देसी रैप सीन के खुलने में Yo Yo Honey Singh का बड़ा रोल रहा है. एक टाइम ऐसा था, जब हर पिक्चर में उनका एक गाना तो होता ही था. चाहे वो फिल्म Akshay Kumar की हो, Salman Khan की हो, Shahrukh Khan की हो या Ajay Devgn की. और उस टाइम में यो यो ने जो भी गाना बनाया, वो चार्टबस्टर ही बना. शाहरुख और हनी सिंह ने पहली बार Chennai Express पर काम किया था. Lungi Dance गाना था. उसकी सफलता किसी से छुपी नहीं है. मगर हालिया इंटरव्यू में यो यो हनी सिंह ने बताया कि पहली बार में शाहरुख को ये गाना पसंद ही नहीं आया था.
शाहरुख को 'लुंगी डांस' पसंद नहीं था, यो यो हनी सिंह ने कहा- 'चाहिए तो ठीक वरना मैं सिंगल रिलीज़ कर दूंगा'
फाइनली शाहरुख खान ने 'चेन्नई एक्सप्रेस' में ये गाना रखा और उसकी तारीफ करते नहीं थके.


हालिया इंटरव्यू में यो यो हनी सिंह ने 'लुंगी डांस' के मेकिंग से जुड़ी कहानी बताई. उन्होंने राज शमानी से बात करते हुए कहा-
''शाहरुख खान ने 'अंग्रेज़ी बीट' सुनने के बाद मुझसे वैसा ही गाना बनाने को कहा. मैंने कहा, 'नहीं, आप मुझे अपनी फिल्म की वाइब बताइए.' उन्होंने तीन घंटे तक अपनी फिल्म की कहानी सुनाई. मैंने उनसे कहा कि उनके लिए मैं कुछ नया बनाऊंगा. और तभी वापस आऊंगा, जब वो गाना सुपरहिट हो जाएगा. मैंने 'लुंगी डांस' बनाया. उन्हें पसंद नहीं आया. मैंने कहा, 'चाहिए तो ठीक. नहीं चाहिए, तो मैं इसको सिंगल रिलीज़ कर दूंगा'.''
फाइनली शाहरुख ने वो गाना अपनी फिल्म में रखा. इस फिल्म की कहानी चेन्नई में सेट थी. जहां रजनीकांत सबसे बड़ा सुपरस्टार माने जाते हैं. शाहरुख इस गाने की मदद से रजनी को ट्रिब्यूट देना चाहते थे. जब पिक्चर रिलीज़ होने के बाद ब्लॉकबस्टर बन गई. 'लुंगी डांस' भयंकर पॉपुलर हो गया, तो शाहरुख ने एक इंटरव्यू में इसकी तारीफ की. उन्होंने कहा था-
''मुझे वो गाना रजनी सर के लिए बहुत सही लगा. हमारे ग्रेटेस्ट एक्टर का फैन होने के नाते मैं इसका हिस्सा बनना चाहता था. मेरी रिक्वेस्ट पर दीपिका भी खुशी-खुशी ये गाना करने को तैयार हो गईं. क्योंकि वो रजनी सर की बहुत बड़ी फैन है. मज़ेदार गाना है. खुशी वाला. एकदम रजनीकांत स्टाइल.''
'चेन्नई एक्सप्रेस' को रोहित शेट्टी ने डायरेक्ट किया था. ये फिल्म शाहरुख खान के करियर की सबसे कमाऊ फिल्म बनी थी. 33 करोड़ की ओपनिंग पाने वाली इस फिल्म का लाइफटाइम कलेक्शन 227 करोड़ रुपए रहा था. हालांकि उसके बाद शाहरुख के करियर का लीन फेज़ शुरू हो गया. मगर अब उन्होंने 'पठान' से धुआंधार कमबैक किया है. 'चेन्नई एक्सप्रेस' का रिकॉर्ड तोड़कर अब वो शाहरुख की सबसे कमाऊ पिक्चर बन गई है. सिर्फ शाहरुख नहीं, 'पठान' हिंदी सिनेमा इतिहास की वो पहली फिल्म है, जिसने देशभर से 500 करोड़ रुपए से ऊपर पैसे कमाए.
वीडियो: पठान के ब्लॉकबस्टर होने पर YRF से ज़्यादा पैसे शाहरुख खान ने कमा लिए हैं





















