The Lallantop

घायलों की मदद के लिए गए थे लोग, अनियंत्रित कार ने मार दी टक्कर, 8 लोगों की मौत

Ambedkarnagar Road Accident: उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर में एक तेज रफ्तार कार ने 8 लोगों की जान ले ली. दो बाइक की टक्कर में दो लोग घायल हो गए थे. स्थानीय लोग उनकी मदद करने के लिए दौड़े थे, तभी एक गाड़ी ने उन्हें टक्कर मार दी. इस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई.

Advertisement
post-main-image
मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. (फोटो-इंडिया टुडे)

उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर में दो बाइकों की भिड़ंत दर्दनाक हादसे में बदल गई. बाइक की टक्कर के बाद वहां मौजूद लोग मदद के लिए आए थे, तभी एक अनियंत्रित कार ने उन्हें टक्कर मार दी. इस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई. 6 की मौत अस्पताल पहुंचने तक और 2 की इलाज के दौरान मौत हो गई. घटना के बाद कार ड्राइवर ने मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, जिसे लोगों ने पकड़ लिया. पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को अरेस्ट कर लिया है. उसकी पहचान 30 साल के विशाल विश्वकर्मा के रूप में हुई है. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

पुलिस ने बताया कि सोमवार (4 मई) को जलालपुर के अशरफपुर रास्ते पर भुआ गांव के पास दो बाइक सवारों की भिड़ंत हो गई थी. इंडिया टुडे से जुड़े कृष्णा कुमार पांडे की रिपोर्ट के मुताबिक, स्थानीय लोग उनकी मदद करने के लिए ही पहुंचे थे. तभी एक अनियंत्रित स्विफ्ट डिजायर ने उन्हें टक्कर मार दी. बेकाबू कार भी आगे जाकर गड्ढे में गिर गई.  

घटना की सूचना लोगों ने पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. जहां डॉक्टर्स ने 6 लोगों को मृत घोषित कर दिया. दो घायलों की कंडीशन काफी क्रिटिकल थी, इसलिए उन्हें टाटा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया. मगर इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया. 

Advertisement

अम्बेडकरनगर के अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी तेजवीर सिंह ने बताया,

“दो बाइक सवार सवारों की टक्कर हुई. घायलों की मदद के लिए पहुंचकर, कुछ लोग उन्हें अस्पताल पहुंचने की कोशिश कर रहे थे. तभी एक स्विफ्ट डियाजर गाड़ी ने उन्हें टक्कर मार दी. घटना में 8 लोगों की मौत हो गई है. सभी शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं.”

जैनापुर निवासी मायाराम के दो बेटे आदित्य (उम्र 24) और छोटू (उम्र 16) शादी में गए थे. लौटते वक्त दोनों टक्कर के बाद बाइक वालों की मदद के लिए रुके थे, तभी ये घटना हो गई. मृतकों के पिता मायाराम ने बताया कि

Advertisement

“दरोगा साहब फोन किए थे. उन्होंने कहा कि तुम्हारे बेटे का नाम आदित्य है? मैंने कहा हां.  तुम्हारे लड़के का एक्सीडेंट हो गया है. होश नहीं आ रहा है. जल्दी से आइए.  हमारे दो बेटे थे. और दोनों चले गए.”

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के बाद कार चालक ने मौके से भागने की कोशिश की थी. लेकिन गाड़ी सड़क से उतरकर किनारे पर बने एक गड्ढे में फंस गई. आरोपी कार छोड़कर फरार हो गया था, जिसे अब गिरफ्तार कर लिया गया है. उससे पूछताछ जारी है. पुलिस ने संबंधित मामले में केस दर्ज कर लिया है. 

वीडियो: ममता को हराने वाले सुवेंदु अधिकारी ने जीत के तुरंत बाद क्या कहा?

Advertisement