उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के एक गांव में एक लड़की घर से गायब हो गई. लेकिन, ये ‘गायब होना’ आम गायब होने जैसा नहीं था. घर वाले जब उसके कमरे में घुसे तो लड़की तो वहां नहीं मिली. लेकिन उसके बिस्तर पर एक ऐसी चीज थी जिसे देखकर उनके पांवों तले जमीन खिसक गई.
लड़की के कपड़ों से लिपटी मिली सांप की खाल, लोग समझे 'नागिन' बन गई, असल खेल ये था
उत्तर प्रदेश के एक गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवती अचानक गायब हो गई और उसके परिवार को उसके बिस्तर पर कपड़ों में लिपटी करीब पांच फुट लंबी सांप की उतरी हुई खाल मिली।


एक पांच फुट लंबी सांप की उतरी हुई खाल कपड़ों से लिपटी थी. पल भर में पूरे गांव में अफवाह फैल गई कि लड़की ‘नागिन’ बन गई है. घर पर भीड़ जुटने लगी. घबराए लोगों ने एकदम अफरा-तफरी मचा दी तो किसी ने फोन कर पुलिस को सूचना दे दी. बाद में पुलिस ने घटना की वो सच्चाई बताई कि सबका दिमाग चकरा गया.
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, पहले तो लड़की का परिवार मामले में ज्यादा कुछ बताने से बचता रहा, लेकिन जैसे-जैसे पुलिस ने जांच शुरू की, यह साफ होने लगा कि यह कोई औचक घटना नहीं है. पुलिस की जांच में पता चला कि गायब लड़की का गांव के ही एक युवक से प्रेम संबंध था. वह उसके साथ जाना चाहती थी, लेकिन ऐसा क्या करे कि वह चली भी जाए और उसके परिवार वाले पीछे-पीछे उसे खोजते हुए न आएं. इसके लिए उसने एक जबर्दस्त प्लान बनाया.
लड़की ने जानबूझकर सांप की खाल को कपड़ों में लपेटकर अपने बिस्तर पर रख दिया ताकि लोगों को लगे कि वह नागिन बन गई है. घटना रहस्यमय लगेगी और लोग इसी में फंसे रहेंगे और उसके पीछे नहीं आएंगे. इतना सब करके वह चुपचाप अपने प्रेमी के साथ घर से निकल गई.
थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया,
ये पूरा मामला फिल्मी अंदाज में रचा गया था. लोगों को गुमराह करने के लिए लड़की ने जानबूझकर सांप की खाल छोड़ी थी. उसका मोबाइल सर्विलांस पर है और उसे तलाशने की कोशिश जारी है.
पुलिस जांच के बाद लड़की के परिवार ने उसकी गुमशुदगी की औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है. पुलिस ने बताया कि गांव में ये अफवाह फैल गई थी कि लड़की ‘नागिन’ बन गई है. लेकिन पुलिस की जांच के बाद ये अफवाह अब खत्म हो गई है. अब लड़की के वापस मिलने के बाद पूरे मामले की सच्चाई बताई जाएगी.
वीडियो: दुनियादारी: बांग्लादेश में चुनावी संग्राम के साथ रेफरेंडम क्यों? BNP-जमात में कौन आगे?





















