The Lallantop

पाकिस्तान की न्यूक्लियर टेस्ट एनिवर्सरी पर सामने आया पहलगाम हमले का मास्टरमाइंड सैफुल्लाह, पता है क्या बोला?

Saifullah Kasuri ने रैली के दौरान एलान किया कि वो 'मुदस्सिर शहीद' के नाम पर इस्लामाबाद में एक अस्पताल, सड़क और केंद्र बनाएंगा. मुदस्सिर अहमद एक हाई-प्रोफाइल आतंकवादी था. भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर में मुदस्सिर मारा गया था.

Advertisement
post-main-image
पाकिस्तान में एक रैली के दौरान LeT कमांडर सैफुल्लाह कसूरी. (facebook.com/musawar.fardossi)

लश्कर-ए-तैयबा (LeT) का कमांडर सैफुल्लाह कसूरी हाल ही में पाकिस्तान में एक रैली में नजर आया. कसूरी पहलगाम आतंकवादी हमले का मास्टरमाइंड है. इस रैली में उसके साथ पाकिस्तान के राजनीतिक नेता और आतंकवादी भी दिखे. रैली पाकिस्तान मरकजी मुस्लिम लीग (PMML) ने की थी, जिसमें भारत विरोधी नारों और भड़काऊ भाषणों का दौर चला.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

यह रैली यौम-ए-तकबीर के मौके पर की गई, जो पाकिस्तान के न्यूक्लियर टेस्ट की याद में (28 मई को) हर साल मनाया जाता है. इसमें लश्कर-ए-तैयबा के संस्थापक हाफिज सईद का बेटा तल्हा सईद भी शामिल था. हाफिज सईद को भारत ने आतंकवादी घोषित कर रखा है.

रैली में सैफुल्लाह कसूरी ने भी भारत के खिलाफ जहर उगला. इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, कसूरी ने पंजाब प्रांत में हुई इस रैली में कहा,

Advertisement

"मुझे पहलगाम आतंकवादी हमले का मास्टरमाइंड बताया गया, अब मेरा नाम पूरी दुनिया में मशहूर है."

कसूरी पर आरोप है कि उसी ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले की साजिश रची थी. इसमें 26 लोग मारे गए थे. आरोप है कि ये हमला लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादियों ने किया था.

सैफुल्लाह कसूरी ने रैली के दौरान एलान किया कि वो 'मुदस्सिर शहीद' के नाम पर इस्लामाबाद में एक अस्पताल, सड़क और केंद्र बनाएंगा. मुदस्सिर अहमद एक हाई-प्रोफाइल आतंकवादी था. भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर में मुदस्सिर मारा गया था.

Advertisement

पाकिस्तान में लश्कर-ए-तैयबा पर प्रतिबंध होने के बावजूद इस तरह के संगठन राजनीतिक और विचारधारात्मक तौर पर सक्रिय रहते हैं. हाल के हफ्तों में PMML ने भारत विरोधी बयानबाजी तेज कर दी है. PMML ने पाकिस्तान के लाहौर, कराची, इस्लामाबाद, फैसलाबाद जैसे बड़े शहरों में विरोध प्रदर्शन किए हैं, जिसमें हाफिज सईद की रिहाई की मांग की गई है.

भारत ने आतंकवाद को मुख्यधारा की बहस में लाने के लिए पाकिस्तान की लगातार कड़ी निंदा की है. इसके अलावा भारत के ऑपरेशन सिंदूर में लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े कई बड़े आतंकियों को खत्म किया गया. मारे गए आतंकियों में यूसुफ अजहर, अब्दुल मलिक रऊफ और मुदस्सिर अहमद शामिल थे. आरोप है कि इनका IC-814 हाइजैक और पुलवामा बम ब्लास्ट में हाथ था.

वीडियो: थरुर ने पाकिस्तान पर क्या कहा कि कांग्रेस कार्रवाई की मांग कर रही?

Advertisement