राजस्थान के नागौर में हंसी-मजाक के दौरान एक होटल कर्मचारी को गोली लग गई. उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे दूसरे अस्पताल के लिए रेफर कर दिया. जोधपुर ले जाते समय रास्ते में एंबुलेंस के सामने अचानक गाय आ गई. उसे बचाने के चक्कर में एंबुलेंस बेकाबू होकर पलट गई. हादसे में होटल कर्मचारी की मौत हो गई. उसके साथ मौजूद तीन अन्य लोग भी घायल हो गए. सभी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है.
कट्टा दिखाते वक्त चली गोली ने सीना चीरा, फिर एंबुलेंस के सामने गाय आने से एक्सीडेंट, शख्स की मौत
Nagaur Hotel Worker Murder: मृतक बिहार के मधेपुरा का रहने वाला है. वह Rajasthan के नागौर के सदर थाना क्षेत्र खरनाल के होटल नीलकंठ में काम करता था. उसका दोस्त महिपाल बिश्नोई मृतक से मिलने होटल पहुंचा था.

मृतक का नाम रामकुमार मंडल है. वह बिहार के मधेपुरा का रहने वाला है. तीन-चार साल से वह नागौर के सदर थाना क्षेत्र खरनाल के होटल नीलकंठ में काम कर रहा था.
मृतक के सीने में लगी गोलीइंडिया टुडे के केशा राम गढ़वार की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने बताया कि जोधपुर ग्रामीण के रहने वाले महिपाल बिश्नोई 7 अगस्त को तड़के होटल पहुंचा. महिपाल ने वहां खाना खाया, और बाद में रामकुमार से चाय बनाने को कहा. दोनों एक-दूसरे को पहले से जानते थे.
इस दौरान आरोपी महिपाल मजाक में अपना देसी कट्टा निकालकर दिखाने लगा. अचानक उसके हाथ से गोली चल गई, जो रामकुमार के सीने में दाहिनी तरफ लगी. घटना के तुरंत बाद आरोपी मौके से फरार हो गया.
होटल मालिक रामप्रसाद जाट घायल रामकुमार को अपनी गाड़ी से नागौर के जेएलएन अस्पताल लेकर गए. प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए उन्हें जोधपुर रेफर कर दिया. एंबुलेंस में रामकुमार के साथ होटल मालिक रामप्रसाद, भाई रणजीत कुमार और ड्राइवर राकेश थे.
पुलिस ने होटल किया सीलखींवसर के पदमसर चौराहे के पास अचानक एक गाय सामने आ गई. उसे बचाने के लिए चालक ने कट मारा, जिससे गाड़ी अनियंत्रित होकर एक छोटे गड्ढे में जाकर पलट गई. इस हादसे में एंबुलेंस सवार सभी चारों लोग घायल हो गए. गोली लगने से पहले से घायल रामकुमार की खींवसर राजकीय अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई. अन्य घायलों का इलाज जारी है.
ये भी पढ़ें: उत्तराखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को मिला SIR का नोटिस
मृतक के भाई रणजीत कुमार ने खींवसर अस्पताल में रिपोर्ट दर्ज कराई है. मामले पर नागौर के एडिशनल सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (Addl. SP) आशा राम चौधरी ने बताया,
“होटल में बिहार निवासी रामकुमार पिछले 3-4 साल से काम कर रहे थे. महिपाल बिश्नोई और रामकुमार एक-दूसरे को जानते थे. महिपाल ने खाना खाया, फिर चाय बनाने को कहा. चाय बनाते समय मजाक में कट्टा दिखाया, तभी गोली चल गई. गोली सीने में लगकर बाजू से पार हो गई. घायल को एंबुलेंस से जोधपुर रेफर किया जा रहा था. खींवसर में पुलिया का काम चल रहा है, वहां अचानक गाय आ गई. कट मारने पर एंबुलेंस गड्ढे में चली गई. खींवसर अस्पताल में रामकुमार की मौत हो गई. महिपाल को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.”
पुलिस ने होटल नीलकंठ को सील कर दिया है. हाईवे और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. नागौर, जोधपुर ग्रामीण और फलोदी के सीमावर्ती थानों में ‘ए’ श्रेणी की नाकाबंदी कर दी गई है. आरोपी महिपाल बिश्नोई की तलाश में चारों तरफ टीमें तैनात हैं.
वीडियो: PSC Protest में AISA अध्यक्ष नेहा पर स्याही फेंकी, फिर क्या हुआ?













