The Lallantop

इंडिगो के 200 यात्री उड़ने का इंतजार करते रहे, 4 घंटे तक विमान रनवे पर ही खड़ा रहा

Chennai Airport पर Indigo की एक फ्लाइट के टेक ऑफ में 4 घंटे से ज्यादा की देरी हुई. इस दौरान यात्री रनवे पर विमान के अंदर बैठे इंतजार करते रहे. इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. इंडिगो कंपनी ने इस घटना के लिए यात्रियों से माफी मांगी है.

Advertisement
post-main-image
चेन्नई से सिंगापुर जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट 4 घंटे से ज्यादा लेट हो गई. (एक्स ग्रैब)
author-image
अमित भारद्वाज

चेन्नई एयरपोर्ट से सिंगापुर जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E 1025 मंगलवार, 24 फरवरी को चार घंटे से ज्यादा लेट हो गई. इस दौरान 200 से ज्यादा यात्री रनवे पर विमान के अंदर बैठे रहे. ये फ्लाइट सुबह 7 बजकर 20 मिनट पर उड़ान भरने वाली थी, लेकिन इसका टेक ऑफ 11 बजकर 39 मिनट पर हुआ. यानी फ्लाइट के उड़ान भरने में 4 घंटे 19 मिनट की देरी हुई.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

इस घटना का वीडियो 25 फरवरी को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो में यात्री काफी परेशान और नाराज दिख रहे हैं. कुछ लोग क्रू से टेक-ऑफ में देरी का कारण पूछते दिख रहे हैं. वहीं एक यात्री ने शिकायत की कि विमान के अंदर बार-बार एयर कंडीशनिंग बंद हो रही है, जिससे सांस लेने में दिक्कत आ रही है. 

इंडिया टुडे से जुड़े सू्त्रों के मुताबिक, विमान का एयर कंडीशनिंग सिस्टम ठीक से काम नहीं कर रहा था. टेकऑफ से पहले एसी सिस्टम को दुरुस्त करने के लिए इंजीनियरों को बुलाया गया. कुछ समय में एसी की दिक्कत ठीक कर ली गई.

Advertisement

FDTL नियम और नए क्रू की व्यवस्था

लेकिन एसी ठीक होने के बाद एक और समस्या सामने आई. पायलटों ने बताया कि कॉकपिट क्रू की ड्यूटी अवधि फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (FDTL) से ज्यादा हो गई थी. लिहाजा इंडिगो को नए क्रू की व्यवस्था करनी पड़ी. नए क्रू की पहचान के बाद उनके लिए वीजा प्रक्रिया शुरू की गई, जिसमें अतिरिक्त समय लग गया.

FDTL नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) द्वारा बनाए गए सुरक्षा नियम हैं. ये नियम पायलट की थकान को रोकने, मानवीय त्रुटियों को कम करने और विमानन सुरक्षा बढ़ाने के लिए बनाए गए हैं. ये अंतरराष्ट्रीय विमानन मानकों के अनुरूप हैं.

Advertisement

मामला सामने आने के बाद इंडिगो के प्रवक्ता ने बयान जारी कर बताया, “एक छोटी सी टेक्निकल खराबी की वजह से फ्लाइट बे (पार्किंग) में वापस आ गई थी. एयरक्राफ्ट की जांच और मेंटेनेंस के दौरान कॉकपिट क्रू का ड्यूटी टाइम लिमिट पार हो गया. इसके चलते क्रू बदलना पड़ा और उड़ान में और देरी हुई.”

एयरलाइंस ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद जताया है. उनकी ओर से बताया गया कि यात्रियों को समय-समय पर रिफ्रेशमेंट और अपडेट दिए गए थे. इंडिगो की फ्लाइट 24 फरवीर को सुबह 7.20 बजे चेन्नई से सिंगापुर के लिए उड़ान भरने वाली थी. लेकिन फ्लाइट आखिरकार सुबह 11 बजकर 39 मिनट पर रवाना हुई. 

वीडियो: इंडिगो एयरलाइंस पर लगे जुर्माने पर कंपनी ने क्या जवाब दिया?

Advertisement