The Lallantop

बिहार : मुसलमान साधु के भेष में भीख मांग रहे थे, बजरंग दल ने पीटा, पुलिस ने छोड़ दिया!

बजरंग दल वालों पर केस, साधुओं ने कहा - "हर साल सावन में बैल के साथ भीख मांगते हैं"

Advertisement
post-main-image
बजरंग दल के नेता ने साधु के वेश में भीख मांग रहे लोगों को रोहिंग्या मुसलमान बताकर पीटा | फोटो: आजतक/ट्विटर

बिहार (Bihar) का वैशाली जिला. यहां के हाजीपुर (Hajipur) इलाके का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. इसमें कुछ लोगों की पिटाई की जा रही है. बताया जा रहा है कि ये वीडियो हाजीपुर के कदम घाट इलाके का है. जिन 6 लोगों की पिटाई हो रही है वो मुस्लिम हैं और यहां साधु के वेश में भीख मांग रहे थे. इन लोगों के साथ नंदी बैल भी था.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
बजरंग दल के नेता का दावा- पकड़े गए साधु रोहिंग्या मुसलमान

आजतक से जुड़े संदीप आनंद के मुताबिक, हाजीपुर के कदम घाट पर कुछ साधु आराम कर रहे थे. कुछ लोगों को इनके हिंदू होने पर शक हुआ तो उन्होंने राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को इसकी सूचना दी. इन कार्यकर्ताओं ने कदम घाट पर पहुंचकर पूछताछ शुरू कर दी. पूछताछ के दौरान साधु के वेश में घाट पर आराम करने वाले लोग मुस्लिम निकले. इसके बाद बजरंग दल के लोगों ने इनकी पिटाई शुरू कर दी. वायरल वीडियो में जो व्यक्ति इन लोगों को पीट रहा है, वह खुद का नाम आर्यन सिंह बताता है, और बजरंग दल का जिलाध्यक्ष होने का दावा करता है. वीडियो में आर्यन सिंह साधु के वेश में पकड़े गए लोगों के रोहिंग्या मुसलमान होने का दावा भी करता है.

Advertisement
बजरंग दल वाले पीटते रहे, पुलिस देखती रही!

आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक, खबर मिलते ही मौके पर हाजीपुर पुलिस पहुंच गई. लेकिन मूकदर्शक बनी रही. पुलिस वालों के सामने भी राष्ट्रीय बजरंग दल का नेता आर्यन सिंह साधु का वेश रखे लोगों पर लात घूंसे बरसाता रहा. कुछ देर तमाशा देखने के बाद पुलिस इन्हें थाने ले आई. वहां मुस्लिम युवकों ने बताया कि वो ये काम सालों से करते आए हैं, उनके पुरखे भी नंदी के साथ भीख मांगते थे, अपनी परम्परा के अनुसार वो नंदी के साथ घूमते हैं.

पुलिस के मुताबिक, इन लोगों के पास से दो आधार कार्ड और चार मोबाइल मिले हैं. पूछताछ के दौरान उन्होंने ये भी बताया कि वे यूपी के बहराइच जिले के रहने वाले हैं और सावन के महीने में बैल लेकर भीख मांगते हैं. पुलिस ने सभी युवकों को कार्रवाई के बाद PR बांड पर रिहा कर दिया. नंदी बैल को गौशाला भेज दिया गया है.

वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस ने बजरंग दल पर लिया ये एक्शन

आजतक के मुताबिक जब बेरहमी से पिटाई का वीडियो वायरल हुआ और पीटने वालों पर सवाल उठे तो पुलिस ने बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के खिलाफ भी एक्शन लिया. हाजीपुर पुलिस ने राष्ट्रीय बजरंग दल के नेताओं और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ धार्मिक उन्माद फैलाने और IT एक्ट के तहत मामला दर्ज किया.

Advertisement

वीडियो देखें : यूपी में पुलिस कस्टडी में हुईं सबसे ज्यादा मौतें, ये रहा डेटा

Advertisement