धूप देख ही रहे हैं आजकल कितनी तेज़ पड़ रही है. अब ऐसे में स्किन तो टैन होगी ही. सिर्फ चेहरा नहीं, हाथ और पैर भी टैन हो जाते हैं. गर्मियों में हर बार ही ऐसा होता है. लेकिन इस बार नहीं. हम आपको तीन ऐसे फेस पैक के बारे में बताएंगे. जिन्हें आप घर पर ही आसानी से बना सकते हैं. इनमें न तो कोई महंगी चीज़ पड़ेगी. न ही बनाने में कोई झंझट होगा. सबसे बेस्ट बात, ये DIY फेस पैक लगाने के 4 से 5 दिन के अंदर टैनिंग एकदम गायब हो जाएगी. तो जानिए डॉक्टर साहब से कि ये फैस पैक कैसे बनाने हैं, और कितनी देर के लिए लगाने हैं.
तेज धूप से स्किन टैन हो गई, घर में बने ये फेस पैक 4 दिन में ठीक कर देंगे
सबसे बेस्ट बात, ये DIY फेस पैक लगाने के 4 से 5 दिन के अंदर टैनिंग एकदम गायब हो जाएगी. तो जानिए डॉक्टर साहब से कि ये फैस पैक कैसे बनाने हैं, और कितनी देर के लिए लगाने हैं.


ये हमें बताया डॉक्टर रिंकी कपूर ने.

पहला फेस मास्क बनाना बहुत आसान है. ये घर में ही मौजूद चीज़ों से तैयार हो जाएगा. इसके लिए एक खीरा ले लीजिए. आप 1/4 या आधा खीरा इस्तेमाल कर सकते हैं. सबसे पहले खीरे को कद्दूकस कर लें. फिर इसे मिक्सर में डालकर अच्छी तरह पीस लें, ताकि ये बिल्कुल पतला हो जाए. अब इसमें थोड़ा-सा गुलाब जल और थोड़ा नींबू का रस डालें. लगभग 1/4 नींबू का रस काफ़ी होता है.
ये मास्क बहुत जल्दी बन जाता है और इसके सभी इनग्रीडिएंट्स स्किन के लिए फ़ायदेमंद हैं. खीरे में कैफ़िक एसिड और विटामिन-C होता है. ये दोनों स्किन का रंग हल्का करने में मदद करते हैं. नींबू में विटामिन C और एस्कॉर्बिक एसिड होता है, जो स्किन को ब्राइट बनाता है. वहीं, गुलाब जल स्किन को ठंडक देता है.
इस मास्क को तुरंत हाथों, चेहरे या पूरे शरीर पर लगा सकते हैं. इसे 15-20 मिनट तक लगाकर रखें, फिर साफ़ पानी से धो लें. ये मास्क आप रोज़ भी लगा सकते हैं, इससे कोई दिक्कत नहीं होती. इस मास्क से टैन धीरे-धीरे 4–5 दिनों में बिल्कुल खत्म हो सकता है. ये फेस मास्क एक्ने और पिंपल्स के लिए भी अच्छा है.

दूसरा फेस पैक
दूसरा फेस पैक भी बहुत आसानी से घर पर बनाया जा सकता है. इसके लिए ज़रूरी चीज़ें हैं दही और हल्दी. एक चुटकी हल्दी पाउडर लें, इसमें 2 चम्मच दही डालें. दोनों को अच्छी तरह मिलाकर एक स्मूद पेस्ट तैयार कर लें. अब इस पैक को तुरंत चेहरे पर लगा लें. ध्यान रखें कि दही ठंडा होना चाहिए. दही गर्म या फिर रूम टेम्परेचर पर न हो. दही में लैक्टिक एसिड होता है, जो एक हल्का एक्सफोलिएटर है (यानी डेड स्किन को हटाने वाला). साथ ही, इसमें ब्राइटनिंग इनग्रीडिएंट्स भी हैं. क्लीनिक में होने वाले पील्स और कई स्किन ट्रीटमेंट्स में भी लैक्टिक एसिड इस्तेमाल होता है. ये स्किन में चमक लाने के लिए अच्छा है.
वहीं, हल्दी में करक्यूमिन नाम का तत्व होता है. इससे स्किन साफ़ और निखरी हुई नज़र आती है. ये फेस पैक टैन रिमूवल के लिए बहुत अच्छा है.

