The Lallantop

महाकुंभ में बन रहे खाने में थाना प्रभारी ने मिट्टी डाल दी, वीडियो वायरल हुआ तो निलंबित हुए

अखिलेश यादव ने वीडियो शेयर किया तो कई तरह की बातें होने लगीं. लोगों ने पुलिस से कार्रवाई करने की भी मांग की. प्रयागराज की गंगानगर पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई भी की.

Advertisement
post-main-image
वीडियो में देखा जा सकता है कि सड़क किनारे तीन बड़े भगोनों में खाना बन रहा है. तभी एक पुलिस वाला आता है और खाना बनाने वाले बर्तन में मिट्टी भरकर खाने में डाल देता है. (फोटो- X/PTI)

महाकुंभ में मची भगदड़ के बाद से कई वीडियो सामने आए हैं. लोग अपनों की तलाश में इधर-उधर भटक रहे हैं. कई श्रद्धालु रुकने की सही व्यवस्था ना मिलने से परेशान हैं. इन सब के बीच 30 जनवरी को एक और वीडियो वायरल हुआ (Mahakumbh viral video). इसमें एक पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं के लिए बनाए जा रहे खाने में मिट्टी/बालू डालता दिखाई दिया. इस वीडियो को सोशल मीडिया पर कई लोगों ने शेयर किया है. इनमें यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव भी शामिल हैं.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

अखिलेश यादव ने X पर वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा,

“ये दुर्भाग्यपूर्ण है कि जो लोग महाकुंभ में फंसे लोगों के लिए भोजन-पानी की व्यवस्था कर रहे हैं, उनके सद्प्रयासों के ऊपर राजनीतिक विद्वेषवश मिट्टी डाल दी जा रही है. जनता संज्ञान ले!”

Advertisement

ये वीडियो प्रयागराज के सोरांव इलाके का है. इसमें देखा जा सकता है कि सड़क किनारे तीन बड़े भगोनों में खाना बन रहा है. तभी सोरांव थाना प्रभारी बृजेश कुमार तिवारी आते हैं और खाना बनाने वाले बर्तन में मिट्टी भरकर खाने में डाल देते हैं. ये देखकर लोग शोर-शराबा भी करते हैं. लेकिन थाना प्रभारी पर इसका कोई असर नहीं पड़ता. बाद में अखिलेश यादव ने वीडियो शेयर किया तो कई तरह की बातें होने लगीं. लोगों ने पुलिस से कार्रवाई करने की भी मांग की.

थाना प्रभारी निलंबित

प्रयागराज की गंगानगर पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई भी की. गंगानगर पुलिस ने X पर पोस्ट कर जानकारी दी,

“पुलिस उपायुक्त गंगानगर द्वारा सहायक पुलिस आयुक्त सोरांव की रिपोर्ट के आधार पर तत्कालीन थाना प्रभारी सोरांव को निलंबित किया गया है. विभागीय कार्यवाही जारी है.”

Advertisement

मामले की जानकारी के लिए लल्लनटॉप ने DCP गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत से भी संपर्क करने की कोशिश की. DCP ऑफिस से बताया गया कि X पर दी गई जानकारी ही फिलहाल ऑफिशियल जानकारी है.

टेंट सिटी में लगी आग

इससे पहले 30 जनवरी को महाकुंभ में एक और घटना हुई. मेले के सेक्टर 22 में बनी एक टेंट सिटी में आग लग गई. आग लगने का कारण अभी साफ नहीं है. जब तक वहां मौजूद लोगों को कुछ पता चल पाता आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था. फायर ब्रिगेड की टीमों ने आग पर काबू पा लिया है. घटना में किसी भी जनहानि की सूचना नहीं है.

न्यूज एजेंसी ANI ने बताया है कि गुरुवार सुबह महाकुंभ मेले में लगभग 15 टेंटों में आग लग गई. एजेंसी ने फायर डिपार्टमेंट के एक अधिकारी के हवाले से बताया कि अग्निशमन गाड़ियों को टेंट तक पहुंचने में कठिनाई का सामना करना पड़ा, क्योंकि वहां तक पहुंचने का कोई रास्ता नहीं था. फिर भी विभाग की गाड़ियां समय रहते आग बुझाने में सफल रहीं. घटना में किसी के हताहत होने या घायल होने की खबर नहीं है.

ANI से बात करते हुए एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि ये एक अनधिकृत टेंट था जिसे यहां लगाया गया था. आग लगने के बाद स्थिति को नियंत्रण में ले लिया गया. घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है.

वीडियो: महाकुंभ: भगदड़ के बाद शंकराचार्य ने लोगों से क्या अपील की है?

Advertisement