Nawazuddin Siddiqui की फिल्म Jogira Sara Ra Ra 26 मई को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने वाली है. फिल्म के प्रोमोशन के सिलसिले में नवाज़ लगातार इंटरव्यूज़ दे रहे हैं. ऐसे ही एक हालिया इंटरव्यू में उन्होंने सलमान खान पर बात की. वो वाकया जब उन्होंने सलमान खान से पूछा कि एक स्टार और एक्टर में क्या फर्क होता है. सलमान खुद मान चुके हैं कि वो एक्टर नहीं हैं. बल्कि एक स्टार हैं. वहीं नवाज़ एक स्टार की जगह एक्टर कहलाना पसंद करते हैं.
जब नवाज़ ने सलमान खान से पूछा, "भाई, एक्टर और स्टार में क्या फर्क है?"
सलमान ने सुई का उदाहरण दिया और नवाज़ुद्दीन सिद्दीकी समझ गए कि स्टार क्या होता है.


नवाज़ ने
हम एक दरगाह में शूट कर रहे थे. भाई (सलमान) और मैं सीढ़ियों पर बैठे हुए थे. मैंने पूछा कि भाई, एक्टर और स्टार में क्या फर्क होता है. उन्होंने कहा कि देख अगर किसी एक्टर और स्टार को कोई काम दिया जाए तो वो कैसे करेगा. मान ले कि सुई में धागा डालना है. तो एक्टर फोकस कर के, पूरी ईमानदारी के साथ सुई में धागा डालेगा. लेकिन अगर स्टार या मुझे दिया जाए तो मैं सुई में धागा नहीं डालूंगा. मैं सिर्फ ये सोचूंगा कि सुई में धागा कौन डाल रहा है.
सलमान ने आगे कहा कि एक स्टार के लिए स्वैग बहुत अहम होता है. नवाज़ आगे कहते हैं कि हम स्टार्स को उनकी अदाओं की वजह से ही देखने जाते हैं. हम उनसे एक्टिंग की उम्मीद नहीं करते. नवाज़ ने कहा कि सलमान ने उनके लिए स्टार और एक्टर की परिभाषा बिल्कुल साफ कर दी. बता दें कि सलमान और नवाज़ुद्दीन सिद्दीकी ने सिर्फ ‘बजरंगी भाईजान’ में ही साथ काम नहीं किया. नवाज़ ने ‘किक’ में भी विलेन का किरदार निभाया था. नवाज़ ने बताया कि उन्होंने मनोज बाजपेयी के किरदार से प्रेरित होकर ‘किक’ वाली हंसी पर काम किया. डायरेक्टर साजिद नादियादवाला चाहते थे कि नवाज़ हंसी के साथ कुछ एक्सपेरिमेंट करें. नवाज़ बताते हैं कि उन्होंने दो चीज़ों को मिला दिया. पहला था उनका थिएटर वाला अनुभव और दूसरा ‘अक्स’ फिल्म से मनोज बाजपेयी के किरदार की हंसी. उनको मिलाकर फिर वो ‘किक’ वाली हंसी बनी. इनके अलावा नवाज़ ने सलमान के भाई सोहेल की फिल्म ‘फ्रीकी अली’ में भी काम किया था.
नवाज़ ने इंटरव्यू में बताया कि साल 2023 में उनकी छह फिल्में रिलीज़ होने वाली हैं. पहली थी ‘अफवाह’ जो 05 मई को रिलीज़ हो चुकी है. दूसरी ‘जोगीरा सारा रा रा’. उसके बाद ‘टिकू वेड्स शेरु’ और ‘हड्डी’ जैसी फिल्में भी रिलीज़ के लिए तैयार हैं.
वीडियो: कांतारा वाले एक्टर ऋषभ शेट्टी और साउथ सिनेमा के लिए नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने बड़ी बात बोल दी!















.webp?width=120)




