RRR के गाने Naatu Naatu ने बेस्ट ओरिजिनल सॉन्ग कैटेगरी में Golden Globes अवॉर्ड जीत लिया है. ऐसा करने के दौरान MM Keeravani के इस गाने ने Rihanna, Taylor Swift और Lady Gaga जैसी वर्ल्ड फेमस सिंगर्स को पीछे छोड़ दिया. अब सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है. इसमें रिहाना RRR की टीम को गोल्डन ग्लोब्स अवॉर्ड जीतने के लिए बधाई देती नज़र आ रही हैं.
'नाटु नाटु' से हारने के बाद रिहाना का RRR टीम को बधाई देने का वीडियो भयंकर वायरल
लोग तारीफ कर रहे हैं कि रिहाना RRR से हारने के बावजूद बड़ी ग्रेसफुल रहीं. ये वही रिहाना हैं, जिन्होंने किसान आंदोलन के दौरान ट्वीट कर हंगामा मचाया था.


बेस्ट ओरिजिनल सॉन्ग कैटेगरी में एम.एम. कीरवानी की 'नाटु नाटु' के साथ
* रिहाना का गाना 'लिफ्ट मी अप' भी नॉमिनेट किया गया था. रिहाना ने 'ब्लैक पैंथर- वकांडा फॉरेवर' के लिए ये गाना रायन कूगलर, लुडविग गोरैन्सन और टेम्स के साथ मिलकर गाया था.
* टेलर स्विफ्ट का गाना 'कैरोलिना' भी बेस्ट ओरिजिनल सॉन्ग कैटेगरी में नॉमिनेटेड था. टेलर ने ये गाना 'वेयर द क्रॉडैड्स सिंग' (Where the Crawdads Sing) नाम की फिल्म के लिए बनाया था.
* इसी कैटेगरी में लेडी गागा के गाने 'होल्ड माय हैंड' को भी नामांकन मिला था. लेडी गागा ने ये गाना टॉम क्रूज़ स्टारर फिल्म 'टॉप गन- मैवरिक' के लिए ब्लडपॉप और बेंजामिन राइस के साथ मिलकर बनाया था.
इन सब वर्ल्ड फेमस गवैयों को पछाड़ते हुए ये अवॉर्ड एम.एम. कीरवानी ने जीता. कीरवानी ने ये गाना काल भैरव और राहुल सिप्लिगंज के साथ मिलकर बनाया था.
अब गोल्डन ग्लोब्स अवॉर्ड सेरेमनी के दौरान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर चक्कर काट रहा है. इसमें दिख रहा है कि रिहाना 'बेस्ट ओरिजिनल सॉन्ग' कैटेगरी में अवॉर्ड की घोषणा के बाद अपने पार्टनर A$AP रॉकी के साथ उस हॉल से बाहर जा रही हैं. उसी वक्त उन्हें वहां वो टेबल नज़र आती है, जिस पर RRR की पूरी टीम बैठी हुई है. वो रुकती हैं और RRR की टीम को 'कॉन्ग्रैट्स गाइज़' जैसा कुछ कहती नज़र आती हैं. रिहाना का ये वीडियो दो अलग-अलग एंगल से वायरल हो रहा है. मगर दोनों में से किसी में भी उनकी आवाज़ साफ नहीं सुनाई आ रही है. मगर लिप रीडिंग से वो कॉन्ग्रैट्स गाइज़ जैसा कुछ लग रहा है.
लोग तारीफ कर रहे हैं कि रिहाना RRR से हारने के बावजूद बड़ी ग्रेसफुल रहीं. और 'नाटु नाटु' की टीम को आगे बढ़कर बधाई दी. कुछ जर्नलिस्ट लोग इस गोल्डन ग्लोब्स अवॉर्ड को कवर करने के लिए मौक पर मौजूद थे. उनका कहना था कि वहां जितने भी लोग बैठे थे, सबको ये लग रहा था कि बेस्ट सॉन्ग का अवॉर्ड टेलर स्विफ्ट या रिहाना को मिलेगा. मगर जैसे 'नाटु नाटु' के अवॉर्ड जीतने की घोषणा हुई, पूरे हॉल में सन्नाटा पसर गया. क्योंकि किसी को ऐसा होने की उम्मीद नहीं थी.
रिहाना के गाने तो चलते रहते हैं. मगर पिछली बार वो इंडिया में किसान आंदोलन के दौरान चर्चा में आई थीं. उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर दिल्ली में चल रहे किसान आंदोलन से जुड़ी खबर का लिंक शेयर किया था. साथ में लिखा-
''हम लोग इस बारे में क्यों बात नहीं कर रहे? #FarmersProtest''
कुछ लोगों ने रिहाना को इसके लिए खूब ट्रोल भी किया. कहा गया कि वो टूल किट गिरोह की सदस्य हैं. मगर किसान आंदोलन का समर्थन कर रहे लोग उनके साथ खड़े हुए. सिंगर दिलजीत दोसांझ ने तुरंत इस ट्रोलिंग और किसान आंदोलन को समर्थन देने पर रिहाना के लिए गाना बना डाला था.






















