The Lallantop

साध्वी प्रेम बाईसा की मौत कैसे हुई? अब पिता ने गंभीर सवाल खड़े कर दिए

साध्वी प्रेम बाईसा की संदिग्ध मौत के मामले में पगड़ी रस्म के दौरान पिता वीरम नाथ भावुक होकर फूट-फूट कर रो पड़े. उन्होंने कहा कि यह बहुत बड़ा षड्यंत्र है.

Advertisement
post-main-image
साध्वी के पिता ने बेटी की मौत को षड्यंत्र बताया है (india today)

जोधपुर की मशहूर कथावाचक साध्वी प्रेम बाईसा की 25 साल की उम्र में 'संदिग्ध' मौत को लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं. सोमवार, 2 फरवरी को साध्वी के पिता वीरम नाथ ने उनकी मौत के पीछे किसी षड्यंत्र के होने की आशंका जताई है. भावुक होकर उन्होंने कहा कि अपने अंतिम समय में वह काफी परेशान थीं और उन्हें इस बात का अफसोस है कि वह उन्हें न्याय नहीं दिला पाए. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

वीरम नाथ ने मांग की है कि इस पूरे षड्यंत्र का खुलासा होना चाहिए. बेटी के साथ गले मिलने के वायरल हो रहे वीडियो पर वीरम नाथ ने कहा कि उसे गलत तरीके से पेश किया गया, जो समाज के लिए सही बात नहीं है.

25 साल की साध्वी प्रेम बाईसा की मौत जोधपुर के आश्रम में एक इंजेक्शन लगने के बाद हो गई थी. हालांकि, ये साबित नहीं हुआ है कि साध्वी की मौत इंजेक्शन की वजह से हुई है या नहीं. उन्हें नाथ परंपरा के अनुसार भगवा वस्त्र पहनाकर बैठी अवस्था में समाधि दी गई. 

Advertisement

साध्वी के पिता वीरम नाथ पर भी आरोप लग रहे थे कि साध्वी की मौत के बाद वह उनके फोन को पुलिस को देने में आनाकानी कर रहे थे. साथ ही उन्हें पासवर्ड बताने में भी हिचक रहे थे. इसे लेकर कई तरह से उन्हें संदेह के घेरे में रखा गया. इस पर जवाब देते हुए वीरम नाथ ने कहा कि मोबाइल के पासवर्ड को लेकर जो बातें चलीं, वो गलत हैं. उन्होंने कहा, 

मैंने अपने मोबाइल और बाईसा के एक मोबाइल का पासवर्ड पुलिस को बता दिया है. बाईसा का एक मोबाइल और था जिसका पासवर्ड मुझे पता ही नहीं है. 

इसके अलावा भी सोशल मीडिया पर पिता-पुत्री के रिश्ते को लेकर सवाल उठ रहे थे. एक वीडियो के बारे में बातें चलीं जो पिछले साल 2025 की बताई जा रही थी. इस वीडियो में साध्वी अपने पिता को गले लगाती दिख रही हैं. इसका सीसीटीवी फुटेज वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर इसे काफी ‘आपत्तिजनक’ बताया गया. वीरम नाथ ने इस वीडियो को लेकर कहा कि यह पिता-पुत्री के स्नेह का सामान्य भाव था और वीडियो के जरिए उन्हें बदनाम करने की साजिश रची गई थी. 

Advertisement

वीरम नाथ ने कहा कि पिता-पुत्री के रिश्ते पर कुछ लोग सोशल मीडिया पर गलत कमेंट और गंभीर आरोप लगा रहे हैं, जो समाज के लिए अच्छी बात नहीं है. उन्होंने बताया कि ये वीडियो 2021 का था. वह कई दिन बाद अपनी बेटी से मिल रहे थे. बेटी भावुक थी लेकिन उस वीडियो को बेहद गलत तरीके से पेश किया गया. वीरम नाथ ने कहा,

मैं पहले भी कह चुका हूं कि पिता और बेटी भावुक तरीके से गले मिले थे. उसमें कुछ भी गलत नहीं था. इसी बात को गलत तरीके से प्रचारित किया गया, जिससे प्रेम बाईसा काफी परेशान थी.

लोग इस वीडियो का कनेक्शन भी प्रेम बाईसा की मौत से जोड़ रहे हैं. वीरम नाथ ने कहा कि साध्वी के निधन के बाद उन्होंने तीन दिन के लिए जल त्याग कर दिया था. उसके बाद संत-महात्माओं के कहने पर पानी तो पी लिया लेकिन पांच दिन तक अन्न को पूरी तरह से त्याग दिया था. उन्होंने कहा,

मैं चाहता था कि किसी भी तरह प्रेम बाईसा को न्याय मिले. संत-महात्माओं के आग्रह पर मैंने अन्न ग्रहण कर लिया है.

आजतक से जुड़े दिनेश बोहरा से बातचीत में उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है और वो पूरी तरह जांच में सहयोग कर रहे हैं. उन्होंने इस मौत को षड्यंत्र बताया और कहा कि इसका खुलासा होना चाहिए क्योंकि, अचानक प्रेम बाईसा की मौत कैसे हुई? यह अपने आप में बहुत गंभीर सवाल है. उन्होंने ये भी कहा कि अस्पताल में साध्वी के शरीर के कुछ हिस्से नीले पड़ गए थे.

वीडियो: बजट 2026 में छोटे टैक्सपेयर्स को राहत देने वाली कौन सी योजना लाई है सरकार?

Advertisement