दावा
24 जुलाई 2021 को भारतीय वेटलिफ्टर मीराबाई चानू ने ओलंपिक में महिला इवेंट्स के 49 किलोग्राम भार वर्ग में सिल्वर मेडल जीतकर इतिहास रचा. बीते दिनों वेटलिफ्टर सतीश सिवालिंगम ने अपने ट्विटर एकाउंट से एक वीडियो शेयर किया. वीडियो में एक छोटी बच्ची मीराबाई चानू के ओलिंपिक वेटलिफ्ट की नकल करती दिख रही है. बैकग्राउंड में मौजूद टीवी पर मीराबाई की ओलिंपिक लिफ्ट का वीडियो चल रहा है. मीराबाई ने भी इस ट्वीट पर अपनी प्रतिक्रिया दी. अब सोशल मीडिया पर ये दावा वायरल हो रहा है की सतीश सिवालिंगम ने जिस छोटी बच्ची का वीडियो शेयर किया है वो उन्हीं की बेटी है.
‘स्पोर्ट्स टाइगर' ने ट्वीट करते हुए कहा- दावा अंग्रेज़ी में है, हम हिंदी अनुवाद यहाँ लिख रहे हैं.
सतीश सिवालिंगम की बेटी ने टोक्यो 2020 में मीराबाई चानू की रजत पदक लिफ्ट को दोहराया.
ओलंपिक विजेता ने प्रतिक्रिया दी.
न्यूज़18 की वेबसाइट पर एक आर्टिकल में भी ऐसा ही दावा किया गया है.(
आर्काइव)
पड़ताल
दी लल्लनटॉप ने इस दावे की पड़ताल की. हमारी पड़ताल में ये दावा गलत निकला. दावे की जांच के लिए हमने सतीश सिवालिंगम का ट्विटर अकाउंट खंगाला. हमें 27 जुलाई का एक ट्वीट मिला, जिसमें उन्होंने वेटलिफ्टिंग करती छोटी बच्ची का वीडियो शेयर किया है. ट्वीट अंग्रेज़ी में है, हम हिंदी अनुवाद यहाँ लिख रहे हैं-
जूनियर मीराबाई चानू इसे कहते हैं प्रेरणा
साथ ही 27 जुलाई के तीन ट्वीट और मिले जिनमें उन्होंने ये स्पष्ट किया की शेयर किये गए वीडियो में दिख रही बच्ची उनकी बेटी नहीं है और ना कोई संबंध है. सतीश ने लिखा है कि ये वीडियो उन्हें सोशल मीडिया पर मिला था, जिसे उन्होंने युवा लड़कियों को वेटलिफ्टिंग खेल के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए शेयर किया था. जब सोशल मीडिया पर ये अफवाह उड़ी कि वो बच्ची उनकी बेटी है, तो उन्होंने सभी न्यूज़ वेबसाइट्स से अनुरोध किया कि गलत छपे ऑर्टिकल को हटा दें. साथ ही कहा कि वे उस बच्ची के उज्जवल भविष्य की कामना करते हैं.
हमें एक और ट्वीट मिला जिसमें रंजीत नाम के शख़्स ने बताया है कि वायरल वीडियो में दिख रही बच्ची उनकी बेटी है.
"जूनियर मीराबाई चानू" वीडियो में वेटलिफ्टिंग करती दिख रही छोटी बच्ची चेन्नई, तमिलनाडु की रहने वाली हद्विता है.
सथीश सिवालिंगम ने हद्विता से बात करते हुए एक वीडियो यूट्यूब पर शेयर किया है. इस वीडियो में हद्विता अपने माता-पिता के साथ नजर आ रहीं है.
नतीजा
‘द लल्लनटॉप’ की पड़ताल में वेटलिफ्टिंग करती बच्ची को वेटलिफ़्टर सतीश सिवालिंगम की बेटी बताता दावा भ्रामक निकला. ये छोटी बच्ची सथीश सिवालिंगम की बेटी नहीं, चेन्नई की रहने वाली हद्विता है. इस दावे का खंडन सथीश ने खुद ट्वीट करके किया है. सथीश ने ये वीडियो युवा लड़कियों को वेटलिफ्टिंग खेल के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए शेयर किया था.
पड़ताल की वॉट्सऐप हेल्पलाइन से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.
ट्विटर और फेसबुक पर फॉलो करने के लिए ट्विटर लिंक और फेसबुक लिंक पर क्लिक करें. (अनुष्का श्रीवास के इनपुट्स के साथ)