The Lallantop

हिंदू सेना वाले तलवार ले आफताब को मारने आए, उनके अध्यक्ष बोले- हम तो संविधान मानते हैं

दिल्ली पुलिस ने बताया है कि हिंदू सेना के लोग तलवार लेकर आए थे.

Advertisement
post-main-image
आफताब की गाड़ी पर हमला करता हिंदू सेना का कार्यकर्ता, संगठन का अध्यक्ष विष्णु गुप्ता. (फोटो: आजतक/ट्विटर)

श्रद्धा मर्डर केस (Shraddha Murder Case) के मुख्य आरोपी आफताब पूनावाला (Aftab Poonawala) पर हमला करने के संबंध में हिंदू सेना (Hindu Sena) के अध्यक्ष का बयान आया है. उन्होंने दावा किया कि उनका संगठन संविधान में विश्वास करता हैं और इस घटना से उनका कोई लेना-देना नहीं है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

इससे पहले दिल्ली पुलिस ने बताया था FSL ऑफिस के बाहर हिंदू सेना के कार्यकर्ताओं ने उस पुलिस वैन पर हमला किया, जिसमें वो आफताब को लेकर जा रहे थे. ये लोग पूरी तैयारी के साथ आए थे और उनके पास कई तलवारें थीं. हिंदू सेना के लोगों को दूर करने के लिए पुलिसकर्मियों को अपनी बंदूकें तक निकालनी पड़ गईं. हालांकि, अब हिंदू सेना का कहना है कि वे ऐसे कृत्य का समर्थन नहीं करते हैं. इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विष्णु गुप्ता ने कहा,

'इन कार्यकर्ताओं ने जो कुछ किया है, ये उनकी निजी भावनाएं हैं. पूरा देश देख रहा है कि किस तरह आफताब ने एक हिंदू लड़की को टुकड़ों में काट दिया था. संगठन ऐसे किसी काम की इजाजत नहीं देता है, जो संविधान के खिलाफ है. हम भारत के कानून में विश्वास रखते हैं.'

Advertisement

वैन पर हमला करने वाले एक शख्स ने बताया था कि वे गुरुग्राम से आए थे और उनके ग्रुप में करीब 15 लोग थे. उसने कहा,

'आफताब ने हमारी बहन की हत्या कर उसके 35 टुकड़े कर दिए थे. हम उसके 70 टुकड़े करेंगे.'

वीडियो में ये स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि ये लोग किस तरह गाड़ी के पीछे भाग रहे हैं और खुले तौर पर हवा में तलवार लहरा रहे हैं. एक पुलिसकर्मी जब उन्हें हटाने की कोशिश करता है, तो वे उसे धमकाते हुए दिखाई दे रहे हैं. जिसके बाद पुलिसकर्मियों को अपनी बंदूकें निकालनी पड़ीं.

Advertisement

रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने इसमें से दो हमलावरों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है. सूत्रों ने बताया कि पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि इन लोगों को आफताब का पता कैसे लग गया. पुलिस ये पता लगाएगी कि क्या ये लोग किसी के निर्देश पर हमला करने आए थे.

वीडियो: श्रद्धा हत्याकांड के बाद अब पति के 10 टुकड़े कर फ्रिज में रखे, फिर ठिकाने लगाया!

Advertisement