The Lallantop

ब्रिटेन के राजकुमार ने अपनी किताब में जो लिखा है, वो क्या देश में राजशाही को खत्म कर देगा?

पूरे देश में बवाल मच गया है.

Advertisement
post-main-image
प्रिंस की किताब का कवर और मौजूदा किंग चार्ल्स (फोटो - रायटर्स/सोशल मीडिया)

ब्रिटेन के प्रिंस हैरी (Prince Harry) ने अपनी आत्मकथा लिखी है. अंग्रेज़ी में नाम है: 'स्पेयर'. दुनिया भर में 11 जनवरी को लॉन्च की जाएगी, लेकिन BBC के एक पत्रकार को किताब के स्पैनिश तर्जुमा की एक कॉपी मिल गई. स्पैनिश वाले वर्ज़न का नाम है,  'En La Sombra'. लॉन्च से पहले स्पेन के बुकस्टोर्स में किताब का स्टॉक सजाया जा रहा था. जैसे ही लोगों ने नज़र पड़ी, लोगों ने ख़रीदना शुरू कर दिया. बुकस्टोर्स ने देखा कि लोगों ने ख़रीदना शुरू कर दिया है, तो उन्होंने फ़ौरन बिक्री रोक दी. मगर तब तक 'डैमेज' हो चुका था.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

डैमेज इसलिए कि रॉयल परिवार के सदस्यों ने पहले भी कई संस्मरण लिखे हैं, लेकिन ये अलग है. प्रिंस हैरी ने विस्फोटक खुलासे किए हैं. अपने, परिवार के और राजशाही के बारे में. राजकुमार ने ऐसा क्या लिख दिया कि लोग उन्हें जेल में बंद करने की बात कर रहे हैं?

'बड़े भाई प्रिंस विलियम ने मुझे पटककर मारा था'

द गार्डियन ने 5 जनवरी को किताब का एक अंश छापा, जिसमें हैरी ने आरोप लगाए हैं कि विलियम ने उनपर हमला किया था. हैरी की पत्नी मेघन को लेकर कुछ बात हुई. बात बढ़ गई और विलियम उनपर टूट पड़े. लिखा है,

Advertisement

"..वो मेरी तरफ़ बहुत तेज़ी से आया. सबकुछ इतना जल्दी हुआ कि मैं समझ भी न पाया. बहुत जल्दी. उसने मेरा कॉलर पकड़ा, मेरी चेन खींच ली और उठा कर फ़र्श पर पटक दिया. कुत्ते को जिस कटोरी में खाना दिया जाता है, मैं सीधे उसपर गिरा. मेरी पीठ लगकर कटोरी टूट गई. कटोरी के टुकड़े मेरी पीठ में चुभ गए. मैं कुछ देर चित्त पड़ा रहा. फिर उठा और उसे निकल जाने को कहा."

केंसिंग्टन पैलेस और बकिंघम पैलेस दोनों ने कहा है कि वे कोई टिप्पणी नहीं करेंगे (फोटो - गेटी)
नाज़ी वाली ड्रेस पहनने के लिए किसने कहा था?

जनवरी 2005 में एक कॉस्ट्यूम पार्टी में प्रिंस हैरी ने एक नाज़ी यूनिफ़ॉर्म पहन ली थी. ब्रिटेन और नाज़ी जर्मनी का इतिहास ऐसा है कि दुनिया भर में ख़बर चली. हैरी ने अपनी किताब में बताया है कि प्रिंस विलियम और केट मिडलटन ने ही उन्हें नाज़ी यूनिफ़ॉर्म पहनने के लिए कहा था. हैरी ने ये भी लिखा कि जब वो पार्टी के लिए तैयार हो रहे थे, तो विलियम और केट हंस रहे थे. और, वो इस फ़ैसले को अपने जीवन की सबसे बड़ी गलतियों में से एक गिनते हैं.

अफ़ग़निस्तान में 25 तालिबानी मारे; तालिबान ने लपेट लिया!

हैरी ने तालिबान के ख़िलाफ़ दो दौरों में सेवा की है. पहला, एयर कंट्रोलर के तौर पर 2007-2008 में हवाई हमले में. फिर 2012-2013 में हेलीकॉप्टर हमले में. प्रिंस हैरी ने अपने संस्मरण में दावा किया है कि उन्होंने अफ़ग़ानिस्तान में 25 तालिबानी लड़ाकों को मारा था. इस बयान के बाद हैरी की आलोचना हो रही है. सेना और यहां तक कि उनके दोस्त भी कह रहे हैं कि उनका ये कहना सैनिक की स्पिरिट के ख़िलाफ़ है.

Advertisement
31 अक्टूबर, 2012: अफगानिस्तान के हेलमंड प्रांत के कैंप बैस्टियन में (फोटो: गेटी)

उनके सेना के साथी पूर्व मरीन बेन मैकबीन ने BBC को बताया कि उन्हें हैरी पर गर्व है, लेकिन ये बात करना ठीक नहीं कि आपने कितने लोगों को मारा था. उन्होंने ये भी कहा कि उनकी इस बात से न केवल शाही परिवार, बल्कि पूरा ब्रिटेन जोख़िम में पड़ सकता है.

