The Lallantop

छत्तीसगढ़: युवक ने दीवार पर लिखा ASI और कांग्रेस नेता का नाम, फिर लगा ली फांसी!

एसपी ने ASI को सस्पेंड किया, कांग्रेस नेता पर भी केस दर्ज.

Advertisement
post-main-image
प्रतीकात्मक तस्वीर. छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में आदिवासी युवक की मौत को लेकर पुलिस सवालों के घेरे में है.
UP पुलिस पर तो एक के बाद एक मामले में सवाल उठ ही रहे हैं, इस बीच छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) पुलिस भी अब सवालों के घेरे में हैं. मामला छत्तीसगढ़ के रायपुर ज़िले का है. बुधवार 20 अक्टूबर को यहां 29 साल के एक आदिवासी युवक ने फाँसी लगाकर जान दे दी. उसने जिस कमरे में खुदकुशी की, उसकी दीवार पर एक पुलिस वाले और एक कांग्रेस के नेता का नाम लिखा था. परिजनों का आरोप है कि इस पुलिस वाले और नेता के उत्पीड़न से तंग आकर ही युवक ने आत्महत्या की. परिजनों ने ASI पर लगाया उत्पीड़न का आरोप आजतक के संवाददाता नरेश शर्मा के मुताबिक़, जिस युवक ने फांसी लगाई, उसका नाम ईश्वर सिगार है. उसके घरवालों का आरोप है कि रायगढ़ के कोतरा रोड थाने के असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (ASI) अर्जुन कुमार चंद्रा उसे परेशान कर रहे थे. एक पारिवारिक ज़मीन के विवाद को लेकर ASI उस पर दवाब बना रहे थे. झूठा रेप केस दर्ज करने की धमकी दे रहे थे. घरवालों का कहना है कि इन बातों को  ईश्वर सिगार सहन नहीं कर पाया और आत्महत्या कर ली. कांग्रेस नेता से हुआ था विवाद इस मामले में ASI के अलावा कांग्रेस के एक नेता का नाम भी आ रहा है. आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक़, कमरे की दीवार पर ASI अर्जुन कुमार चंद्रा के अलावा कांग्रेस के नेता नमो पटेल का नाम भी लिखा था. नमो पटेल और ईश्वर सिगार दोनों ने क़रीब 15 दिन पहले एक दूसरे के ख़िलाफ़ कोतरा थाने में मारपीट का मामला दर्ज़ कराया था. नमो पटेल को छत्तीसगढ़ सरकार में मंत्री उमेश पटेल का नज़दीकी बताया जाता है. ASI निलंबित, नेता पर केस मामले को लेकर ईश्वर को परिजनों ने एसपी ऑफ़िस में दरखास्त लगाकर आरोपियों के ख़िलाफ़ कार्रवाई की मांग की. एसपी अभिषेक मीणा ने आरोपी  ASI अर्जुन चंद्रा को तत्काल प्रभाव से निलम्बित कर दिया है. एसपी के निर्देश पर ASI के ख़िलाफ़ आईपीसी की धारा 306 (आत्महत्या के लिए उकसाने) और धारा 34 (सामान्य इरादे से काम करना) के तहत मुक़दमा दर्ज किया गया है. कांग्रेस नेता नमो पटेल के खिलाफ भी इन्हीं धाराओं में केस दर्ज किया गया है. एसपी ने परिजनों को आश्वासन दिया है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी. इस मामले को लेकर बीजेपी ने भी मोर्चा खोल दिया है. रायगढ़ के बीजेपी जिलाध्यक्ष उमेश अग्रवाल ने निष्पक्ष जांच और परिवार के लिए मुआवज़े की मांग की है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement