The Lallantop

सोया कैब ड्राइवर, खुद ड्राइव करके घर पहुंची सवारी

ड्राइवर को पइसे दिए. लेकिन ऊबर कैब वालों से शिकायत की तो वो उल्टा ज्ञान देने लगे. इस बंदे की भलमानता आपको पढ़नी चाहिए.

Advertisement
post-main-image
picture credit: Reuters
ईशान गिल को दिल्ली से अपने घर गुड़गांव जाना था. बहुत रात हो रही थी. सेफली और जल्दी पहुंचने के लिए हम सब कैब का इस्तेमाल करते हैं. ईशान ने भी वही किया. ऐप यूज करके ऊबर वालों से कैब मंगवाई. कैब आई. कैब में बैठ कर ईशान को लगा कि ड्राइवर गाड़ी चलाते-चलाते झपकियां ले रहा है. ईशान ने 2-3 बार उससे पूछा भी. ड्राइवर बोला कि सब ठीक है, कुछ नहीं हुआ. फिर भी ईशान थोड़ा सा सतर्क हो गया. लेकिन फिर अपने मोबाइल में बिजी हो गया. साकेत से जब वो लोग थोड़ा आगे बढ़े. ईशान ने एकदम से मोबाइल से नज़र उठाई. रोड पर देखा तो लगा कि उनकी गाड़ी एक खंभे से टकराने ही वाली थी.
 चिल्लाकर ईशान ने ड्राइवर को झंझोड़ा. ड्राइवर से कहा, 'गाड़ी साइड में ले ले.' देखा तो ड्राइवर गहरी नींद में सो चुका था.
ईशान को समझ नहीं आया क्या करें. ड्राइवर ने नींद में ही ब्रेक मार दिया था. गाड़ी रुक चुकी थी. लेकिन ड्राइवर सो रहा था. काफी देर तक ईशान ने उसको जगाने की कोशिश की.  बहुत देर बाद उसकी नींद खुल गयी.
माफ़ी मांगने लगा. बोला 'सर, देर तक जगे रहने के लिए गोलियां खायीं थीं. अब चक्कर आ रहा है. अब ड्राइव नहीं किया जा रहा.'
ईशान के पास ड्राइविंग लाइसेंस था. उसने ड्राइवर से कहा कि वो खुद ही गाड़ी चला कर अपने घर तक ले जाएगा. ड्राइवर मान गया. उसको 'थैंक यू' भी बोलने लगा. ईशान जैसे ही ड्राइवर सीट पर आया, ड्राइवर फिर से गहरी नींद सो गया. गाड़ी ले जा कर ईशान ने अपनी बिल्डिंग के गेट के अन्दर ही खड़ी कर दी. पेमेंट करने के लिए मीटर देखा तो 500 से कुछ कम किराया हुआ था. ड्राइवर को पैसा देने के लिए जगाया तब भी उसकी नींद नहीं खुली. लास्ट में ईशान ने उसकी जेब में 500 की नोट डाल दी. रात भर ड्राइवर वहीं अपनी कैब में सोया. ईशान ने अपनी बिल्डिंग के गार्ड को बोल दिया कि ड्राइवर का ज़रा ध्यान रखे. फिर ऊबर ऐप पर रिव्यू में अपनी पूरा कहानी लिख डाली. उसके बाद उनके पास ऊबर से फ़ोन और मेसेज आ रहे हैं कि उनको खुद गाड़ी ड्राइव नहीं करनी चाहिए थी. फिर से बुकिंग कर के अगली कैब का वेट करना चाहिए था. लेकिन ईशान को इस बात पर बहुत गुस्सा आया. उन्होंने कंपनी वालों को काफी सुनाया. अब ऊबर वाले ईशान को 500 रुपये वापस देने की बात कर रहे हैं.

एक फ्रेंडली रिक्वेस्ट....

प्रिय पैसेंजर:

अगर कभी भी लगे कि जिस कैब से आप ट्रैवल करने वाले हैं उसके साथ कुछ गड़बड़ है. चाहे कैब ख़राब है. या ड्राइवर बीमार है. या उसने शराब पी हुई है. कुछ भी. तो बैठने से पहले ही उस ड्राइवर को मना कर दें. वो राइड ही कैंसल कर दें. अगली राइड के लिए अप्लाई कर दें. कम से कम बीच रास्ते में  इस तरह से परेशान होने की नौबत ही नहीं आएगी. अगर कभी बीच रास्ते में ऐसा कुछ हो जाये जैसा ईशान के साथ हुआ. नज़रें सडक पर ज़रूर रखिये ताकि होने वाले एक्सीडेंट तो टाला जा सके. खुद ड्राइव करना आता है तो ड्राइव कर लीजिये. नहीं तो प्लीज अपने किसी भरोसेमंद शख्स को फ़ोन कर के उस जगह बुला लीजिये जहां आप रुक गए हों.   प्रिय ड्राइवर:  अगर आपकी तबीयत ठीक नहीं है. या आपने शराब पी है तो प्लीज कैब मत चलाइए. उस दिन की ड्यूटी ख़त्म कर दीजिए. हो सकता है एक एक्स्ट्रा चक्कर कैब चला लेने से आपको ज्यादा इंसेंटिव मिल जाये. लेकिन बहुत ज्यादा पॉसिबिलिटी है कि आपको और आपके पैसेंजेर की ज़िन्दगी डेंजर में पड़ जाए.  

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement