अरविंद केजरीवाल सही कहते हैं. सब मिले हुए हैं. AAP के विधायक भी और बीजेपी के भी. तभी तो एक को दिल्ली पुलिस ने धर लिया और दूसरे को पार्टी ने निकाल फेंका. दोनों विधायक जी संडे को नप गए हैं. दोनों ने एक जैसी करतूत की. लड़कियों से बदसलूकी की घटिया करतूत का आरोप है दोनों विधायकों पर.
पहले टुन्ना पांडे के बारे में जान लीजिए
टुन्ना पांडे बीजेपी के विधायक हैं. बिहार के सिवान से. संडे को पुलिस ने टुन्ना को साथ में ट्रैवल कर रही लड़की को छेड़ने के जुर्म में अरेस्ट कर लिया है.

शनिवार को टुन्ना पूर्वांचल एक्सप्रेस ट्रेन से जा रहे थे. रात का टाइम हो गया था. सब अपने-अपने बर्थ पर लुढ़कने लगे थे. पता नहीं क्या खुरापात सूझा, साथी पैंसेजर को छेड़ दिए. वो अपने बर्थ पर सो रही थी. टुन्ना की इस हरकत से वो जाग गई. ट्रेन में तो पुलिस घूमते ही रहते हैं. उसने उनसे शिकायत कर दी. फिर क्या संडे को उन्होंने पांडे को उठा लिया. इधर बीजेपी ने भी उनको पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया. GRP ऑफिसर संजय सिंह के मुताबिक टुन्ना ने लड़की को बाथरूम में ले जाने की कोशिश की थी.
टुन्ना ने अपने ऊपर लगे सारे आरोपों को खारिज किया है. पांडे ने कहा कि वो बस अपने फोन का चार्जर निकाल रहे थे. उन्होंने अपनी सफाई में कहा, 'मुझे तो ये भी नहीं पता था कि लड़का सो रहा है या लड़की.'
अब बारी AAP विधायक अमानतुल्ला की
इधर AAP के ओखला विधायक अमानतुल्ला खान को दिल्ली पुलिस ने संडे को अरेस्ट कर लिया. इन पर भी टुन्ना की तरह लड़की के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगा है. इनके खिलाफ तीन अलग-अलग शिकायतें दर्ज कराई गई हैं. पुलिस ने अमानतुल्ला खान पर आईपीसी की धारा 509 और 506 लगाया है.

AAP के विधायक को पुलिस भर ले जाए और केजरीवाल मोदी पर आरोप न लगाएं, ऐसा हो नहीं सकता. जैसे ही अमानतुल्ला खान की गिरफ्तारी के बारे में केजरीवाल को पता चला, लगे मोदी पर आग उगलने. उन्होंने कहा, '
आनंदीबेन गुजरात में दलितों पाटीदारों को झूठे केस में जेल भेजती हैं. और मोदी जी दिल्ली वालों को झूठे केस में जेल भेजते हैं. मोदी ने एक और AAP विधायक को गिरफ्तार किया है.'
एक तरफ केजरीवाल मोदी को घेरे थे. तो दूसरी तरफ उनके समर्थकों ने जामिया नगर पुलिस चौकी को घेर रखा था. वो लगातार वहां प्रदर्शन कर रहे थे. उन्होंने सड़क को भी जाम कर रखा था.