दिल्ली में AI Impact Summit के आखिरी दिन कुछ युवक एक हॉल में घुसे और टी-शर्ट उतारकर नारेबाजी करने लगे. ये लोग यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता बताए जा रहे हैं. इस पूरे ड्रामे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. इसमें प्रदर्शनकारी ‘PM is compromised’ के नारे लगा रहे हैं. भाजपा ने इसे 'राष्ट्रीय शर्म' करार दिया है.
India AI Summit में यूथ कांग्रेस का कपड़ा उतार प्रोटेस्ट, पीएम मोदी की फोटो वाली टी-शर्ट में पहुंचे थे
AI Impact Summit Protest: AI समिट के आखिरी दिन यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया. टी-शर्ट उतारकर पीएम मोदी के खिलाफ नारे लगाए. भाजपा ने इसे 'राष्ट्रीय शर्म' बताया.


आजतक से जुड़े अरविंद ओझा की रिपोर्ट के मुताबिक़, पुलिस ने बताया कि लगभग 10 लोग QR कोड स्कैन कर अंदर घुसे थे. सुरक्षाकर्मियों ने उनको वहां से बाहर निकाला. इनमें से 5 को हिरासत में लेकर तिलक मार्ग थाना ले जाया गया है.
वायरल वीडियो में दिखा कि प्रदर्शन कारी एक लाइन में खड़े हैं. फिर अपनी टी-शर्ट उतारकर हॉल में मार्च करते हुए नारे लगा रहे हैं. उनकी टी-शर्ट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर बनी हुई है. इंडियन यूथ कांग्रेस ने अपने X हैंडल से वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा,
भारत की विदेश नीति में झुकाव और उस पर कॉर्पोरेट दबाव साफ़ देखा जा सकता है. इसलिए ‘PM compromised’ के नारे लगाते हुए कुछ कार्यकर्ता भारत मंडपम पहुंचे हैं. देश की अस्मिता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा.
एक दूसरे पोस्ट में यूथ कांग्रेस ने लिखा,
जब देश के किसानों का सौदा किया जा रहा हो, भारत विरोधी समझौते साइन हो रहे हों, युवाओं को बेरोज़गार रखकर नफरत की राजनीति में झोंका जा रहा हो, तो क्या हम खामोश रहें? हम AI समिट के खिलाफ नहीं हैं. हम भारत के हितों के साथ हो रहे समझौते के खिलाफ हैं.
इस प्रदर्शन पर बीजेपी की तरफ से भी प्रतिक्रिया आई है. पार्टी के IT सेल प्रमुख अमित मालवीय ने इस घटना को 'राष्ट्रीय शर्म' बताया. उन्होंने X पर लिखा,
यह देश के लिए शर्म की बात है. एक ओर जहां भारत एक प्रतिष्ठित वैश्विक AI शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है, अपनी तकनीकी विचार और नेतृत्व का लोहा मनवा रहा है, वहीं कांग्रेस पार्टी ने गरिमा के बजाय विरोध प्रदर्शन चुना. कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कपड़े उतारकर हंगामा किया, जो स्पष्ट रूप से विश्व मंच पर भारत को शर्मिंदा करने के लिए डिज़ाइन किया गया था.
समिट 17 तारीख को शुरू हुआ था. इवेंट में दुनिया भर की टेक कंपनियों के सीईओ और कई देशों के प्रमुख ने शिरकत की. खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इवेंट का हिस्सा बनने भारत मंडपम पहुंचे थे. फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस, गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई और ओपनएआई के सीईओ सैम अल्टमैन भी इस समिट का हिस्सा बने.
वीडियो: AI Impact Summit 2026: सोशल मीडिया पर Sarvam AI की इतनी चर्चा क्यों?


















.jpg.webp?width=120)

