The Lallantop

अजित पवार का 'प्लेन क्रैश' हादसा नहीं, सुनियोजित साजिश! रोहित पवार का विस्फोटक दावा

दिवंगत अजित पवार के भतीजे रोहित ने बताया कि अजित पवार का प्लान पहले कार से पुणे से मुंबई जाने का था, लेकिन आखिरी समय में मीटिंग लंबी होने से प्लेन बुक किया गया. उन्होंने ये भी दावा किया कि विमान की कंपनी VSR के पायलट का पुराना रिकॉर्ड खराब था.

Advertisement
post-main-image
रोहित ने दावा किया कि ट्रांसपॉन्डर (ट्रैकिंग डिवाइस) क्रैश से 1 मिनट पहले बंद हो गया. (फोटो- PTI)

NCP (शरद पवार गुट) के विधायक रोहित पवार ने अपने चाचा और महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की मौत को लेकर बड़ा दावा किया है. मुंबई में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने 54 स्लाइड्स की प्रेजेंटेशन के जरिए कहा कि ये हादसा नहीं, बल्कि साजिश हो सकती है. रोहित ने मामले की थर्ड पार्टी एजेंसी से जांच कराने की मांग की. परिवार में साजिश का आरोप लगाने वाले वे पहले सदस्य हैं.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

28 जनवरी 2026 को बारामती एयरपोर्ट के पास एक Learjet 45 विमान क्रैश हो गया था. इस हादसे में अजित पवार समेत 5 लोगों की मौत हो गई थी. शुरुआत में इसे खराब मौसम और लैंडिंग के दौरान हुई गलती बताया गया था. शरद पवार ने भी तुरंत कहा था कि ये एक हादसा है, कोई साजिश नहीं.

लेकिन अब रोहित पवार ने दावा किया है कि इस हादसा में साजिश हो सकती है. इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक उन्होंने कहा,

Advertisement

"ये महज दुर्घटना नहीं लगती, बल्कि एक सुनियोजित साजिश हो सकती है."

रोहित ने कई और सवाल खड़ी करने वाली बातें साझा कीं. उन्होंने बताया कि अजित पवार का प्लान पहले कार से पुणे से मुंबई जाने का था, लेकिन आखिरी समय में मीटिंग लंबी होने से प्लेन बुक किया गया. रोहित ने ये भी दावा किया कि विमान की कंपनी VSR के पायलट का पुराना रिकॉर्ड खराब था. उन्होंने व्हाट्सएप चैट्स के स्क्रीनशॉट दिखाए, जिसमें पायलट के शराब पीने की आदत का जिक्र था. पायलट को पहले अमेरिका में ट्रेनिंग के दौरान शराब पीने पर 3 साल के लिए ग्राउंडेड किया गया था.

क्रैश से पहले के आखिरी मिनटों में पायलट की आवाज रिकॉर्ड नहीं हुई. रोहित ने दावा किया कि ट्रांसपॉन्डर (ट्रैकिंग डिवाइस) क्रैश से 1 मिनट पहले बंद हो गया. फ्लाइट रडार डेटा और एयर ट्रैफिक कंट्रोल की बातों में अंतर है. साथ ही ये भी कहा कि लो विजिबिलिटी में भी पायलट ने लैंडिंग की कोशिश की, रनवे 11 इस्तेमाल किया और विमान को जल्दी डिसेंड कर लिया.

Advertisement

रोहित पवार ने कहा कि महाराष्ट्र की CID (क्राइम इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट) इसकी पूरी जांच नहीं कर सकती, क्योंकि इसमें एक्सपर्ट एविएशन नॉलेज चाहिए. उन्होंने मांग की कि विदेशी स्वतंत्र एजेंसियां जांच करें. मसलन, अमेरिका की NTSB (National Transportation Safety Board), फ्रांस की BEA (Bureau of Enquiry and Analysis for Civil Aviation Safety) या ब्रिटेन की AAIB (Air Accidents Investigation Branch).

उन्होंने VSR कंपनी के विमानों पर बैन लगाने और VVIP फ्लाइट्स देने वाली कंपनी Arrow Aircraft की भी जांच की मांग की.

रोहित ने शरद पवार के बयान का भी बचाव किया. उन्होंने कहा कि हादसे के तुरंत बाद लाखों लोग बारामती आने वाले थे, इसलिए शरद पवार ने साजिश से इनकार किया ताकि कानून-व्यवस्था बिगड़े नहीं. उन्होंने बताया कि 13 दिनों तक सबूत जुटाने के बाद वो खुद यकीन कर चुके हैं कि ये साजिश है.

वीडियो: अजित पवार और शरद पवार की NCP एक होने वाली थी? 8 फरवरी को कौन सा ऐलान होने वाला था?

Advertisement