The Lallantop

'लगा पाकिस्तान ने मिसाइल मारी है', अहमदाबाद प्लेन क्रैश के इस पीड़ित ने ऐसा क्यों कहा?

12 जून को, लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ सेकंड बाद क्रैश हो गई. फ्लाइट क्रैश होकर बीजे मेडिकल कॉलेज में ही जाकर गिरी थी.

Advertisement
post-main-image
जिस समय एयर इंडिया का प्लेन बीजे मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल में गिरा, मेस में छात्र खाना खा रहे थे. (India Today)

“लंच का समय था. दोपहर करीब 1:30 बजे मैं अपने दोस्तों के साथ मेस में खाना खा रहा था. अचानक दीवारें गिरने लगीं और छत टूटने लगी. पहले तो लगा जैसे धूल का तूफान आया हो. फिर सोचा कि भूकंप आया होगा. फिर मुझे लगा कि पाकिस्तान ने मिसाइल से हमला किया है. डर के मारे मैंने अपने चेहरे पर हाथ रख लिए. जब हाथ हटाए, तो ऊपर से सूटकेस गिरते दिखे. तब मुझे लगा कि शायद कोई प्लेन क्रैश हुआ है."

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

बीजे मेडिकल कॉलेज में पढ़ने वाले MBBS सेकेंड ईयर के छात्र केशव भड़ाना जब NDTV को उस दिन की आपबीती सुना रहे थे तब भी उनके सिर और हाथ में पट्टी बंधी हुई थी. 12 जून को, लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ सेकंड बाद क्रैश हो गई. फ्लाइट क्रैश होकर बीजे मेडिकल कॉलेज में ही जाकर गिरी थी.

इस हादसे में 274 लोग मारे गए, जिनमें विमान में सवार 241 लोग के अलावा मेडिकल कॉलेज हॉस्टल के छात्र और डॉक्टर्स के रिश्तेदार भी शामिल हैं. इस दुर्घटना में केशव ने भी अपने चार दोस्त खोए हैं. वो केशव बताते हैं,

Advertisement

“उस समय मेरे फ्लोर पर 50 बच्चे खाना खा रहे थे. मेरी टेबल पर छह दोस्त थे, जिनमें से चार की मौत हो गई. उनमें से एक मेरा बहुत करीबी दोस्त था.”

इसी समय केशव भी घायल हुए. उन्होंने कहा कि एक दीवार उन पर गिर रही थी. वो पीछे गिरे और गिरते समय उनके हाथ, पैर और सिर में चोट लगी. केशव बताते हैं कि हादसे के दौरान उनके पैर मलबे में दब गए थे.

केशव ने बताया कि मेस में सिलेंडर फटने से हालात और बिगड़ गए थे. वो कहते हैं, 

Advertisement

“हम मेस की पहली मंजिल पर थे. हर कोई चीख रहा था. चारों तरफ काला धुआं था, कुछ दिख नहीं रहा था. अचानक मेस में सिलेंडर फटने लगे. तब तक कई लोगों ने हिलना-डुलना बंद कर दिया था. शायद उनकी मौत हो गई थी. हम बड़ी मुश्किल से बाहर निकले."

केशव ने बताया कि अस्पताल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनसे मिलने आए थे. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने उन्हें बहुत हिम्मत दी.

वीडियो: अहमदाबाद प्लेन क्रैश में मारे गए लॉरेंस की मां ने क्या बताया है?

Advertisement