The Lallantop

क्या 'भूल भुलैया 3' से डरकर 'सिंघम अगेन' खिसकने वाली है?

खबर है कि Singham Again पोस्टपोन हो सकती है और इसका Stree 2 से भी कनेक्शन है.

Advertisement
post-main-image
'सिंघम अगेन' और 'भूल भुलैया 3' 01 नवंबर को रिलीज़ होने वाली हैं.

Bhool Bhulaiyaa 3 और Singham Again 01 नवंबर को एक साथ रिलीज़ होने जा रही हैं. बीते कुछ समय से खबरें चल रही हैं कि इनमें से एक फिल्म पोस्टपोन हो सकती है. ‘भूल भुलैया 3’ के मेकर्स ने साफ कर दिया था कि वो तय डेट पर ही आएंगे. हालांकि बॉलीवुड हंगामा की एक हालिया रिपोर्ट के मुताबिक ‘सिंघम अगेन’ को पोस्टपोन किया जा सकता है. मेकर्स फिल्म को 15 नवंबर को रिलीज़ कर सकते हैं. इस बारे में सोर्स ने बताया,      

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

‘स्त्री 2’ की रिलीज़ के बाद हॉरर कॉमेडी फिल्मों को पसंद किया जा रहा है. ऐसे में ‘भूल भुलैया 3’ को हल्के में नहीं लिया जा सकता. ‘सिंघम अगेन’ की टीम 01 नवंबर को क्लैश करने की जगज 15 नवंबर को सोलो रिलीज़ करने के बारे में सोच रही है.

सोर्स ने आगे जोड़ा,

Advertisement

‘सिंघम अगेन’ एक बड़े बजट की फिल्म है और मेकर्स अंतिम फैसला लेने से पहले सारे पहलू ध्यान में रखकर चलना चाहते हैं. इस पर विचार चल रहा है कि 01 नवंबर या 15 नवंबर की रिलीज़ पर क्या नुकसान और फायदे होने वाले हैं. अगले 24 घंटे में फैसला कर लिया जाएगा. लेकिन ये सच है कि ‘भूल भुलैया 3’ से फिल्म को कॉम्पीटिशन मिलेगा क्योंकि इस समय हॉरर कॉमेडी फिल्मों का चलन है. अगर राजकुमार राव और श्रद्धा कपूर की फिल्म ‘स्त्री 2’ 600 करोड़ रुपये कमा सकती है तो ‘भूल भुलैया’ उससे भी बड़ी फ्रैंचाइज़ है, उसके लिए आसमान ही सीमा है. 

कुछ दिन पहले ‘भूल भुलैया 3’ के डायरेक्टर अनीस बज़्मी ने मिड-डे से बात की थी. वहां उनसे पूछा गया कि क्या वो अजय देवगन से ‘सिंघम अगेन’ खिसकाने के लिए कहेंगे. उनका जवाब था,  

मैं अजय देवगन से बात क्यों करूं. ये प्रोड्यूसर्स के बीच लिया गया एक व्यापारिक फैसला है और मैं तो सिर्फ एक डायरेक्टर हूं. 'सिंघम अगेन' की टीम चाहते है कि वो दिवाली पर ही अपनी फिल्म रिलीज़ करें. क्लैश कभी भी सही आइडिया नहीं होता. मैं जानता हूं कि हमने 'भूल भुलैया 3' की रिलीज़ डेट एक साल पहले अनाउंस कर दी थी. लेकिन अब हम कर भी क्या सकते हैं. मैं हमेशा से यही मानता हूं कि एक अच्छी फिल्म किसी खास तारीख की मोहताज नहीं होती. बॉक्स ऑफिस के आंकड़े और रिलीज़ डेट के चक्कर में उलझने वाला मैं आखिरी इंसान हूं. इसका हिसाब प्रोड्यूसर और डिस्ट्रिब्यूटर करते हैं.

मुझे बिज़नेस का कोई ज्ञान नहीं है. स्कूल में मैं गणित में कमज़ोर था और फिल्म बनाते वक्त भी मुझे कभी बॉक्स ऑफिस कलेक्शन समझ में नहीं आए. मैं एक क्रिएटिव इंसान हूं. मैं बस एक अच्छी फिल्म बनाना चाहता हूं जो लोगों का मनोरंजन करे और साथ में पैसा भी कमा ले.

Advertisement

अनीस ने आगे कहा था,

दोनों फिल्में अच्छी लग रही है. दोनों ही बॉक्स ऑफिस पर अच्छा परफॉर्म कर सकती है. अजय, अक्षय और रोहित मेरे करीबी दोस्त हैं. वो जानते हैं कि अनीस भाई कभी भी उन्हें फोन कर के रिलीज़ डेट बदलने को नहीं कहेंगे. मैंने कभी ऐसा नहीं किया. हर फिल्म की अपनी तकदीर होती है.     

बता दें कि ‘सिंघम अगेन’ में अजय देवगन के साथ अक्षय कुमार, दीपिका पादुकोण, रणवीर सिंह, टाइगर श्रॉफ और अर्जुन कपूर जैसे एक्टर्स नज़र आएंगे. वहीं ‘भूल भुलैया 3’ की कास्ट में कार्तिक आर्यन, माधुरी दीक्षित, विद्या बालन और तृप्ति डिमरी जैसे नाम हैं. 
 

वीडियो: 'भूल भुलैया 3' और 'सिंघम अगेन' के क्लेश पर क्या बोले अनीस बज़्मी

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स
Advertisement