The Lallantop

छत्तीसगढ़: सड़क हादसे में 6 की मौत, 7 घायल; SUV कार और ट्रक के बीच आमने-सामने की टक्कर

Chhattisgarh Road Accident : घटना 15 दिसंबर की देर रात डौंडी थाना क्षेत्र में चौरापावड़ के पास हुई. 6 मृतकों में एक बच्चा, 4 महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं.

Advertisement
post-main-image
SUV में 13 लोग सवार थे. (फ़ोटो - आजतक)

छत्तीसगढ़ के बालोद ज़िले में हुए सड़क हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत हो गई है. जबकि 7 लोग घायल हो गए हैं. मृतकों में 1 बच्चा, 4 महिलाएं और एक पुरुष शामिल है. बताया गया कि एक स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल यानी SUV की ट्रक से टक्कर हो गई (Chhattisgarh SUV-truck collision). इस SUV में 13 लोग सवार थे.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

घटना 15 दिसंबर की देर रात डौंडी थाना क्षेत्र में चौरापावड़ के पास हुई. इंडियन एक्सप्रेस की ख़बर के मुताबिक़, बालोद के गुंडरदेही क्षेत्र के रहने वाला परिवार एक पारिवारिक कार्यक्रम से लौट रहा था. वो डौंडी गए थे और वहां से गुरेदा अपने घर लौट रहे थे. तभी हादसे के शिकार हो गए. एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि SUV कार की ट्रक से आमने-सामने टक्कर हो गई.

इसमें 13 लोग सवार थे. उन्हें से 6 की मौत हो गई, जिनकी पहचान हो गई है. इनमें चार महिलाएं- सुमित्रा बाई कुंभकार (50), मनीषा कुंभकार (35), सगुन बाई कुंभकार (50) और इमला बाई (55), एक पुरुष दुरपत प्रजापति (30) और एक बच्चे जिग्नेश कुंभकार (7) के रूप में हुई है. वहीं, घायलों में 5 महिलाएं, एक बच्चा और एक पुरुष शामिल है.

Advertisement

उन्हें पहले स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया. वहीं, आगे के इलाज के लिए राजनांदगांव ज़िला अस्पताल रेफर कर दिया गया. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत की रिपोर्ट दर्ज की गई है. आगे की जांच की जा रही है. दैनिक भास्कर की ख़बर के मुताबिक़, ASP अशोक जोशी ने बताया कि घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए भर्ती कराया गया. वहीं, आरोपी ट्रक चालक फरार है. पुलिस उसकी तलाश कर रही है.

ये भी पढ़ें - कन्नौज में भीषण सड़क हादसा, बस ने टैंकर में ऐसी टक्कर मारी 8 लोगों की मौत हो गई

मुंबई में बेकाबू हुई बस, 6 की मौत

बीते दिनों, मुंबई के कुर्ला में एक बस एक्सीडेंट हो गया था. इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि लगभग 49 घायल हो गए. इस एक्सीडेंट में बेकाबू बस ने कई गाड़ियों और लोगों को कुचल दिया था. पूछताछ में बस ड्राइवर ने दावा किया है कि ब्रेक फेल होने के कारण ये दुर्घटना हुई है. अधिकारियों के अनुसार, रूट नंबर 332 पर BEST की बस के ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया. इसके बाद बस पैदल यात्रियों, कई गाड़ियों और एक आवासीय सोसायटी के गेट से टकराकर रुक गई.

Advertisement

वीडियो: ट्रेन दुर्घटना वाली जगह पहुंचा लल्लनटॉप तो देखा अब ट्रैक पर क्या हो रहा

Advertisement