गाजियाबाद जिले के लोनी के अंकुर विहार क्षेत्र में एक तालाब है. डाबर तालाब. यह तालाब इन दिनों इस इलाके के लोगों के लिए खौफ का कारण बन चुका है. बीते एक सप्ताह में इसमें डूबने से तीन लोगों की मौत हो चुकी है. सबसे हालिया मौत एक गोताखोर की हुई है. वह पिछले कई दिनों से लापता एक हिस्ट्रीशीटर युवक शादान के शव की खोज में तालाब में उतरा था.
गाजियाबाद के तालाब में एक हफ्ते में 3 लोगों की डूबकर मौत, शव ढूंढने गया गोताखोर भी नहीं बचा
गाजियाबाद जिले के लोनी के अंकुर विहार इलाके में एक तालाब में डूबने से पिछले एक हफ्ते में तीन लोगों की मौत हो गई है. इनमें एक बच्चा भी शामिल है. स्थानीय लोगों ने बताया कि कई एकड़ में फैला यह तालाब झाड़ियों और दलदल से भरा हुआ है. प्रशासन के लापरवाही की वजह से यहां अवैध कब्जा और निर्माण भी हो चुका है.


अंकुर विहार थाना क्षेत्र के डाबर कॉलोनी में रहने वाला शादान 14 अप्रैल को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया. परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. पुलिस ने गायब होने की रिपोर्ट दर्ज की और तलाशी अभियान शुरू किया. 22 अप्रैल को शादान की टीशर्ट तालाब के किनारे मिली. परिवारवालों ने इसकी सूचना पुलिस को दी.
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची. शादान के तालाब में डूबने की आशंका के मद्देनजर तालाब में उसकी तलाशी शुरू की गई. इसके लिए दिल्ली से गोताखोरों की टीम बुलाई गई. 23 अप्रैल को गोताखोर सरताज उर्फ भूरा शादान की खोज के लिए तालाब में उतरे. लेकिन तालाब की दलदल और झाड़ियों में फंस कर वे भी डूब गए.
इस बीच दूसरे गोताखोरों ने शादान का शव बरामद कर लिया. शादान का शव निकालने के बाद सरताज की तलाश शुरू हुई. काफी मशक्कत के बाद उनके गोताखोर साथियों ने उनका शव भी बरामद कर लिया. इस घटना से तीन दिन पहले इसी तालाब में डूबने से एक बच्चे की मौत हो गई थी. स्थानीय लोगों ने बताया,
कई एकड़ में फैला यह तालाब झाड़ियों और दलदल से भरा हुआ है. प्रशासन के लापरवाही की वजह से यहां अवैध कब्जा और निर्माण भी हो चुका है.
स्थानीय लोगों ने आगे बताया कि सही तरीके से तालाब की साफ-सफाई नहीं कराई जाती और तालाब की बाड़बंदी भी नहीं की गई है, जिसके चलते आए दिन ऐसी घटनाएं होती रहती हैं. इस घटना के बाद मौके पर पहुंचे लोनी से बीजेपी के विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने मामले की जांच की बात कही है. उन्होंने इन मौतों के लिए नगरपालिका को जिम्मेदार ठहराते हुए मामले में FIR कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एक्शन लिए जाने का भी वादा किया है.
वीडियो: असम गैंगरेप: पुलिस से बचने के लिए आरोपी भागा, तालाब में डूबकर मौत हो गई























