The Lallantop

शिलॉन्ग में इंदौर के कपल का नया CCTV आया, मुख्यमंत्री ने की CBI जांच की सिफारिश

इंदौर के कपल का एक नया CCTV वीडियो सामने आया है. कपल होम स्टे में सामान छोड़ते नजर आ रहे हैं. मामले में एमपी के सीएम ने CBI से जांच के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से बात की है.

Advertisement
post-main-image
इंदौर के कपल का एक नया CCTV वीडियो सामने आया है. (तस्वीर-X)

मेघालय के शिलॉन्ग से लापता हुए इंदौर के कपल का एक नया CCTV वीडियो सामने आया है. यह वीडियो 22 मई का है. वीडियो में कपल राजा रघुवंसी और सोनम रघुवंसी होमस्टे में अपना सामान छोड़ते नजर आ रहे हैं. इसके बाद वे वहां से स्कूटी लेकर चले जाते हैं. यह स्कूटी राजा के शव के कुछ दूर पर मिली थी. इस मामले में सीएम डॉ. मोहन यादव ने सीबीआई से जांच के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से बात की है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

न्यूज़ पोर्टल t7 के मुताबिक, CCTV वीडियो 4 मिनट और 53 सेकंड का है. वीडियो में राजा और सोनम दोनों काले जैकेट में दिखाई दे रहे हैं. एक सफेद सूटकेस के साथ होमस्टे में पहुंचते हैं. राजा रजिस्ट्रेशन डेस्क पर कर्मचारियों से बात करने जाता है. इससे पहले यह हनीमून कपल एक-दूसरे के साथ बातचीत करता है. सोनम अपनी जैकेट उतारकर और अपने बाल ठीक करते हुए नजर आती है. कुछ देर बाद राजा बाहर आता है. सूटकेस से कुछ चीजें निकालता है. सोनम अपनी जैकेट निकालकर स्कूटी में रख देती है. इसके बाद सोनम फोन चलाते हुए टहलती दिखती है. फिर दोनों स्कूटी पर बैठकर चले जाते हैं.

Advertisement
सीएम ने मामले में CBI जांच की मांग की

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शनिवार, 7 जून को गृहमंत्री अमित शाह से मामले में CBI जांच की मांग की है. उन्होंने X पर पोस्ट करते हुए लिखा, 

“संकट की इस घड़ी में मध्यप्रदेश श्रीमती सोनम रघुवंशी के परिवार के साथ खड़ा है. मैंने इस संबंध में मेघालय के मुख्यमंत्री से चर्चा की है. मध्यप्रदेश के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मेघालय के अधिकारियों के साथ निरंतर संपर्क में हैं. इस प्रकरण में सीबीआई जाँच आदेशित करने हेतु मैंने माननीय केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह जी से आग्रह किया है. श्रीमती सोनम रघुवंशी की सुरक्षित वापसी हेतु हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं.”

मामला क्या था?

राजा और सोनम की हाल ही में शादी हुई थी. शादी के बाद 22 मई को वे हनीमून के लिए शिलॉन्ग गए थे. इसके एक दिन बाद 23 मई को दोनों रहस्यमय तरीके से लापता हो गए. उनकी स्कूटी ओसरा हिल्स के पास लावारिस हालत में मिली थी. 11 दिनों तक पुलिस और रेस्क्यू टीम ने लापता कपल की तलाश की. सोमवार को होमस्टे से 20 किलोमीटर दूर राजा का शव एक घाटी में मिला.

Advertisement

शव सड़ने की वजह से उसकी पहचान करना मुश्किल हो गया था. हालांकि, परिवार ने हाथ पर बने टैटू देखकर पुष्टि की कि यह राजा का शव है. सोनम का अभी भी कुछ पता नहीं चल पाया है. 4 जून को राजा का शव परिवार को सुपुर्द कर दिया गया. इसके बाद घरवालों ने राजा का अंतिम संस्कार कर दिया था. वहीं दूसरी तरफ अब भी सोनम की तलाश की जा रही है.

वीडियो: नए हथियार से मर्डर, मेघायल में लापता हुए इंदौर के कपल पर पुलिस ने क्या कहा?

Advertisement