बिहार (Bihar) के गोपालगंज मंडल जेल से एक कैदी द्वारा फोन निगलने का मामला सामने आया है. यहां एक कैदी के पास मोबाइल था. उस मोबाइल को सिपाही से छिपाने की जल्दबाजी में कैदी ने फोन ही निगल लिया. फिर क्या था? कुछ ही देर में उस कैदी की तबीयत खराब हो गई. पेट में तेज़ दर्द शुरू हो गया. इतना तेज़ कि उसे खुद जेल प्रशासन को बताना पड़ा कि उसने मोबाइल निगल लिया है. कैदी को जेल से तुरंत हॉस्पिटल ले जाया गया. हॉस्पिटल में एक्स-रे हुआ और पेट में कोई बाहरी चीज़ नजर आई. अब हॉस्पिटल में कैदी का इलाज चल रहा है.
जेल के अंदर फोन चला रहा था कैदी, सिपाही को देखा तो निगल लिया, फिर जो हुआ...
डर के फोन तो निगल गया लेकिन दिक्कत में आ गया.


आजतक के सुनील कुमार तिवारी की रिपोर्ट के मुताबिक इस कैदी का नाम कैशर अली है. कैशर अली को ड्रग्स तस्करी मामले में जेल की सजा मिली हुई है. शनिवार, 18 फरवरी की रात जब कैशर मोबाइल चला रहा था, उसी समय ड्यूटी पर तैनात एक सिपाही आ गया.
सिपाही को आता देख कैशर घबरा गया और उसने उस मोबाइल फोन को निगल लिया. कुछ ही देर में उसके पेट में भयंकर दर्द शुरू हो गया. उसने जेल प्रशासन को पेट में दर्द होने की बात कही. साथ ही ये भी बताया कि उसने मोबाइल निगल लिया है. ये बात सुनते ही उसे तुरंत गोपालगंज सदर अस्पताल ले जाया गया. कैदी को अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में एडमिट कराया गया. डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया.
सदर अस्पताल में इमरजेंसी वार्ड के डॉक्टर सलाम सिद्दीकी ने बताया,
मंडल कारा (जेल) से कैदी कैशर अली को पेट दर्द की शिकायत होने के बाद लाया गया था. उसके पेट का एक्स-रे कराया तो पेट में फॉरेन पार्टिकल होने की पुष्टि हुई. पूछने पर पता चला कि पकड़े जाने के डर से उसने मोबाइल निगल लिया था.
कैदी कैश अली का अस्पताल में इलाज चल रहा है. कैशर अली को 17, जनवरी 2020 को स्मैक के साथ पुलिस ने गिरफ्तार किया था. फिर कोर्ट ने उसे जेल की सजा सुनाई थी, तभी से वह मंडल कारा में बंद है.
ये भी पढ़ें- स्विगी डिलीवरी बॉय महिला का मोबाइल उठाकर निकल लिया, लोग बोले, 'चोरी कहना गलत'
वीडियो: तिहाड़ जेल में कैदी ने निगले चार मोबाइल फ़ोन, फिर बहुत बड़ी दिक्कत हो गई






















