The Lallantop

वो म्यूज़िक डायरेक्टर जिसके सुपरहिट गानों को आप रहमान की कंपोज़ीशन समझ लेते हैं

आज बड्डे पर सारी गलतफहमी दूर कर लो.

Advertisement
post-main-image
फोटो - thelallantop
हिंदी सिनेमा में ऐसा कई बार हुआ है कि फिल्म नहीं चली मगर फिल्म के गाने रिकॉर्ड तोड़ चले. ऐसा भी हुआ है कि फिल्म रिलीज़ के समय न चली हो मगर बाद में सराही गर्ई हो. और ऐसे भी कई नाम हुए हैं जिन्होंने एक ही फिल्म से अपना नाम हिंदी सिनेमा के क्लासिक्स में दर्ज करवा लिया मगर इसके बाद कोई दूसरी पहचान नहीं बना पाए. और ये सब एक फिल्म में भी हुआ है.
 
‘रहना है तेरे दिल में’, 2001 में आई एक रोमांटिक फिल्म. ये फिल्म तमिल की हिट ‘मिनाले’ की रीमेक थी. फिल्म रिलीज़ के समय तो कुछ खास नहीं कर पाई मगर टीवी पर टेलीकास्ट होने के बाद इसने काफी हद तक कल्ट स्टेटस पा लिया. आर माधवन की मैडी वाली इमेज भी इस फिल्म ने स्थापित की. मगर फिल्म का जो सबसे ज़्यादा सफल पक्ष था वो था इसका संगीत.

“सुंदर-सुंदर वो हसीना बड़ी सुंदर मैं उसके नशे में बिन पिए बहका, सच कह रहा है दीवाना,”

ऑरकुट के स्क्रैप भेज-भेज कर जवान हो रही पीढ़ी को उसका ब्रेकअप एंथम मिल गया था. इसके अलावा ‘दिल को तुमसे प्यार हुआ’, ‘ज़रा-ज़रा महकता है’, जैसे गानों के बिना तो आज भी रिऐलटी शो पूरे नहीं होते हैं. फिल्म के गाने भी तमिल से ही हिंदी में लिए गए थे और संगीतकार थे हैरिस जयराज. 8 जनवरी को पैदा हुए हैरिस तमिल इंडस्ट्री के जाने माने कंपोज़र हैं पिता एस एम जयकुमार भी संगीतकार थे. हैरिस ने ट्रिनिटी कॉलेज (वहीं से रहमान भी पासआउट हैं) से संगीत की पढ़ाई की और पूरे एशिया में सबसे ज़्यादा नंबरों से पास हुए. कुछ समय तक रहमान के साथ काम कर चुके हैरिस ने कोका-कोला के विज्ञापन की थीम भी बनाई है. हैरिस के एल्बम ‘मिनाले’ (हिंदी में RHTDM) ने सफलता के कई नए रिकॉर्ड बनाए. इसी ने 9 साल से रहमान के लगातार तमिल फिल्मफेयर जीतने के सिलसिले को तोड़ा. हिंदी में इसकी लोकप्रियता तो कई मामलों में तुलना से परे है. इसके बाद हैरिस ने तमिल और तेलगू की फिल्मों में एक से एक हिट एल्बम दिये मगर हिंदी में उनके कुछ खास गाने नहीं आए. हैरिस के तमिल गाने ‘उइरिन उइरे’ को तेलगू में ‘छेलिए-छेलिए’ और हिंदी में जॉन अब्राहम की 'फोर्स' में ‘ख्वाबों-ख्वाबों’ बना कर लॉन्च किया गया. इसके अलावा एस शंकर ने अपनी तमिल फिल्म ‘अन्नियन’ (हिंदी में अपिरिचित) में पहली बार रहमान की जगह हैरिस को लिया. फिल्म का संगीत एक बार फिर सुपर हिट हुआ. ‘गजनी’ (तमिल में हिंदी में संगीत रहमान का है) का संगीत भी सुपरहिट हुआ. हैरिस तमिल और तेलगू इंडस्ट्री में एक के बाद एक हिट दे रहे हैं. 2015 में उनका एल्बम 'येन्नी अरिंधाल' चेन्नई के एफएम स्टेशन पर सबसे ज़्यादा सुनाया गया एल्बम है मगर इतनी सफलता के बाद भी हिंदी सिनेमा में उनकी पहचान अभी तक 'रहना है तेरे दिल में' से आगे नहीं निकल पाई है. इससे भी निराश करने वाली बात ये है कि उनके संगीत के ढंग और रहमान से समानताओं के चलते कई लोग सच कह रहा है दीवाना को रहमान की रचना समझने का भ्रम पाल लेते हैं. आप हैरिस के इस सुपरहिट गाने को तमिल में सुनिए https://www.youtube.com/watch?v=vL7X_ZkszOY
ये भी पढ़ें :

जो कंप्यूटर से बांसुरी बजा दे, सो रहमान होए!

बॉलीवुड गानों का बादशाह कंपोजर जो टूट गया, रोया और लाया अंतिम मास्टरपीस बॉलीवुड का सबसे विख्यात और ‘कुख्यात’ म्यूजिक मैन, जिसे मार डाला गया वो गाना जिसे गाते हुए रफी साहब के गले से खून आ गया  

Advertisement
Advertisement