तालिबान ने भी प्रिंस हैरी के दावों पर प्रतिक्रिया दी है. तालिबान के उप-प्रवक्ता बिलाल करीमी ने कहा,

"ये मुद्दा कोई नया नहीं है. सभी क़ब्ज़ा करने वाले देशों ने हमारे देश में इसी तरह के अपराध किए हैं. ये दुर्भाग्यपूर्ण है कि पश्चिमी देश ख़ुद को मानवाधिकारों का समर्थक मानते हैं. और, असल में इस तरह का अपराध करते हैं."

ब्रिटिश सेना पर मासूम अफ़ग़ान नागरिकों की हत्या के आरोप लगते रहते हैं.

कोकेन लेता था राजकुमार

प्रिंस हैरी ने अपने पैनिक अटैक्स और तनाव के बारे में खुलकर लिखा है. ख़ासतौर पर वो अटैक्स जो उन्हें किसी भाषण या इंटरव्यू से पहले आते थे. लेकिन उन्होंने इस बारे में भी बहुत खुलकर लिखा कि इससे निपटने के लिए उन्होंने ड्रग्स लिए. लिखते हैं,

"साइकेडेलिक दवाओं ने भी मेरी मदद की. मज़े के लिए मैंने कई सालों तक ड्रग्स के साथ प्रयोग किए, लेकिन फिर मैंने उन्हें दवा की तरह लेना शुरू कर दिया था."

17 की उम्र में वर्जिनिटी लूज़ की

ईटन कॉलेज में अपने समय को याद करते हुए हैरी ने 17 साल की उम्र से कोकेन और गांजा सरीखे ड्रग्स के इस्तेमाल के बारे में लिखा है.

उन्होंने इस बारे में भी लिखा कि पहली बार सेक्स कहां किया, वर्जिनिटी कहां लूज़ की. एक पब के पीछे. मैदान में. अपने से उम्र में बड़ी औरत के साथ.

पिता को कहा था, कैमिला से शादी न करो

हैरी ने अपनी किताब अपनी पत्नी मेघन, अपने बच्चों और अपनी मां को किताब डेडिकेट की है. हैरी ने ये भी लिखा है कि अपनी मां डायना के साथ बात करने के लिए उन्होंने एक मनोवैज्ञानिक की मदद ली. और, वो मनोवैज्ञानिक ऐसा कहता है कि डायना ने हैरी से कहा कि वो बहुत ख़ुश हैं ये देखकर कि हैरी वो जीवन जी रहा है, जो वो कभी न जी पाईं.

नवंबर 1992: प्रिंस चार्ल्स और राजकुमारी डायना की अंतिम आधिकारिक यात्रा (फोटो: गेटी)

हैरी ने खुले तौर पर लिखा है कि वो नहीं चाहते थे कि उनके पिता किंग चार्ल्स कैमिला से शादी करें. और इस बात पर वो और विलियम एकमत थे.

लोग क्या कह रहे?

द पैलेस पेपर्स: इनसाइड द हाउस ऑफ़ विंडसर लिखने वाली टिना ब्राउन ने प्रिंस हैरी को 'मानव बम' का नाम दिया है. ब्राउन ने BBC रेडियो से बात करते हुए कहा, 'मुझे लगता है कि ये बहुत ही दुखद समय है. हैरी मानव बम में बदल चुका है.’

रॉयल फ़ैमिली ने हमेशा से 'नेवर कंप्लेन, नेवर एक्सप्लेन' यानी ना शिकायत करेंगे और ना ही सफाई देंगे वाली पॉलिसी का पालन किया है. ब्राउन ने कहा कि हालिया घटना ने उन्हें दुविधा में डाल दिया है. उनके लिए चुप रहना मुश्किल हो चुका है.

हालांकि, रॉयल फ़ैमिली ने अभी तक कोई बयान नहीं दिया है. ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने भी किताब के ऊपर कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया है.

ब्रिटिश आर्मी के एक रिटायर्ड अफ़सर कर्नल टिम कॉलिन्स ने किताब को शर्मनाक बताया. टिम कॉलिन्स इराक़ वॉर का हिस्सा रहे. उन्होंने कहा, 'जिस परिवार में हैरी का जन्म हुआ, उसकी निंदा करने के बाद अब अपनी दूसरी फ़ैमिली मिलिटरी का धुर-विरोधी बन चुका है.'

ब्रिटेन की राजशाही के कई समर्थक सोशल मीडिया पर प्रिंस हैरी को जेल में बंद करने की बात कह रहे हैं.

किताब से कितना पैसा मिला?

अभी तक बुक डील से मिलने वाली रकम की आधिकारिक जानकारी उपलब्ध नहीं है. हालांकि, मीडिया रपटों में दावा किया गया है कि किताब छापने वाले पेंगुइन रैंडम हाउस ने हैरी को लगभग 165 करोड़ रुपये एडवांस में दिए हैं. पेंगुइन ने कहा है कि किताब से मिलने वाली रॉयल्टी का कुछ हिस्सा एक चैरिटी आर्गेनाइज़ेशन को जाएगा. सेंतेबेल नाम का संगठन लेसोथो और बोत्सवाना में एड्स पीड़ित बच्चों की देखभाल करता है. उनको लगभग 12 करोड़ रुपये मिलेंगे. और, वेलचाइल्ड को लगभग ढाई करोड़ रुपये दिए जाएंगे.

(ये स्टोरी हमारे साथी अभिषेक के इनपुट्स के साथ लिखी गई है)

दुनिया के वो कौन से देश हैं जहां ख़त्म नहीं हुई है राजशाही?

Advertisement