन का समय लगा. लेकिन इसके बाद भी होटल मैनेजमेंट ने कहा कि कमरे की हालत बहुत खराब हो चुकी है. कमरे को रिनोवेट कराना होगा, उसके बाद ही इसे फिर से किराए पर दिया जा सकता है.

यह भी पढ़ें: अमेरिका में भारतीय मूल का कैब ड्राइवर गिरफ्तार, 21 साल की महिला के रेप का आरोप

होटल के कर्मचारियों ने बताया कि उस शख्स पर अभी भी 10 दिनों से अधिक का किराया बकाया है. जो करीब 300 पाउंड (लगभग 35,950 रुपये) हैं. हालांकि, अब तक होटल के मालिकों ने इस बात की सूचना पुलिस को नहीं दी है और न ही उसकी आइडेंटिटी रिवील की है.

Advertisement

वीडियो: छत्तीसगढ़ में ईसाई और आदिवासी समुदाय क्यों भिड़ गए?

Advertisement