The Lallantop

कुत्ते ने नाखून मारा, रोने लगी तो दादा ने रेबीज का इंजेक्शन नहीं लगवाया, बच्ची की मौत हो गई

Mumbai 9 year old girl dies rabies: महाराष्ट्र के मुंबई में एक 9 साल की बच्ची की रेबीज से मौत हो गई. पांच महीने पहले बच्ची को एक कुत्ते का नाखून लग गया था. बताया गया कि बच्ची ने डर की वजह से इंजेक्शन लेने से मना कर दिया था.

Advertisement
post-main-image
डॉक्टर ने बताया कि बच्ची ने डर की वजह से इंजेक्शन नहीं लगवाया था. (फोटो-इंडिया टुडे)

मुंबई में एक 9 साल की बच्ची से रेबीज से मौत हो गई. पांच महीने पहले बच्ची को एक कुत्ते का नाखून लग गया था. बच्ची के दादा उसे डॉक्टर के पास लेकर गए लेकिन बच्ची इंजेक्शन लगवाने से डर रही थी. दादा उसे बिना टीका लगवाए ही वापस आ गए. पिछले हफ्ते बच्ची में रेबीज के लक्षण दिखने लगे थे और 22 मार्च को उसकी मौत हो गई. डॉक्टर बच्ची के संपर्क में आए परिवार और अन्य बच्चों की जांच कर रहे हैं. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

मृतक की पहचान कशिश साहनी के रूप में हुई है. वो ‘मदर मेरी’ स्कूल में चौथी कक्षा की छात्रा थी. इंडिया टुडे से जुड़े दिवयेश सिंह की रिपोर्ट के मुताबिक, कशिश साहनी नालासोपारा पश्चिम के श्रीप्रस्थ स्थित सुबोध सागर बिल्डिंग में अपने माता-पिता और दादा के साथ रहती थी. पांच महीने पहले वो दादा के साथ घर के पास कुत्तों को बिस्किट खिला रही थी. रिपोर्ट के मुताबिक, बिस्किट खिलाते समय एक कुत्ते का नाखून बच्ची को लग गया. जिसके बाद दादा उसे एक डॉक्टर के पास लेकर गए. लेकिन इंजेक्शन से डर से कशिश जोर-जोर से रोने लगी. 

बच्ची को रोता देख दादा उसे वापस घर ले आए. अगले दिन उसका घाव भी सूख गया, जिसे देख परिवार वालों को लगा कि ‘सब कुछ ठीक’ है लेकिन कुछ दिन पहले कशिश की तबीयत अचानक काफी बिगड़ गई. उसकी आंखें लाल हो गईं. परिवार के लोग उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर गए. बच्ची की हालत देखते हुए उसे मुंबई के कस्तूरबा अस्पताल में शिफ्ट किया गया. इलाज के दौरान 22 मार्च को उसकी मौत हो गई.

Advertisement

इस मामले पर वसई-विरार महानगरपालिका के स्वास्थ्य विभाग की चिकित्सा अधिकारी डॉ. भक्ति चौधरी ने बताया,

“बच्ची को कुत्ते का नाखून लग गया था. पर बच्ची डर गई कि उसे इंजेक्शन लेना पड़ेगा. कुछ ज्यादा नहीं हुआ है इसलिए उसने इंजेक्शन नहीं लगवाया. कुछ दिनों बाद उसमें लक्षण दिखने लगे. इलाज के दौरान बच्ची की मौत हो गई.”

डॉक्टर ने आगे बताया कि घटना के बारे में पता लगाने पर उनकी एक टीम मौके पर पहुंची, जिनके भी संपर्क में बच्ची थी, उन्हें एंटी-रेबीज का प्रिकॉशन डोज लगाया. उन्होंने ये भी कहा कि अगर बच्चे को कुत्ता काट ले या उसका नाखून लग जाए तो तुरंत उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाना जरूरी है.

Advertisement

वीडियो: ईरान जंग के बीच स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से फर्जी नामों से निकल रहे जहाज?

Advertisement