The Lallantop

हिमंता बिस्वा सरमा ने स्कूल में की 'नकल', खिंचाई हुई तो लोग 2015 वाले राहुल गांधी को ले आए

मई 2015 राहुल गांधी भी 'नकल' करने की वजह से चर्चा में आए थे.

Advertisement
post-main-image
स्कूल की विजिटिंग डायरी में लिखते हिमंता बिस्वा सरमा. (स्क्रीनशॉट- ट्विटर)

'छोड़ो कल की बातें, कल की बात पुरानी.' लेकिन मामला ऐसा है कि पहले पुरानी बात ही करने पड़ेगी. शुरू तो असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा से करनी चाहिए. लेकिन करेंगे नहीं. पहले राहुल गांधी के पास चलते हैं. अभी के राहुल गांधी नहीं. लगभग आठ साल पहले के राहुल गांधी. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

मई, 2015. नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बने करीब एक साल हो चुका था. देश की राजनीति 'मोदी लहर' के साथ बह रही थी. बीजेपी 'कांग्रेस मुक्त भारत' का आह्वान कर रही थी. राहुल गांधी को राजनीतिक रूप से अयोग्य, या कहें 'पप्पू' साबित करने का अभियान जोरों पर था. इसी बीच 1 मई, 2015 को राहुल गांधी की एक तस्वीर वायरल हुई. वो एक मोबाइल फोन की मदद से एक डायरी में कुछ लिखते दिखे. तस्वीर भी दिखा देते हैं.

साभार- आजतक.

उस वक्त की रिपोर्टों के मुताबिक तस्वीर दिल्ली स्थित नेपाली दूतावास की थी. अप्रैल 2015 में नेपाल में आए भीषण भूकंप में करीब 9 हजार लोगों की मौत हुई थी. राहुल गांधी ने उन्हीं लोगों को श्रद्धांजलि देते हुए दूतावास की डायरी में शोक संदेश लिखा था. लेकिन सीधा नहीं लिखा. संदेश पहले से फोन में सेव था. राहुल ने उसे देखकर डायरी में कॉपी किया था.

Advertisement

तब बीजेपी नेताओं ने तंज कसते हुए कहा था कि ‘कांग्रेस के राजकुमार’ को शोक संदेश भी लिखना नहीं आता. इसके लिए भी उन्हें दूसरों की मदद की जरूरत पड़ती है. ट्विटर पर 'पप्पू कांट डांस साला' गाने की तर्ज पर हैशटैग चलाया गया '#PappuCantWriteSaala'.

अब नई बात. असम के मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता हिमंता बिस्वा सरमा का एक वीडियो वायरल है. इसे देखकर लोगों को राहुल गांधी की वही 2015 वाली तस्वीर याद आ गई. वीडियो में सीएम सरमा पहले से तैयार नोट को देखकर एक डायरी में कुछ लिख रहे हैं. बल्कि ये कहना बेहतर होगा कि लिखने की कोशिश कर रहे हैं.

मामला क्या है?

हाल में हिमंता बिस्वा सरमा असम के एक मीडियम स्कूल के दौरे पर गए थे. स्कूल की विजिटिंग डायरी में उन्हें संदेश लिखना था. सीएम सरमा ने संदेश लिखा. लेकिन पहले से तैयार नोट को देखकर. वीडियो में दिख रहा है कि अंग्रेजी में लिखे संदेश को कॉपी करने में हिमंता बिस्वा सरमा को दिक्कत हो रही थी. क्यों? क्योंकि उनकी अंग्रेजी पर कमांड नहीं है. हिंदी पर भी नहीं है. इससे हमें कोई दिक्कत नहीं. लेकिन कई लोगों को हो गई.

Advertisement

रौशन राय नाम के ट्विटर यूजर ने हिमंता बिस्वा सरमा का ये वीडियो पोस्ट कर लिख दिया,

"ये हैं असम के मुख्यमंत्री जो नकल किए बिना विजिटर बुक में एक पैरा भी नहीं लिख सकते."

कैप्शन के साथ रौशन ने ‘हाहाहा’ वाली इमोजी भी डाल दी. खबर लिखे जाने तक वीडियो को 25 लाख से भी ज्यादा बार देखा जा चुका था. कई लोगों ने रौशन की बात पर सहमति जताई और हिमंता बिस्वा सरमा को ‘अनपढ़ सीएम’ कहना शुरू कर दिया. जैसे ये ट्वीट देखिए,

ऐसी टिप्पणियों की टक्कर में कुछ लोग राहुल गांधी की वही 2015 वाली तस्वीर उठा लाए. प्रदीप गोयल नाम के ट्विटर यूजर का ये ट्वीट देखिए,

इस बीच खुद हिमंता बिस्वा सरमा ने वायरल ट्वीट को रीट्वीट कर बताया कि उनकी हिंदी और अंग्रेजी अच्छी नहीं हैं. उन्होंने लिखा,

"मैं एक असमी मीडियम स्कूल में गया था. मैं हिंदी और इंग्लिश सीखने की पूरी कोशिश कर रहा हूं. मैं मानता हूं कि मेरी अंग्रेजी और हिंदी की जानकारी बहुत अच्छी नहीं है. मुझे ये मानने में कोई हिचक नहीं."

मामला क्या है, हमने बताया. वीडियो वायरल क्यों हुआ, हमने बताया. कौन किस पर क्या कीचड़ उछाल रहा, ये भी बताया. आगे यही कहना है- देश-दुनिया की तमाम खबरों के लिए देखते-पढ़ते रहिए, दी लल्लनटॉप!

वीडियो: बिहार के वायरल बॉय सोनू का अब कौन सा नया वीडियो वायरल हो रहा है? क्या है इस वीडियो में?

Advertisement