समाज में स्वघोषित जजों की कमी नहीं है. अपने आस-पास आपको कई ऐसे लोग मिल जाएंगे. वे किसी बात से नहीं हिचकिचाते. कपड़ों, जेंडर, जाति, धर्म, चाल-चलन, खान-पान किसी भी टॉपिक पर आपको जज कर सकते हैं. उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में भी इस प्रजाति का एक शख्स पाया गया. सड़क पर एक बारात गुजर रही थी, जिसमें लोग डांस कर रहे थे. बारात के बगल से एक गाड़ी जा रही थी जिसमें ये शख्स सवार था. इसे लड़कियों के डांस से दिक्कत हो गई. पुलिस ने शख्स के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है. आरोपी का नाम हसन खान है. आइए बताते हैं कि हुआ क्या था.
बारात में डांस कर रही महिलाओं को कहा 'चुड़ैल', वीडियो आया, पुलिस घर से उठा लाई
Bareilly Viral Video: बारात के बगल से एक गाड़ी जा रही थी जिसमें ये शख्स सवार था. इसे लड़कियों के डांस से दिक्कत हो गई. पुलिस ने शख्स के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है. आरोपी का नाम हसन खान है.


बारात में करीब 8-10 लोग डांस कर रहे थे. वहां से हसन खान एक कार से निकल रहा था, उसने महिलाओं का डांस देखा. बिना परमिशन महिलाओं का वीडियो बनाना शुरू कर दिया. एक नहीं कई बार उन्हें रिकॉर्ड किया. गालियां भी दी गईं. वीडियो में शख्स ने कहा, ‘ये देखो लडकियां नाच रही हैं. इनमें बिलकुल भी तमीज़ नहीं है. ऐसे नाच रही हैं जैसे ‘चुड़ैल’ नाचती है. जीना हराम कर देती हैं ये सबका.’
हसन खान की बेहूदगी यहीं नहीं रुकी. वो बारात से आगे बढ़ा तो कुछ महिलाएं सड़क किनारे चल रही थीं. हॉर्न मारते हुए उन महिलाओं पर भी अश्लील कमेंट किया. और इस तरह के भद्दे कमेंट से उसका इंस्टाग्राम पटा पड़ा है.
एक दूसरे वीडियो में हसन ने पुलिस की यूनिफॉर्म पहनी है, वो भी फर्जी. पता चला कि ये ना तो पुलिस में है, और ना ही किसी दूसरे सरकारी विभाग में. सोशल मीडिया पर केवल रौला जमाने के लिए वर्दी पहनी है. इसे खुद की फर्ज़ी यूनिफॉर्म से समस्या नहीं है, लेकिन महिलाओं के डांस करने पर आपत्ति है. ऊपर से बिना परमिशन वीडियो बनाने वाली बीमारी भी है. जब वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस ने इसकी बीमारी का इलाज भी कर दिया.
पुलिस ने हसन के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है. आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक, 20 अप्रैल को पुलिस ने उसके खिलाफ BNS की धारा 79 और 205 के तहत केस दर्ज कर लिया है. हसन खान को हिरासत में ले लिया गया है.
वीडियो: छत्तीसगढ़ में अश्लील नृत्य पर नोट उड़ाने वाले SDM को पद से हटाया






