तीसरा फेस पैक
तीसरा फेस पैक चावल के आटे से बनाया जाता है. चावल का आटा आजकल कई कोरियन स्किन केयर प्रोडक्ट्स में इस्तेमाल होता है. इस पैक को बनाने के लिए 2 चम्मच चावल का आटा लें. इसमें 1 चम्मच कच्चा दूध और थोड़ा-सा शहद डालें. इन सभी चीज़ों को मिलाकर एक गाढ़ा पेस्ट तैयार कर लें. इसे चेहरे, हाथों या शरीर के किसी भी हिस्से पर लगा सकते हैं. पेस्ट को 15–20 मिनट तक लगाकर रखें, फिर साफ़ पानी से धो लें.
चावल के आटे में फेरुलिक एसिड, फाइटिक एसिड और कोजिक एसिड होते हैं. ये सभी स्किन का रंग हल्का करने में मदद करते हैं. चावल का आटा स्किन को हल्का एक्सफोलिएट भी करता है. वहीं, शहद एक प्राकृतिक ह्यूमेक्टेंट है, यानी ये स्किन में नमी बनाए रखता है. शहद में एंटीबैक्टीरियल गुण भी होते हैं और ये स्किन को चमकदार बनाने में असरदार है. साथ ही, स्किन को रिलैक्स करता है. धूप की वजह से जली स्किन को ये ठंडक पहुंचाता है. वहीं, दूध में लैक्टिक एसिड होता है. जो स्किन को साफ़ करता है और उसमें निखार लाता है.

फेस पैक लगाते समय क्या ध्यान रखें?
ये तीन फेस पैक आप रोज़ लगा सकते हैं. हफ्ते में दो-तीन बार भी इस्तेमाल कर सकते हैं. ये इस बात पर निर्भर करता है कि आपका टैन कितना ज़्यादा है. ये सभी आसान घरेलू नुस्खे हैं, जिन्हें आप घर पर ट्राई कर सकते हैं. अगर इनसे आराम न मिले और टैन बहुत गहरा हो. जो लंबे समय तक धूप में रहने से हुआ हो, तो डॉक्टर से सलाह लें. ऐसे मामलों में कुछ स्किन ट्रीटमेंट्स भी उपलब्ध होते हैं, जिनसे स्किन को बेहतर किया जा सकता है.
एक और ज़रूरी बात का ध्यान रखें. इन DIY फेसपैक्स में मौजूद कुछ चीज़ों से एलर्जी हो सकती है, जैसे हल्दी या दूध. अगर आपको इन चीज़ों से एलर्जी है, तो ये फेसपैक इस्तेमाल न करें. अगर धूप की वजह से स्किन जल गई है यानी सनबर्न हुआ है. जिसमें स्किन लाल पड़ जाती है, डार्क हो जाती है, छिलने और जलने लगती है. तब ऐसे में ये फेस पैक्स इस्तेमाल न करें. इस कंडीशन में डॉक्टर को दिखाना ज़रूरी है.
आपके घर में जो भी चीज़ें मौजूद हों. उस हिसाब से इनमें से कोई एक फेस पैक कुछ दिनों तक ट्राई करिए. आपको टैनिंग कम होती दिखेगी.
(यहां बताई गई बातें, इलाज के तरीके और खुराक की जो सलाह दी जाती है, वो विशेषज्ञों के अनुभव पर आधारित है. किसी भी सलाह को अमल में लाने से पहले अपने डॉक्टर से ज़रूर पूछें. दी लल्लनटॉप आपको अपने आप दवाइयां लेने की सलाह नहीं देता.)
वीडियो: सेहत: हाई बीपी किडनी क्यों खराब करने लगता है?



















