Shahrukh Khan अपनी बिटिया Suhana Khan के साथ एक फिल्म करने जा रहे हैं. इस फिल्म का नाम King बताया जा रहा है. पहले ऐसा माना जा रहा था कि ये फिल्म बाप-बेटी के रिश्तों पर आधारित होगी. मगर अब इसे एक्शन थ्रिलर बताया जा रहा है. लेटेस्ट खबर ये है कि शाहरुख और सुहाना जनवरी 2024 से इस फिल्म की शूटिंग शुरू करने जा रहे हैं. इस फिल्म से Pathaan के डायरेक्टर Siddharth Anand भी जुड़े हुए हैं.
'पठान' के बाद शाहरुख और सुहाना की फिल्म 'किंग' का एक्शन तैयार करेंगे सिद्धार्थ आनंद
Shahrukh Khan और Suhana Khan की ये फिल्म अलग तरह की एक्शन थ्रिलर बताई जा रही है, जिसमें ढेर सारे चेज़ सीक्वेंस रहने वाले हैं.


पिंकविला की रिपोर्ट के मुताबिक 'किंग' की शूटिंग जनवरी 2024 में चालू होगी. इस फिल्म को बिना ब्रेक के नॉन-स्टॉप शूट करने की तैयारी है. सिद्धार्थ आनंद इस फिल्म के प्रोड्यूसर हैं. साथ ही सिद्धार्थ और उनकी टीम इस फिल्म के सभी एक्शन सीक्वेंस को डिज़ाइन और शूट करेगी. क्योंकि फिलहाल सिद्धार्थ को इंडिया के सबसे तगड़े एक्शन डायरेक्टर के तौर पर देखा जा रहा है. शाहरुख खान के साथ उन्होंने 'पठान' बनाई. इसलिए दोनों अच्छा बॉन्ड शेयर करते हैं. इसलिए शाहरुख ने 'किंग' से भी सिद्धार्थ को जोड़ने का फैसला किया.
शाहरुख और सुहाना स्टारर इस फिल्म के प्री-प्रोडक्शन का काम जारी है. स्क्रिप्ट को भी फाइनल टच दिया जा चुका है. बस शूटिंग शुरू होने की देरी है. बताया जा रहा है कि ये शाहरुख की पिछली फिल्मों 'पठान' और 'जवान' से काफी अलग तरह की फिल्म होगी. ढेर सारे चेज़ सीक्वेंस से लैस इस कहानी में कई सारे ट्विस्ट और टर्न देखने को मिलेंगे. हालांकि फिल्म का प्लॉट इमोशनल है.
फिल्म के थ्रिलर वाले गुण को देखते हुए 'किंग' को डायरेक्ट करने के लिए सुजॉय घोष को चुना गया है. सुजॉय इससे पहले 'झनकार बीट्स' और 'कहानी' जैसी फिल्में बना चुके हैं. शाहरुख खान के प्रोडक्शन मे बनी 'बदला' भी उन्होंने ही डायरेक्ट की थी. उनकी पिछली फिल्म थी करीना कपूर स्टारर 'जाने जां', जिसे नेटफ्लिक्स पर रिलीज़ किया गया.
'किंग' की शूटिंग 2024 की पहली तिमाही में निपटाने की तैयारी है. क्योंकि इसके बाद शाहरुख खान 'टाइगर वर्सज़ पठान' पर जुटेंगे. 'किंग' को दिवाली 2024 पर रिलीज़ करने की तैयारी है. फिलहाल शाहरुख खान अपनी फिल्म 'डंकी' की रिलीज़ का इंतज़ार कर रहे हैं, जो कि 21 दिसंबर को सिनेमाघरों में लगने वाली है. वहीं सुहाना की पहली फिल्म 'द आर्चीज़' 7 दिसंबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज़ हो रही है.






















