The Lallantop

PM मोदी जिस रिफाइनरी का उद्घाटन करने वाले थे, वहां आग लग गई, टल गया प्रोग्राम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 अप्रैल को राजस्थान के बाड़मेर जिले में पचपदरा रिफाइनरी का उद्घाटन करने के लिए जाने वाले थे. लेकिन 20 अप्रैल को रिफाइनरी में आग लग गई. आग लगने के चलते प्रधानमंत्री का दौरा टाल दिया गया. पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने इस घटना की जांच के आदेश दिए हैं.

Advertisement
post-main-image
राजस्थान के पचपदरा रिफाइनरी में आग लगने के चलते पीेएम मोदी का दौरा टल गया. (इंडिया टुडे)
author-image
दिनेश बोहरा

राजस्थान के बाड़मेर जिले के बालोतरा स्थित पचपदरा रिफाइनरी में 20 अप्रैल की दोपहर अचानक आग लग गई. रिफाइनरी की क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट (CDU) में आग लगी और इसकी लपटें आसमान छूने लगीं. आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिग्रेड की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू किया. ये आग ऐसे वक्त लगी, जब 21 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस रिफायनरी का उद्घाटन करने वाले थे. फिलहाल इस दुर्घटना के चलते उनका दौरा स्थगित कर दिया गया है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

जैसे ही रिफायनरी में आग की खबर फैली, बालोतरा और आसपास के इलाकों से फायर ब्रिगेड की दर्जनों गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गईं. थोड़ी देर बाद आग पर काबू पा लिया गया. राजस्थान के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास खुद घटनास्थल पर पहुंच गए. इसके अलावा बालोतरा के तमाम प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस फोर्स भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए. एहतियात के तौर पर CDU यूनिट और उसके आसपास के पूरे इलाके को खाली करवा दिया गया.

पीएम का कार्यक्रम टला

पचपदरा रिफाइनरी में आग लगने की घटना के बाद पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने पीएम मोदी के कार्यक्रम को स्थगित करने की जानकारी दी है. मंत्रालय की ओर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट करके बताया गया, 

Advertisement

आज HRRL रिफाइनरी में क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट के पास आग लगने की एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना के चलते 21 अप्रैल को माननीय प्रधानमंत्री द्वारा रिफाइनरी के लोकार्पण के कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया है. आग पर काबू पा लिया गया है. जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है. घटना के कारणों का पता लगाने और घटनास्थल पर जरूरी कदम उठाने के लिए एक जांच शुरू कर दी गई है. सही समय पर लोकार्पण की नई तारीख की घोषणा की जाएगी.

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने इस घटना पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा, 

पचपदरा रिफाइनरी पूरे राजस्थान के लिए गर्व की बात है. ऐसे समय पर वहां कोई दुर्घटना होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. मैं वहां मौजूद सभी लोगों की सुरक्षा के लिए प्रार्थना करता हूं.

Advertisement

पचपदरा रिफाइनरी राजस्थान के बाड़मेर जिले के बालोतरा में स्थित है. यह रिफाइनरी कच्चे तेल को पेट्रोल, डीजल और दूसरे तरह के ईंधन में बदलती है. यह राजस्थान की पहली बड़ी रिफाइनरी है. इसे राज्य के लिए बहुत बड़ा इकोनॉमिक प्रोजेक्ट माना जा रहा है.

वीडियो: 'बाड़मेर रिफाइनरी में नौकरियां हैं, लेकिन यहां के कॉलेज कोर्स ही नहीं पढ़ाते'

Advertisement