उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात में फेमस ब्रैंड की नमकीन के पैकेट में मरा चूहा मिलने का दावा किया गया है. इलाके के एक शख्स ने नमकीन के पैकेट को किराने की दुकान से खरीदा था. उसने इस मामले की शिकायत खाद्य सुरक्षा विभाग में कर उचित कार्रवाई की मांग की है.
बच्चों के लिए फेमस ब्रैंड वाली नमकीन खरीदी, पैकेट में मरा चूहा देखकर होश उड़ गए
Kanpur Dehat की एक दुकान से खरीदे गए नमकीन के पैकेट से चूहे का बच्चा मिलने का दावा किया गया है. शिकायत मिलने के बाद Food Safety Department ने जांच के आदेश जारी कर दिए हैं.

मामला बुधवार, 19 अगस्त को राजपुर कस्बे में सामने आया. इंडिया टुडे से जुड़े तनुज अवस्थी की रिपोर्ट के मुताबिक, नई बस्ती निवासी जावेद खां ने मुगल सड़क के किनारे एक किराने की दुकान से अपने बच्चों के लिए 80 रुपये की नमकीन का पैकेट खरीदा. नमकीन भी एक ब्रांडेड और फेमस कंपनी की खरीदी.
जावेद ने बताया कि वो दुकान के सामने ही बेंच पर बैठकर नमकीन का पैकेट खोलने लगे. पैकेट खोलते ही उनके होश उड़ गए. क्योंकि, उस नमकीन के पैकेट के अंदर चूहे का मरा हुआ बच्चा मिला. इसका वीडियो अब वायरल हो रहा है. वीडियो में एक शख्स कहते हुए सुना जा सकता है कि सील बंद नमकीन के पैकेट से मरा हुआ चूहा मिला है. अब कार्रवाई दुकान पर होगी या कंपनी पर?
जावेद खां का कहना है कि अगर समय रहते उनकी नजर इस पर नहीं पड़ती, तो इसे खाने से बीमारी का खतरा हो सकता था.
मामले पर असिस्टेंट फूड कमिश्नर राम औतार का बयान आया है. उन्होंने कहा,
‘जिले के राजपुर कस्बे में ‘बिकानो’ नमकीन का पैकेट किसी ने खरीदा था. उसे खोलने के बाद उसमें मरी हुई चुहिया मिली. जो हमारे विभाग के संज्ञान में आया है. आज मैंने क्षेत्रीय खाद्य सुरक्षा अधिकारी को भेजा है. वहां वो निरीक्षण करेंगे और जो भी नियमानुसार प्रक्रिया के अधीन कार्रवाई होगी वो मैं करूंगा.’
यह भी पढ़ें: यूपी की मिठाइयों का सच, पुलिस के सामने दुकानदार ने अपनी ही मिठाई खाने से इनकार कर दिया
असिस्टेंट फूड कमिश्नर ने आगे कहा कि लेबल पर जिस भी कंपनी का नाम और पता होगा उसको विभाग द्वारा नोटिस भेजा जाएगा. इससे पहले कानपुर से सटे हमीरपुर में भी मिठाई की दुकानों में लापरवाही का मामला सामने आ चुका है.
वीडियो: Leeds Test में Josh Tongue और Ollie Robinson का कमाल, दोनों ने लिए Fifer फिर आधी आधी बांट ली Ball










